Haryana News: हरियाणा में चार लोकसभा सीटों पर भाजपा को अनुभवी व चुनाव जिताऊ चेहरों की दरकार

चंडीगढ़। लोकसभा चुनाव से पहले हरियाणा में पिछले तीन दिन कई बड़े राजनीतिक घटनाक्रम देखने को मिले हैं। गुरुग्राम में 11 फरवरी को एक कार्यक्रम में पीएम नरेंद्र मोदी ने तत्कालीन सीएम मनोहर लाल की जमकर तारीफ की और फिर एक 12 फरवरी दिन बाद मनोहर लाल के इस्तीफा देने के बाद ओबीसी समुदाय से आने वाले भाजपा प्रदेश अध्यक्ष नायब सैनी को प्रदेश की बागड़ोर दे दी।
इसके बाद 13 फरवरी को विधानसभा के विशेष सत्र में मुख्यमंत्री नायब सैनी ने विश्वास मत हासिल कर लिया और सदन में ही पूर्व मुख्यमंत्री मनोहर लाल ने करनाल विधानसभा क्षेत्र से इस्तीफा देने की घोषणा कर दी। बात यहीं नहीं थमी, शाम होते होते 13 फरवरी को भाजपा की लोकसभा कैंडिडेट्स की दूसरी लिस्ट आई जिसमें मनोहर लाल को करनाल लोकसभा सीट से कैंडिडेट घोषित कर दिया गया।
भाजपा द्वारा हरियाणा की 6 लोकसभा सीटों पर उतारे गए उम्मीदवारों के बाद अब 4 लोकसभा सीटों पर संभावित उम्मीदवारों के नाम को लेकर सबकी टकटकी है कि किसका टिकट कटेगा और किसको मिलेगा। भाजपा हाईकमान द्वारा पहली लिस्ट में दो सिटिंग सांसदों के टिकट काटे जाने के बाद प्रदेश में नए सियासी समीकरणों को बल मिला।
दो सिटिंग एमपी के नाम कटने के बाद अब बाकी पर नजर
भाजपा द्वारा हरियाणा की 6 लोकसभा सीटों को लेकर जारी दूसरी सूची में 2 सिटिंग सांसदों सुनीता दुग्गल और पूर्व सीएम मनोहर लाल के करीबी संजय भाटिया के टिकट काटे जाने के बाद 4 सीटों पर सिटिंग सांसदों की भी टिकट को लेकर संशय बढ़ गया है। फिलहाल रोहतक से सांसद अरविंद शर्मा, सोनीपत से सांसद सुभाष चंद्र कौशिक, हिसार से बृजेंद्र सिंह और कुरुक्षेत्र से सीएम नायब सिंह सैनी सांसद हैं।
चूंकि अब नायब सिंह सैनी सीएम बन चुके हैं और बृजेंद्र सिंह भाजपा छोड़ ज्वाइन कर चुके हैं तो भाजपा के लिए हिसार व कुरुक्षेत्र से ऐसे कैंडिडेट्स की तलाश होगी जो सीट निकाल सकें क्योंकि भाजपा के पास पिछली बार की तरह एक तरफा होल्ड नहीं है। राजनीतिक जानकारों का मानना है कि सोनीपत सांसद का टिकट कटना करीब करीब तय हो चुका है तो रोहतक से सांसद अरविंद शर्मा को लेकर सबकी टकटकी है कि उनको भाजपा रोहतक या किसा अन्य सीट से उतारती है या नहीं।
4 लोकसभा सीटों पर भाजपा उम्मीदवारों पर सबकी टकटकी
भाजपा ने बुधवार को अंबाला, सिरसा, भिवानी-महेंद्रगढ़, करनाल, गुरुग्राम और फरीदाबाद सीटों पर उम्मीदवारों के नाम फाइनल कर दिए। बाकी बची चार सीटों रोहतक, सोनीपत, हिसार और कुरुक्षेत्र सीटों पर अभी भाजपा को उम्मीदवारों के नामों की घोषणा करनी है। अब हर किसी की नजर टिकी है कि जाट बहुल रोहतक, सोनीपत व हिसार सीट से भाजपा कैंडिडेट कौन होगा।
बदले हुए राजनीतिक समीकरणों के मद्देनजर रोहतक व सोनीपत सीट पर भाजपा के सिटिंग सांसदों को टिकट मिलने पर संशय बरकरार है। जिस तरह से भाजपा की पूर्व सहयोगी जजपा के नेता दुष्यंत चौटाला ने कहा कि भाजपा उनको रोहतक सीट से गठबंधन का उम्मीदवार बनाकर चुनाव लड़वाना चाहती थी और मेरे मना करने के कारण गठबंधन आगे नहीं बढ़ पाया। मतलब साफ है कि भाजपा रोहतक सीट पर सूटेबल कैंडिडेट की तलाश में है और रोहतक में ज्यादा रिस्क फैक्टर के चलते दुष्यंत ने चुनाव लड़ने से मना कर दिया।
