1. Home
  2. Cricket
  3. IPL 2025

IPL 2023: आईपीएल 2023 में ये युवा खिलाड़ी मचा सकते हैं धमाल

IPL 2023: आईपीएल 2023 में ये युवा खिलाड़ी मचा सकते हैं धमाल

Indian Premier League: इंडियन प्रीमियर लीग के 16वें सीजन का आगाज 31 मार्च से होने जा रहा है। टूर्नामेंट का शुरुआती मुकाबला चेन्नई सुपर किंग्स और गुजरात टाइटन्स के बीच खेला गया। इस बार के आईपीएल सीजन में कुछ उभरते सितारों पर दुनिया भर के क्रिकेट फैन्स की निगाहें होंगी। ये ऐसे प्लेयर हैं जिन्हें 'फ्यूचर ऑफ टी20 क्रिकेट' कहा जा रहा है।

IPL 2023: आईपीएल 2023 का 16वां सीजन आज से शुरू होने जा रहा है। पहला मैच गुजरात टाइटंस और चेन्नई सुपर किंग्स के बीच खेला जाएगा। 52 दिनों तक चलने इस लीग में कई खिलाड़ी अपना जलवा बिखेरने को तैयार हैं।

वैसे तो इस सीजन में सभी खिलाड़ियों के प्रदर्शन पर तो सभी का ध्यान रहेगा। लेकिन कुछ उभरते और नए खिलाड़ियों पर भी दुनियाभर के क्रिकेट फैन्स की निगाहें टिकी हुई हैं। क्योंकि उन्हें 'फ्यूचर ऑफ़ टी-20 क्रिकेट' कहा जा रहा है। तो चलिए जानेंगे ऐसे खिलाड़ियों के बारे में।  

(चेन्नई सुपर किंग्स) ऋतुराज गायकवाड़ 

आईपीएल 2021 के ऑरेंज कैप विनर ऋतुराज गायकवाड़ ने पिछले सीजन में भी अपने बल्ले से जौहर दिखाया था। और 26.29 के एवरेज से कुल 368 रन बनाए थे। ऋतुराज गायकवाड़ ने घरेलू क्रिकेट में महाराष्ट्र के लिए अच्छा प्रदर्शन किया है।

विजय हजारे ट्रॉफी में उत्तर प्रदेश के खिलाफ मुकाबले में ऋतुराज ने एक ओवर में सात छक्के लगाए थे। चेन्नई सुपर किंग्स को आईपीएल 2023 में ऋतुराज से इसी तरह के धमाकेदार प्रदर्शन की उम्मीद होगी।

(गुजरात टाइटन्स) साई सुदर्शन

साई सुदर्शन की काबिलियत का अंदाजा तो इस बात से लगाया जा सकता है कि उन्हें आईपीएल से ज्यादा रकम तमिलनाडु प्रीमियर लीग के ऑक्शन में मिली है। सुदर्शन की आईपीएल सैलरी 20 लाख रुपये है।

जबकि टीएनपीएल ऑक्शन में उन्हें 21.60 लाख रुपये मिले। बाएं हाथ के बल्लेबाज सुदर्शन ने गुजरात टाइटंस के लिए पिछले सीजन में 5 मुकाबले खेलकर 145 रन बनाए थे। अबकी बार हार्दिक पंड्या की कप्तानी वाली टीम उन्हें ज्यादा मुकाबले में चांस दे सकती हैं।

(कोलकाता नाइट राइडर्स) नारायण जगदीशन 

तमिलनाडु के विकेटकीपर बल्लेबाज नारायण जगदीशन आईपीएल के अंडर रेटेड खिलाड़ी में से एक हैं। जगदीशन को आईपीएल 2023 की नीलामी में कोलकाता नाइट राइडर्स ने 90 लाख रुपये में खरीदा। नारायण जगदीशन के वेकटेंश अय्यर के साथ ओपनिंग करते नजर आ सकते हैं।  

साल 2022 में जगदीशन चेन्नई सुपर किंग्स का हिस्सा थे। लेकिन उन्हें सिर्फ दो मुकाबलों में खेलने का मौका मिला। 27 साल के एन. जगदीशन फॉर्म में चल रहे हैं। उन्होंने विजय हजारे ट्रॉफी के पिछले सीजन में लगातार पांच शतक जड़कर सुर्खियां बटोरीं थी। 

(पंजाब किंग्स) अर्शदीप सिंह 

पंजाब किंग्स को अर्शदीप सिंह से आईपीएल 2023 में अच्छे प्रदर्शन की उम्मीद है। क्योंकि बाएं हाथ के फास्ट बॉलर अर्शदीप सिंह ने अब तक शानदार प्रदर्शन किया है, और वह साल 2022 में टी-20 इंटरनेशनल में भुवनेश्वर कुमार के बाद सबसे ज्यादा विकेट लेने वाले भारतीय गेंदबाज रहे थे।

बढ़िया प्रदर्शन के चलते अर्शदीप सिंह को हाल ही में बीसीसीआई की ओर से जारी कॉन्ट्रैक्ट लिस्ट में जगह मिली थी। अर्शदीप पावरप्ले के साथ-साथ डेथ ओवर्स में यॉर्कर डालने में माहिर हैं।

