Sonipat News: हरियाणा को मिले 8 लेन एनएच पर बने 11 फ्लाइओवर, चंडीगढ़ जाना होगा आसान  

Sonipat Latest News: सोनीपत में अयोजित भारत गौरव रैली में पहुंचे केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी ने किया लोकार्पण। नरवाना से रोहतक रोड तक बाईपास और एक मिनी बाईपास मंजूर।
 
Sonipat News: हरियाणा को मिले 8 लेन एनएच पर बने 11 फ्लाइओवर, चंडीगढ़ जाना होगा आसान  

Haryana News Post, सोनीपत: केंद्र सरकार ने हरियाणावासियों को दिल्ली से पानीपत तक आठ लेन राष्ट्रीय राजमार्ग पर बने 11 फ्लाइओवरों की सौगात दी है।

केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी ने 890 करोड़ से बने इन 11 फ्लाईओवरों का  मंगलवार को लोकार्पण किया।

इस दौरान हरियाणा के मुख्यमंत्री मनोहर लाल, उप मुख्यमंत्री दुष्यंत चौटाला और सोनीपत से सांसद रमेश चंद्र कौशिक भी मौजूद रहे।

गडकरी ने सोनीपत स्थित नई अनाज मंडी से आयोजित भारत गौरव रैली को भी संबोधित किया। उन्होंने सांसद रमेश कौशिक की तारीफ की।

केंद्रीय मंत्री ने रैली में मौजूद लोगों से कहा कि दिल्ली से पानीपत तक आठ लेन नेशनल हाईवे 44 फ्लाईओवर का जब निर्माण कार्य शुरू हुआ तो पहले तो इसमें कांट्रेक्टर फेल हो गया और उसके बाद किसान आंदोलन के चलते आप लोगों को काफी तकलीफ हुई, लेकिन मैं आज रमेश कौशिक को धन्यवाद दूंगा कि उन्होंने लगातार पीछा किया और इसका निर्माण कार्य पूरा करवाया।

गडकरी ने कहा कि ये हाईवे चंडीगढ़ तक जाने में आपको अच्छी सेवा देगा। उन्होंने यह भी कहा कि एयरपोर्ट जाने के लिए हम नया रोड बना रहे है, जिसके बाद एयरपोर्ट तक 45 मिनट में पहुंचा जा सकेगा।

गडकरी ने नरवाना से रोहतक रोड तक बाईपास और एक मिनी बाईपास को भी अपनी मंजूरी दी। उन्होंने कहा कि स्थानीय विधायक मिड्ढा ने जींद विधानसभा में नरवाना से रोहतक रोड तक बाईपास और एक मिनी बाइपास की मांग रखी थी, जिसे मंजूर कर लिया गया है।

केंद्रीय मंत्री ने कांग्रेस पर हमला बोलते हुए कहा कि विपक्षी पार्टी ने 60 साल में गरीबी हटाओ का नारा दिया, लेकिन गरीबी केवल कांग्रेस के नेताओं की हटी है।

कांग्रेस के राज में केवल 3-डी की चलती थी : मनोहर लाल

मुख्यमंत्री मनोहर लाल ने भी रैली को संबोधित किया। उन्होंने गडकरी की जमकर तारीफ करते हुए कहा कि हमारी अपेक्षा रहती है कि आप जब भी हरियाणा में आएंगे तो हमें कुछ नया देंगे।

सीएम ने कहा कि हरियाणा का हर जिला नेशनल हाईवे से जुड़ा है। नितिन गडकरी निवेश कराने में बहुत आगे हैं।

मनोहर लाल ने कांग्रेस पर जमकर निशाना साधा, उन्होंने कहा, हमनें 3-डी (दरबारी, डीलर व दामाद) पर प्रहार किया है। सीएम ने दावा किया कि पूर्व की सरकार में 3-डी की चलती थी।