Sheet Lahar : दिल्ली, हरियाणा, पंजाब व राजस्थान सहित उत्तर पश्चिम भारत में प्रचंड सर्दी व घने कोहरे की  चेतावनी

Sheet Lahar Cold Wave News : मौसम विभाग (आईएमडी) के अनुसार आठ और नौ जनवरी को उक्त राज्यों के अलावा राजस्थान व चंडीगढ़ में भी कोल्ड डे से लेकर 'गंभीर' कोल्ड डे की स्थिति बनी रहेगी।
 

Haryana News Post, (नई दिल्ली) Weather News :देश की राजधानी दिल्ली, हरियाणा व पंजाब सहित समूचे उत्तर भारत में फिलहाल कड़ाके की ठंड व घने कोहरे से राहत नहीं मिलने वाली है।

साथ ही 8 और 9 जनवरी को उत्तर पश्चिम भारत में घने से बहुत घना कोहरा छाया रहने का अनुमान है और इससे निश्चित तौर पर फिर सड़क, रेल व हवाई यातायात प्रभावित होगा।

कोहरे की वजह से रविवार को भी 22 ट्रेनें एक से साढ़े 6 घंटे तक की देरी से दिल्ली पहुंचीं। इनमें राजस्थान, मध्य प्रदेश और बिहार से आने वाली ट्रेनें सबसे ज्यादा प्रभावित हुई हैं।

झारखंड की राजधानी रांची में भी रविवार को घना कोहरा रहा। यहां  10 जनवरी को फिर गरज के साथ बारिश होने की संभावना है। पिछले सप्ताह शनिवार को झारखंड के गढ़वा में सबसे ज्यादा 28 एमएम बारिश हुई।

इसके अलावा राज्य के कोडरमा में 13 और पलामू में छह एमएम बारिश दर्ज की गई। इससे तापमान में गिरावट के चलते एक बार फिर ठंड बढ़ गई है। वहीं बिहार में अगले दो से तीन दिन तक लोगों को ठंड से राहत नहीं मिलेगी।

पश्चिमी विक्षोभ की वजह से शुक्रवार देर रात हुई हल्की बारिश से राज्य में ठंड बढ़ गई है। मध्यप्रदेश में करीब एक सप्ताह से कड़ाके की ठंड पड़ रही है।

पूरा प्रदेश सर्द हवाओं और घने कोहरे के आगोश में है। रविवार को ग्वालियर और गुना सबसे ठंडे दर्ज किए गए।  यहां पारा 15 से 17 डिग्री सेल्सियस के बीच चल रहा है।

दोनों ही शहर हिमाचल-उत्तराखंड के प्रमुख शहर- धर्मशाला, चंबा, मंडी और देहरादून से भी ठंडे हैं। राज्य के हरदा में रविवार सुबह से तेज बारिश हुई।

उधर छत्तीसगढ़ के कई जिलों में पिछले सप्ताहांत हुई बारिश से ठंड लौट आई है। वहीं इस राज्य में भी कोहरा आफत बढ़ा रहा है।

पंजाब और हरियाणा भी बेहाल  

पंजाब के कई शहरों में कोहरे के कारण विजिबिलिटी 25 मीटर से नीचे पहुंच गई है। सोमवार तक राज्य के लोगों को कोहरे से राहत मिलने के बहुत कम आसार हैं।

शीतलहर के चलते दिन व रात के तापमान में लगभग 3 डिग्री का अंतर रह गया है। आज भी सूरज के चमकने के कोई आसार नहीं हैं।

हरियाणा के भी लगभग सभी जिलों में कोल्ड डे और धुंध का अलर्ट जारी है। राज्य में सुबह-शाम गहरी धुंध व शीत लहर की स्थिति बन रही है।

राज्य के 5 जिले ऐसे चिह्नित किए गए हैं, जहां दिन का तापमान 10 डिग्री से नीचे पहुंच गया है।

यूपी में बढ़ाई स्कूलों की छुट्टियां

कड़ाके की ठंड को देखते हुए उत्तर प्रदेश के कई जिलों में स्कूल की छुट्टियां बढ़ा दी गई हैं। राजधानी लखनऊ में शीतलहर के चलते 8वीं तक के स्कूलों में 10 जनवरी तक अवकाश रहेगा।

वहीं 9वीं से 12वीं तक की कक्षाओं का समय बदला गया है। मौसम विभाग के मुताबिक रविवार को राज्य के कई जिलों में सर्दी का सितम जारी रहा

वहीं कई जिलों में कोहरा छाया रहा। ठंड के मौसम की वजह से दिल्ली के स्कूलों में भी शीतकालीन छुट्टियां 10 जनवरी तक बढ़ा दी गई थीं, लेकिन बाद में सरकार ने अपना यह आदेश वापस ले लिया। इस पर सोमवार सुबह फैसला होगा।  

दक्षिण भारत में अगले पांच दिन बारिश

मौसम विभाग ने दक्षिण भारत में अगले 5 दिन तक भारी बारिश होने की संभावना जताई है।

केरल में भी 2 दिन तक भारी बारिश और दक्षिण प्रायद्वीपीय भारत में  हल्की बारिश होने के आसार हैं। तटीय इलाकों खासकर तमिलनाडु के लिए मछुआरों को खास चेतावनी दी गई है। 

Weather News : पंजाब, हरियाणा, पूर्वी उत्तरप्रदेश, दिल्ली और देश के उत्तर-पश्चिमी इलाकों में 2 दिन रहेगा घना कोहरा