(दिल्ली कैपिटल्स) मुकेश कुमार 

बता दें धुंआधार गेंदबाजी करने वाले मुकेश कुमार पहली बार आईपीएल खेलेंगे। आईपीएल 2023 की नीलामी में दिल्ली कैपिटल्स ने मुकेश कुमार को 5.50 करोड़ रुपये में खरीदा था। मुकेश कुमार का बेस प्राइस 20 लाख रुपये था,

यानी उन्हें 27 गुणा ज्यादा रकम मिली। मुकेश अच्छी लेंथ से बाॉलिंग करने में माहिर हैं और डेथ ओवर्स में काफी कारगर होते हैं। मुकेश कुमार भारतीय टीम का हिस्सा रह चुके हैं, लेकिन उनका इंटरनेशनल डेब्यू अब तक नहीं हुआ है।

(सनराइजर्स हैदराबाद) उमरान मलिक 

भारतीय टीम के धांसू फास्ट बॉलर उमरान मलिक अब किसी परिचय के मोहताज नहीं हैं। उमरान मलिक ने पिछले सीजन के दौरान पेस और बाउंस से विपक्षी बल्लेबाजों के होश उड़ा दिए थे।

आईपीएल 2023 में सनराइजर्स हैदराबाद को उमरान मलिक से दमदार प्रदर्शन करने की उम्मीद है। जम्मू-कश्मीर के इस तेज गेंदबाज ने पिछले सीजन में सनराइजर्स हैदराबाद के लिए सबसे ज्यादा 22 विकेट निकाले थे।

(सनराइजर्स हैदराबाद) हैरी ब्रूक 

इंग्लिश क्रिकेटर हैरी ब्रूक पर आईपीएल 2023 की नीलामी में सनराइजर्स हैदराबाद  ने 13.25 करोड़ रुपये खर्च किए। ऑक्शन से पहले शायद ही किसी को उम्मीद होगी कि ब्रूक को इतनी कीमत मिलेगी।

दाएं हाथ के बल्लेबाज हैरी ब्रूक इंटरनेशनल क्रिकेट में शानदार प्रदर्शन करके बता दिया है कि उनपर इतना खर्च करना बनता था। हैरी ब्रूक ने टेस्ट क्रिकेट में तूफानी अंदाज दिखाया है और वह लगभग 99 के स्ट्राइक रेट से 809 रन बना चुके हैं।

(मुंबई इंडियंस) तिलक वर्मा 

तिलक वर्मा ने आईपीएल के अपने डेब्यू सीजन में लाजवाब खेल दिखाया था। तिलक ने आईपीएल 2022 में मुंबई इंडियंस के लिए 14 मुकाबलों में 36.09 की औसत से 397 रन बनाए।

बाएं हाथ के बैटर तिलक ने आईपीएल के बाद घरेलू क्रिकेट में शानदार खेल दिखाया है और इस आईपीएल सीजन में कोहराम मचाना चाहेंगे। क्रिकेट विशेषज्ञ तिलक वर्मा को टीम इंडिया का 'भविष्य स्टार' बता रहे हैं।

(मुंबई इंडियंस) कैमरन ग्रीन 

आईपीएल 2023 की नीलाम में ग्रीन को खरीदने के लिए मुंबई इंडियंस ने 17.50 करोड़ रुपये खर्च किए थे। ऑक्शन में कहर मचाने के बाद कैमरन ग्रीन मुंबई इंडियंस के लिए मैदान पर भी धमाल मचाने जा रहे हैं।

ऑस्ट्रेलिया के लिए इंटरनेशल क्रिकेट खेलने वाले कैमरन ग्रीन गेंद और बल्ले से मैच पलटने में माहिर हैं। भारत के खिलाफ हालिया बॉर्डर गावस्कर ट्रॉफी में भी कैमरन ग्रीन ने इस बात को साबित किया था। ग्रीन इस सीजन में मुंबई के लिए बतौर बल्लेबाज टिम डेविड के साथ मिलकर फिनिशर का रोल निभा सकते हैं। 

(गुजरात टाइटंस) जोश लिटिल 

आयरलैंड के तेज गेंदबाज जोश लिटिल पर भी फैन्स की निगाहें रहने वाली हैं। हार्दिक पंड्या की कप्तानी वाली गुजरात टाइटंस को इस खिलाड़ी से काफी उम्मीदें हैं।

आईपीएल 2023 की नीलामी में 23 साल के जोश लिटिल को गुजरात टीम ने 4 करोड़ 40 लाख रुपये में खरीदा था। बता दें कि टी-20 वर्ल्ड कप 2022 में लिटिल ने न्यूजीलैंड के खिलाफ यादगार हैट्रिक ली थी।


देश दुनिया के साथ ही अपने शहर की ताजा खबरें पाने के लिए अब आप HaryanaNewsPost के Google News पेज और Twitter पेज से जुड़ें और फॉलो करें।
whtsapp-img