भाजपा को बाकी सीटों पर उम्मीदवार को लेकर करना पड़ रहा मंथन
भाजपा को चारों बची हुई सीटों मुख्य रुप से रोहतक और सोनीपत पर कैंडिडेट फाइनल करने को लेकर ज्यादा मंथन और चिंतन करना पड़ रहा है। दोनों ही जाट बहुल सीट हैं जहां पिछली बार की तुलना में अबकी बार सारे राजनीतिक समीकरण बदले नजर आ रहे हैं। इन दोनों सीटों पर पिछली बार भाजपा बेशक जीत दर्ज करने में सफल रही लेकिन अब भाजपा को यहां कड़ा टक्कर मिलती दिख रही है। कुछ ऐसी ही स्थिति भाजपा के लिए हिसार सीट पर बनी हुई है।
यहां से भाजपा के सांसद बृजेंद्र सिंह सिंह के पार्टी छोड़ कांग्रेस ज्वाइन करने और जेजेपी से अलगाव के चलते दुष्यंत की दावेदारी खत्म होने के बाद अब मुख्य रूप से कैप्टन अभिमन्यु और कुलदीप ही दावेदार हैं। लेकिन हिसार सीट पर भी भाजपा को कांग्रेस से कड़ी टक्कर मिलत दिख रही है। नायब सिंह सैनी के सीएम बनने के बाद अब भाजपा को कुरुक्षेत्र सीट से एक मजबूत कैंडिडेट की दरकार है जो कांग्रेस और जजपा के संयुक्त उम्मीदवार सुशील गुप्ता को हरा सके।
तीन सिटिंग सांसदों व दो पूर्व केंद्रीय मंत्रियों की तर्ज पर अनुभवी चेहरों को दिया जा सकता है मौका
भाजपा ने हरियाणा में तीन ऐसे अनुभवी नेताओं को चुनाव में उतारा है जो कई दफा सांसद रह चुके हैं। फरीदाबाद से कृष्णपाल गुर्जर और गुरुग्राम से राव इंद्रजीत सिंह दोनों केंद्रीय राज्य मंत्री होने के अलावा कई बार सांसद रह चुके हैं। राव इंद्रजीत पांच बार सांसद रह चुके हैं और छठी बार सांसद बनने के तैयारी में जुटे हैें। ऐसे ही कृष्णपाल गुर्जर दो बार फरीदाबाद सीट से सांसद रह चुके हैं। वहीं भिवानी -महेंद्रगढ़ सीट से एक बार टिकट पाने वाले सिटिंग सांसद धर्मबीर लगातार दो बार सांसद बनने के अलावा चार बार विधायक भी रह चुके हैं।
ऐसे में माना जा रहा है कि भाजपा रोहतक, सोनीपत, हिसार और कुरुक्षेत्र सीटों पर भी अनुभवी चेहरों को मौका दे सकती है। भाजपा में टिकट के दावेदारों में कुरुक्षेत्र से कैलाशो सैनी व पवन सैनी, रोहतक से सांसद अरविंद शर्मा, ओपी धनखड़ व बाबा बालकनाथ, सोनीपत से सांसद कौशिक, मोहन लाल बड़ौली, योगेश्वर दत्त, राजीव जैन और हिसार सीट से कुलदीप बिश्नोई, कैप्टन अभिमन्यु और रणबीर गंगवा टिकटार्थी हैं।
लोक सभा सीट टिकट के दावेदार
1.कुरुक्षेत्र पवन सैनी, कैलाशों सैनी
2.रोहतक सांसद अरविंद शर्मा, ओपी धनखड़, बाबा बालकनाथ
3. सोनीपत सांसद रमेश कौशिक, मोहन बड़ौली, राजीव जैन, योगेश्वर दत्त
4..हिसार कुलदीप बिश्नोई, कैप्टन अभिमन्यु, रणबीर गंगवा
Khajoor ki kheti: किसानों के लिए बागवानी विभाग की खास योजना, खजूर की खेती पर 1.40 लाख का अनुदान
देश दुनिया के साथ ही अपने शहर की ताजा खबरें पाने के लिए अब आपHaryanaNewsPostकेGoogle Newsपेज औरTwitterपेज से जुड़ें और फॉलो करें।