Weather News : आज व कल कोहरे का अलर्ट, दिल्ली, हरियाणा, पंजाब, चंडीगढ़ और यूपी में कई जगह 3 दिन घने से घना कोहरा छाने का अनुमान

Weather News: दिल्ली-एनसीआर में कोहरे को लेकर रेड अलर्ट जारी किया गया है। आईएमडी अधिकारियों ने बताया है कि दिल्ली-एनसीआर व हरियाणा-पंजाब आदि राज्यों में 31 दिसंबर की सुबह से कोहरे के हालात ठीक होने की संभावना है। इसके साथ ही दिल्ली, पंजाब, हरियाणा, चंडीगढ़, पश्चिमी उत्तर प्रदेश और पूर्वी उत्तर प्रदेश में 29 दिसंबर को भी कोल्ड डे की स्थिति रहेगी।
 

Haryana News Post, (नई दिल्ली) Weather Report : उत्तर भारत के मैदानी इलाकों में कोहरे व कंपकपाती ठंड से फिलहाल राहत नहीं मिलने वाली है। वहीं पहाड़ों में नए साल के आसपास बर्फबारी व बारिश के आसार हैं। 31 दिसंबर मनाने और नए साल पर बर्फबारी का लुत्फ उठाने के लिए पर्यटकों का लगातार हिमाचल प्रदेश और जम्मू-कश्मीर पहुंचने का सिलसिला जारी है।

घने कोहरे के कारण पूरे उत्तर भारत में सड़क, रेल व हवाई यातायात लगातार बुरी तरह बाधित है। गुरुवार सुबह भी घने कोहरे की वजह से दिल्ली एयरपोर्ट से लगभग 134 उड़ानों के आने या उड़ान भरने में देरी हुई है।

रेलवे विभाग के अनुसार दिल्ली आने व यहां से जाने वाली कई ट्रेनें देरी से चलीं। भारतीय मौसम विभाग (आईएमडी) के अनुसार देश की राजधानी दिल्ली, हरियाणा, पंजाब, चंडीगढ़ और उत्तर प्रदेश के कुछ इलाकों में 28 दिसंबर की रात से 30 दिसंबर की सुबह तक और कई जगहों पर अगले तीन दिन तक सुबह व शाम के समय घने से घना कोहरा छाने का अनुमान है।

वहीं दिल्ली-एनसीआर में कोहरे को लेकर रेड अलर्ट जारी किया गया है। आईएमडी अधिकारियों ने बताया है कि दिल्ली-एनसीआर व हरियाणा-पंजाब आदि राज्यों में 31 दिसंबर की सुबह से कोहरे के हालात ठीक होने की संभावना है। इसके साथ ही दिल्ली, पंजाब, हरियाणा, चंडीगढ़, पश्चिमी उत्तर प्रदेश और पूर्वी उत्तर प्रदेश में 29 दिसंबर को भी कोल्ड डे की स्थिति रहेगी।

28 दिसंबर को भी इन जगहों पर कोल्ड डे की स्थिति की संभावना थी। मौसम विभाग के अनुसार  दिल्ली, पंजाब, हरियाणा, चंडीगढ़, उत्तर प्रदेश, मध्य प्रदेश, राजस्थान, बिहार और झारखंड में न्यूनतम तापमान 8 से 12 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया जा रहा है। जम्मू-कश्मीर इन दिनों चिल्ले कलां की चपेट में है। इसमें पूरे कश्मीर में शीतलहर चलती है।

घाटी के इलाकों में न्यूनतम तापमान जमाव बिंदू से तीन डिग्री सेल्सियस नीचे चला गया है। ाने कोहरे की वजह से श्रीनगर और इसके आसपास के इलाकों में विजिबिलिटी दूसरे दिन भी 50 मीटर से कम रही।

अधिकारियों ने बताया कि अनंतनाग जिले के पहलगाम में अमरनाथ यात्रियों के लिए शिविर बनाए गए हैं। यहां का तापमान माइनस 5.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जबकि एक दिन पहले माइनस 4.6 डिग्री सेल्सियस था।

यूपी में 14 जनवरी तक सर्दी की छुट्टियां

उत्तर भारत के ज्यादातर राज्यों में सर्दी की छुट्टियां घोषित की जा चुकी हैं उत्तर प्रदेश की योगी सरकार ने भी राज्य में विंटर वेकेशन की घोषणा कर दी है प्रदेश में सभी स्कूल 31 दिसंबर 2023 से 14 जनवरी 2024 तक बंद रहेंगे। राज्य सरकार ने ठंड और कोहरे को देखते हुए 28 और 29 दिसंबर  को भी स्कूल बंद रखे।

कोहरे का अब तक का सबसे खराब दौर : विशेषज्ञ

विशेषज्ञों के अनुसार दिल्ली में कोहरे का यह अब तक का सबसे खराब दौर दर्ज किया गया है। मंगलवार रात से दृश्यता कम होनी शुरू हो गई है और पालम वेधशाला में बीते कल सुबह 8 से 10 बजे के बीच विजिबिलिटी शून्य हो गई है।

बुधवार को सारा दिन कोहरा पूरी तरह नहीं हटा। इस दौरान हाई विजिबिलिटी 800 मीटर दर्ज की गई। साफ दिन पर यह आमतौर पर विजिबिलिटी  4,000 मीटर के आसपास होती है। बुधवार रात 10 बजे तक घना कोहरा छाने से दृश्यता फिर से घटकर 50 मीटर रह गई।

सैलानियों की चहलकदमी से गुलजार लाहौल घाटी

क्रिसमस के बाद अब नए साल के जश्न के लिए भारी मात्रा में सैलानी हिमाचल स्थित लाहौल की वादियों में पहुंच रहे हैं। मनाली पहुंचने वाले पर्यटक बर्फ के दीदार को लाहौल के सिस्सू व कोकसर पहुंच रहे हैं। यहां वे खूब मस्ती कर रहे हैं।

पुलिस विभाग के अनुसार 24 दिसंबर से लाहौल में करीब दो लाख सैलानी पहुंचे हैं। एसपी केलांग मयंक चौधरी ने कहा कि नए साल के आगमन के बीच आंकड़ा और भी बढ़ सकता है। पर्यटकों से शांति और कानून व्यवस्था बनाए रखने की अपील की गई है।

Weather News: घने कोहरे में घिरी राजधानी, दिल्ली में 110 उड़ानें, 25 ट्रेनें बाधित