Khaleel Ahmed Success Story: काफी संघर्षों के बाद भारतीय टीम में जगह बना पाया दिल्ली कैपिटल्स का ये खिलाड़ी

Success Story of Khaleel Ahmed: खलील अहमद का पूरा नाम खलील खुर्शीद अहमद है। खलील का जन्म भारत के राजस्थान के टोंक जिले में 5 दिसंबर 1997 को हुआ था। उनके पिता खुर्शीद आलम पेशे से एक कंपाउंडर हैं और माताजी एक ग्रहणी हैं। खलील की तीन बहनें हैं। खलील के पिता चाहते थे वह पढ़ लिखकर कर एक डॉक्टर बने। परंतु खलील को तो हर समय केवल क्रिकेट ही दिखाई देता था।
इस कारण बिना बताए क्रिकेट खेलने निकल जाते थे। जब वह क्रिकेट खेल कर घर वापस आते तो उन्हें डांट का सामना करना पड़ता था और कभी-कभी उनकी पिटाई भी हो जाती थी। Khaleel Ahmad अपने परिवार के इकलौते बेटे हैं जिस कारण जब उनके पिता नौकरी पर चले जाते तो उन्हें घर के बहुत सारे काम करने होते थे। परंतु वह क्रिकेट खेलने की धुन में इतने मग्न हो जाते थे कि घर के कामों को नहीं करते थे जिस कारण खूब पिटाई होती थी।
खलील अहमद की शिक्षा
खलील अहमद (Khaleel Ahmed) का पढ़ाई में बहुत ज्यादा मन नहीं लगता था। इसके बावजूद भी उन्होंने अपनी प्रारंभिक शिक्षा प्राप्त करने के बाद उदयपुर के जनार्दन राय नगर राजस्थान विद्यापीठ विश्वविद्यालय में दाखिला लिया और यहां से अपनी स्नातक की शिक्षा प्राप्त की।
जब ज्वॉइन की अकादमी
खलील के लिए क्रिकेटर बनना आसान नहीं था। एक तरफ उनका सपना, दूसरी तरफ परिवार का उनके सपने के खिलाफ होना खलील के लिए मुश्किल का सबब था। बहरहाल, खलील ने अपने माता-पिता को बिना बताए ही क्रिकेट अकादमी भी ज्वाइन कर ली। वह पिताजी से चोरी-छिपे साइकिल किराये पर लेकर अकादमी जाते रहे। जहां वो खूब जमकर अभ्यास करते थे। उनके कोच इम्तियाज अहमद उनकी तेज रफ़्तार गेंद से बहुत प्रभावित थे।
उन्होंने Khaleel Ahmed के खेल को निखारने में काफी मदद की। यही नहीं कोच इम्तियाज ने ही काफी जतन करने के बाद उनके पिता खुर्शीद को को भी मनाया। उन्हें समझाया कि खलील के अंदर बहुत काबलियत है। वे क्रिकेट में अच्छा कर सकता है। इसके बाद खलील को परिवार का भी साथ मिला।
घरेलू मैचों में की घातक गेंदबाजी के बाद सुर्खियों में आए
सबसे पहली बार खलील अंडर-14 का ट्रायल देने गए। जहां उनकी तेज रफ़्तार गेंदबाजी ने सिलेक्टरों को प्रभावित किया। खलील बताते हैं कि महज दो गेंद फेंकने के बाद ही उनका अंडर-14 में चयन हो गया। जहां खलील ने डूंगरपुर ट्राफी में शानदार गेंदबाजी की। उन्होंने 4 मैच में 23 विकेट हासिल किए थे। उनके इस प्रदर्शन की वजह से अंडर-16 में उनका सिलेक्शन हो गया।
