1. Home
  2. haryana

मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने की घोषणा, सूबे में 50,000 पदों के लिए शुरू होगी भर्ती

मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने की घोषणा, सूबे में 50,000 पदों के लिए शुरू होगी भर्ती
मुख्यमंत्री ने कहा कि वर्तमान राज्य सरकार युवाओं को पूरा मान-सम्मान दे रही है और जल्द ही सरकार 50,000 नए रोजगार के अवसर उपलब्ध करवाने जा रही है। 

हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने शनिवार को राज्य के युवाओं के लिए महत्वपूर्ण घोषणा की। उन्होंने कहा कि शीघ्र ही विभिन्न श्रेणियों में 50,000 पदों के लिए भर्ती प्रक्रिया शुरू की जाएगी। इसके अलावा, युवाओं को ग्रुप-डी की नौकरियां भी दी जाएंगी।

मुख्यमंत्री की यह घोषणा हरियाणा में रोजगार के अवसर प्रदान करने और युवा पीढ़ी की आकांक्षाओं को पूरा करने के लिए सरकार द्वारा किए जा रहे प्रयासों का हिस्सा है। नायब सिंह हरियाणा कर्मचारी चयन आयोग के नए चेयरमैन हिम्मत सिंह को हरियाणा निवास में शपथ दिलवाने के बाद मीडिया से बातचीत कर रहे थे।

मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकारी नौकरियों के लिए पारदर्शी भर्ती प्रक्रिया की प्रणाली को जारी रखा जाएगा।मुख्यमंत्री ने कहा कि वर्तमान राज्य सरकार युवाओं को पूरा मान-सम्मान दे रही है और जल्द ही सरकार 50,000 नए रोजगार के अवसर उपलब्ध करवाने जा रही है।

उन्होंने इस बात पर बल देते हुए कहा कि सरकार ने अपने कार्यकाल के दौरान बिना किसी भेदभाव के पूरी तरह से योग्यता के आधार पर नौकरियां दी हैं और यह पारदर्शी भर्ती प्रक्रिया भविष्य में भी जारी रहेगी।

उन्होंने कहा, ‘यह गर्व की बात है कि युवाओं का सरकार की कार्यप्रणाली में विश्वास बढ़ा है क्योंकि वे बिना किसी ‘खर्ची-पर्ची’ (रिश्वत और पक्षपात) के सरकारी नौकरियां हासिल कर रहे हैं, जो पिछली सरकारों में चलती थी।’

SC में सामाजिक-आर्थिक मानदंड के लिए देंगे दलील

ग्रुप सी और ग्रुप डी श्रेणी के पदों के लिए सामाजिक-आर्थिक मानदंड के तहत अतिरिक्त 5 अंक देने पर पंजाब व हरियाणा हाई कोर्ट के फैसले को लेकर सवाल पूछा गया। इसके बारे में पूछे जाने पर मुख्यमंत्री ने कहा कि न्यायालय की पहली पीठ ने गरीब परिवारों के लोगों को लाभ पहुंचाने के उद्देश्य से इस मानदंड को सही ठहराया था।

हालांकि, अगली पीठ का दृष्टिकोण अलग हो सकता है। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार उम्मीदवारों के हितों की रक्षा के लिए प्रतिबद्ध है। हम जल्द ही इस मामले को सुप्रीम कोर्ट में पेश करेंगे और युवाओं को न्याय सुनिश्चित करने के लिए इसकी पुरजोर वकालत करेंगे।

मुख्यमंत्री ने कहा कि सामाजिक-आर्थिक मानदंड गरीब परिवारों के सदस्यों को अवसर प्रदान करने के लिए अपनाए गए थे, जिनके पास कोई सरकारी नौकरी नहीं थी। उन्होंने ऐसे परिवारों की उपेक्षा करने के लिए वर्ष 2014 से पहले की सरकारों की आलोचना की।

विपक्ष के दुष्प्रचार पर दी प्रतिक्रिया

मुख्यमंत्री ने कांग्रेस नेताओं पर इस मुद्दे पर झूठे प्रचार करने के साथ जनता को गुमराह करने का भी आरोप लगाया। उन्होंने दावा किया कि कांग्रेस नेता युवाओं का भविष्य अंधकारमय बताकर उन्हें भड़का रहे हैं, जबकि हकीकत में स्वयं कांग्रेस का भविष्य अंधकार में है।

मुख्यमंत्री नायब सिंह ने शनिवार को चंडीगढ़ के हरियाणा निवास में आयोजित शपथ ग्रहण समारोह में हिम्मत सिंह को हरियाणा कर्मचारी चयन आयोग के नए चेयरमैन के पद की शपथ दिलवाई।

मुख्यमंत्री की उपस्थिति में हिम्मत सिंह ने निष्ठा, पद व गोपनीयता की शपथ ली। उन्होंने कहा कि वे आयोग की गरिमा को बनाए रखते हुए यह सुनिश्चित करेंगे कि सरकारी नौकरियों में पारदर्शी और योग्यता के आधार पर चयन हो और यही उनकी सर्वोच्च प्राथमिकता रहेगी।

हिम्मत सिंह HSSC के चेयरमैन नियुक्त होने से पहले हरियाणा महाअधिवक्ता कार्यालय में अतिरिक्त महाअधिवक्ता के रूप में कार्यरत थे। 


देश दुनिया के साथ ही अपने शहर की ताजा खबरें पाने के लिए अब आप HaryanaNewsPost के Google News पेज और Twitter पेज से जुड़ें और फॉलो करें।