Sonipat News: हरियाणा के सोनीपत में भाजपा नेता की सिर में गोली मारकर हत्या, आरोपी गिरफ्तार

BJP leader shot dead in head in Sonipat, accused arrested: हरियाणा के सोनीपत जिले में एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। यहां भाजपा नेता सुरेंद्र कुमार (42) की एक हमलावर ने गोली मारकर हत्या कर दी। यह वारदात होली की रात यानी शुक्रवार को हुई। हमलावर ने पहले गली में सुरेंद्र पर दो गोलियां चलाईं। एक गोली लगने के बाद नेता अपनी जान बचाने के लिए पास की दुकान में भागे, लेकिन हमलावर ने उनका पीछा नहीं छोड़ा।
दुकान के अंदर दोनों के बीच हाथापाई हुई। इसके बाद हमलावर ने बेहद करीब से सुरेंद्र के सिर में गोली मार दी, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई। इस घटना का एक वीडियो भी सामने आया है, जो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। वारदात को अंजाम देने के बाद हमलावर मौके से फरार हो गया था, लेकिन पुलिस ने शनिवार सुबह उसे धर दबोचा।
Sonipat News: पुलिस की त्वरित कार्रवाई, आरोपी पकड़ा गया
सोनीपत पुलिस ने इस हत्याकांड को सुलझाने के लिए तीन विशेष टीमें गठित की थीं। इन टीमों ने छापेमारी कर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। शव को पोस्टमॉर्टम के लिए खानपुर अस्पताल भेजा गया है। पुलिस के मुताबिक, इस हत्या के पीछे जमीन विवाद मुख्य वजह हो सकती है।
कैसे हुई हत्या?
सुरेंद्र कुमार गांव जवाहरा के नंबरदार और भाजपा के मुंडलाना मंडल अध्यक्ष थे। स्थानीय लोगों ने बताया कि शुक्रवार रात करीब 9 बजे वह अपनी गली में थे, तभी गांव के ही मन्नू नामक शख्स ने उन पर हमला कर दिया। पहली गोली गली में ही सुरेंद्र को लगी। घायल होने के बावजूद वह दुकान की ओर भागे। हमलावर ने पीछा किया और दूसरी गोली चलाई, जो निशाने से चूक गई। इसके बाद दुकान में घुसकर उसने तीसरी गोली उनके सिर में मारी, जिससे उनकी मौत हो गई।
जमीन विवाद बना हत्या की वजह
जानकारी के अनुसार, सुरेंद्र ने आरोपी मन्नू की बुआ की जमीन खरीदी थी। मन्नू इस सौदे से नाराज था और उसने सुरेंद्र को जमीन पर कब्जा न करने की चेतावनी दी थी। फिर भी सुरेंद्र ने जमीन पर खेती शुरू कर दी, जिससे मन्नू का गुस्सा भड़क गया। होली की रात उसने मौके का फायदा उठाकर इस हत्याकांड को अंजाम दिया।
ACP ने दी जानकारी
गोहाना के ACP क्राइम ऋषिकांत ने बताया कि यह विवाद 2021 से चल रहा था, जब सुरेंद्र ने जमीन का सौदा किया था। दोनों पक्षों के बीच कोर्ट में भी मामला चल रहा था। अब आरोपी पुलिस हिरासत में है और उससे पूछताछ जारी है।
कौन थे सुरेंद्र कुमार?
सुरेंद्र पहले इनेलो पार्टी से जुड़े थे, लेकिन बाद में भाजपा में शामिल हो गए। 2021 में उन्हें भाजपा पंचायती राज प्रकोष्ठ का अध्यक्ष बनाया गया था। हाल ही में वह मुंडलाना मंडल अध्यक्ष बने थे। उनकी जॉइंट फैमिली में माता-पिता, पत्नी, दो बेटियां और एक बेटा है। उनका एक भाई विदेश में रहता है। सुरेंद्र खेती से परिवार का गुजारा करते थे।
इस घटना ने इलाके में सनसनी फैला दी है। लोग जमीन विवाद को लेकर सतर्कता बरतने की बात कह रहे हैं।
देश दुनिया के साथ ही अपने शहर की ताजा खबरें पाने के लिए अब आपHaryanaNewsPostकेGoogle Newsपेज औरTwitterपेज से जुड़ें और फॉलो करें।