यहां भी खलील ने अपनी तेज रफ़्तार गेंद से बल्लेबाजों को खूब परेशान किया। उनकी मेहनत और प्रदर्शन की वजह से उन्हें पंजाब के मोहाली में बीसीसीआई विशेषज्ञ अकादमी की तरफ से खेलने का मौका मिला। फिर साल 2015 में खलील को राजस्थान की अंडर-19 टीम में जगह मिली।
अंडर-19 में कहर बरपाया
खलील ने अंडर-19 में अच्छा प्रदर्शन किया, जहां अंडर-19 भारतीय टीम के कोच राहुल द्रविड़ की नजर उन पर पड़ी। उन्हें अंडर-19 विश्वकप 2016 के लिए भारतीय टीम में जगह मिली। अंडर-19 विश्वकप में भारत का नेतृत्व करते हुए खलील ने शानदार गेंदबाजी से सिलेक्टरों को निराश नहीं किया। उन्होंने 4 मैचों में 12 विकेट हासिल किए थे। इस दौरान भारतीय टीम उपविजेता बनी थी। जिसमें तेज गेंदबाज खलील अहमद का महत्वपूर्ण योगदान था।
इसी साल 2016 में आईपीएल की दिल्ली डेयरडेविल्स टीम ने उन्हें 10 लाख रुपए देकर अपनी टीम में शामिल किया। लेकिन उन्हें इस सीजन कोई भी मैच में खेलने का मौका नहीं मिला। साल 2017 में राजस्थान की रणजी टीम में शामिल किया गया। उन्होंने जयपुर में जम्मू कश्मीर के खिलाफ अपना पहला रणजी मैच खेला।
2018 में एशिया कप के लिए भारतीय टीम में सिलेक्ट हुए
साल 2018 में भारत के लिए खेलने को लेकर खलील का सपना पूरा हुआ। उनको एशिया कप के लिए भारतीय टीम में सिलेक्ट किया गया। खलील अपना पहला अंतरराष्ट्रीय मैच खेलने को बेताब थे। भारतीय टीम में शामिल होने पर खलील के साथ उनका परिवार भी बेहद खुश था। 18 सितंबर 2018 को खलील ने अपना पहला एकदिवसीय इंटरनेशनल मैच हांगकांग के खिलाफ खेला।
वहीं 4 नवंबर 2018 को वेस्टइंडीज के खिलाफ खलील ने पहला इंटरनेशनल टी-20 क्रिकेट मैच खेला। पहले मैच में शानदार गेंदबाजी करते हुए खलील ने 4 ओवर में 16 रन देकर 1 विकेट हासिल किए थे। खलील ने अब तक 11 एकदिवसीय मैचों में 15 विकेट अपने नाम कर चुके हैं। इसके अलावा 14 टी-20 मैचों में भारत के लिए 13 विकेट चटकाए हैं।
आईपीएल 2023: दिल्ली कैपिटल्स 5.25 करोड़ में खरीदा
साल 2018 में खलील को आईपीएल की सनराइजर्स हैदराबाद ने 3 करोड़ रुपए देकर अपनी टीम में शामिल कर लिया। उन्हें सिर्फ एक मैच में मौका दिया गया। खलील इंटरनेशनल और घरेलू मैचों में शानदार गेंदबाजी कर रहे थे। उनकी टीम सनराइजर्स हैदराबाद ने साल 2019 में एक बार फिर उन पर भरोसा जताया। खलील ने भी अपनी टीम मैनेजमेंट को निराश नहीं किया।
Khaleel Ahmed ने इस सीजन 9 मैच में 19 विकेट चटकाए थे। इसके बाद दिल्ली कैपिटल्स ने खलील को टीम में शामिल करने के लिए 5.25 करोड़ रुपए दिए। साल 2022 में खलील ने शानदार गेंदबाजी करते हुए 10 मैचों में 16 विकेट चटकाए थे।
देश दुनिया के साथ ही अपने शहर की ताजा खबरें पाने के लिए अब आप HaryanaNewsPost के Google News पेज और Twitter पेज से जुड़ें और फॉलो करें।