Weather News : हिमाचल प्रदेश के ज्यादातर हिस्सों में बर्फीली हवाओं के साथ भीषण शीत लहर से आम जनजीवन बाधित, कई जगह पारा शून्य  

IMD Weather Update: उत्तर भारत में ठिठुरन जारी, कुफरी में साल की पहली बर्फबारी। मुंबई में हुई बारिश, तमिलनाडु व केरल में अलर्ट। 
 

Haryana News Post, (नई दिल्ली) Weather News : उत्तर भारत सहित कई राज्यों में मंगलवार रात व बुधवार सुबह भी कड़ाके की ठंड और घने कोहरे का सिलसिला जारी रहा। एक सप्ताह से दिल्ली-एनसीआर समेत उत्तर भारत के ज्यादातर राज्यों में शीतलहर का प्रकोप जारी है।

वहीं हिमाचल प्रदेश में लंबे इंतजार के बाद बर्फबारी का दौर शुरू हो गया है। मंगलवार को राजधानी शिमला के प्रमुख पर्यटन स्थल कुफरी में इस साल की पहली बर्फबारी हुई। इससे न्यूनतम तापमान में गिरावट दर्ज की गई।

कई जगह तापमान शून्य या शून्य से नीचे चला गया है। प्रदेश के ज्यादातर हिस्सों में बर्फीली हवाओं के साथ भीषण शीत लहर चली, लेकिन बारिश अथवा बर्फबारी कहीं और नहीं हुई। मौसम विभाग शिमला ने मध्य और ऊंचे पहाड़ी इलाकों में बारिश और बर्फबारी को लेकर भविष्यवाणी की थी।

राजस्थान के बीकानेर और जयपुर में घने कोहरे के कारण विजिबिलिटी 25 और 50 मीटर रही। जम्मू-कश्मीर, पंजाब, हरियाणा, बिहार, यूपी व ओडिशा के जिलों में भी यही स्थिति रही। मध्य प्रदेश के कई शहरों में बुधवार सुबह घना कोहरा छाया रहा।

राजधानी भोपाल में सुबह पांच बजे विजिबिलिटी 50 मीटर दर्ज की गई। यहां बारिश भी हुई। मौसम विभाग के अनुसार अगले 2 से 3 दिन के बाद राज्य में ठंड का असर बढ़ेगा। उत्तर प्रदेश में 12 जनवरी से मौसम साफ होगा।

धूप निकलने की संभावना है। हालांकि, तापमान में लगातार गिरावट होगी। इससे ठंड बढ़ने की आशंका है। उधर महाराष्ट्र की राजधानी मुंबई में मंगलवार देर रात बारिश हुई। तमिलनाडु और केरल में अलर्ट है। इन राज्यों में अगले दो दिन तक बारिश जारी रहने की आशंका है।

जम्मू-कश्मीर में पारा कई डिग्री नीचे गिरा, मौसम शुष्क

जम्मू-कश्मीर में न्यूनतम तापमान के कई डिग्री नीचे गिर जाने के बाद भी मौसम शुष्क बना हुआ है और बर्फबारी नहीं हुई है। ऊपरी इलाकों में हल्की बर्फबारी हुई है। अधिकारियों ने बुधवार को बताया कि मौसम शुष्क रहने के कारण रात में ठंड बढ़ गई है जबकि औसतन तापमान की तुलना में दिन गर्म हैं।

श्रीनगर में अधिकतम तापमान 14.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया जो इस मौसम के औसतन तापमान से 8.1 डिग्री अधिक है। जम्मू अधिक ठंडा रहा जहां अधिकतम तापमान 11.6 डिग्री दर्ज किया गया जो सामान्य से 6.5 डिग्री कम था।

दिल्ली में सर्दी से 7 दिन तक नहीं मिलेगी राहत

आईएमडी के अनुसार दिल्ली में अगले 7 दिनों तक ठंड से राहत मिलने के आसार नहीं हैं। राजधानी में मंगलवार को न्यूनतम तापमान 9.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। सोमवार को न्यूनतम तापमान 5.3 डिग्री था। 10 जनवरी को उत्तर प्रदेश, हरियाणा, झारखंड, पंजाब और राजस्थान के कई हिस्सों में कोल्डवेव का अलर्ट था। ठंड के चलते लोग घरों में दुबके रहे।

Weather Update: भीषण सर्दी के साथ जम्मू-कश्मीर से पूर्वोत्तर तक पड़ रहा घना कोहरा, हरियाणा-पंजाब, यूपी,राजस्थान व एमपी में 4 दिन का येलो अलर्ट