Hockey Award 2024: हॉकी अवॉर्ड 2024 सविता और हरमनप्रीत बने साल के सर्वश्रेष्ठ खिलाड़ी

Hockey Award 2024 to Savita Puniya and Harmanpreet Singh: पेरिस ओलंपिक 2024 में कांस्य पदक जीतने वाली भारतीय हॉकी टीम के कप्तान हरमनप्रीत सिंह और दिग्गज गोलकीपर सविता ने हॉकी इंडिया के सातवें वार्षिक पुरस्कार समारोह में बाजी मारी। हरमनप्रीत को साल 2024 का सर्वश्रेष्ठ पुरुष खिलाड़ी और सविता को सर्वश्रेष्ठ महिला खिलाड़ी का प्रतिष्ठित बलबीर सिंह सीनियर पुरस्कार मिला। यह समारोह 15 मार्च 2025 को आयोजित हुआ, जो भारत की एकमात्र हॉकी विश्व कप जीत की 50वीं वर्षगांठ और भारतीय हॉकी के 100 साल पूरे होने का जश्न मनाने के लिए खास था।
Hockey Award 2024: सविता और हरमनप्रीत बने साल के सर्वश्रेष्ठ खिलाड़ी
50 साल पहले अजितपाल सिंह की कप्तानी में विश्व कप जीतने वाली भारतीय टीम को ध्यानचंद लाइफटाइम अचीवमेंट पुरस्कार से सम्मानित किया गया, साथ ही 50 लाख रुपये की पुरस्कार राशि दी गई। हरमनप्रीत, जिन्होंने पेरिस ओलंपिक में 10 गोल दागकर भारत को लगातार दूसरा कांस्य पदक दिलाने में अहम भूमिका निभाई, ने कहा, “ये पुरस्कार मेरे लिए बहुत मायने रखता है। युवा खिलाड़ियों को मेहनत करते रहने की सलाह देना चाहता हूं, नतीजों की चिंता किए बिना।” उन्होंने आगे कहा, “ऐसे महान खिलाड़ियों के बीच यह सम्मान पाना गर्व की बात है। अगले साल विश्व कप में भारत को फिर से चैंपियन बनाने की कोशिश करेंगे।”
विजेताओं को ट्रॉफी के साथ 25-25 लाख रुपये मिले
हरमनप्रीत को यह पुरस्कार हॉकी इंडिया अध्यक्ष दिलीप टिर्की, महासचिव भोलानाथ सिंह और बलबीर सिंह सीनियर के नाती कबीर सिंह भोमिया ने दिया। दोनों विजेताओं को ट्रॉफी के साथ 25-25 लाख रुपये मिले। दूसरी ओर, तीसरी बार यह सम्मान हासिल करने वाली सविता ने वीडियो संदेश में कहा, “यह पुरस्कार मुझे और मेहनत करने की प्रेरणा देगा। मैं इसे अपनी टीम को समर्पित करती हूं।” हाल ही में 300 अंतरराष्ट्रीय मैच खेलने वाली सविता को सर्वश्रेष्ठ गोलकीपर का बलजीत सिंह पुरस्कार भी मिला।
इनको भी मिल पुरस्कार
अन्य पुरस्कारों में सर्वश्रेष्ठ डिफेंडर का परगट सिंह पुरस्कार अमित रोहिदास, सर्वश्रेष्ठ मिडफील्डर का अजितपाल सिंह पुरस्कार हार्दिक सिंह और सर्वश्रेष्ठ फॉरवर्ड का धनराज पिल्लै पुरस्कार अभिषेक ने जीता। अंडर-21 वर्ग में ड्रैग फ्लिकर दीपिका को असुंथा लाकड़ा पुरस्कार और अराइजीत सिंह हुंडल को जुगराज सिंह पुरस्कार मिला। केंद्रीय मंत्री किरेन रिजिजू और राज्यमंत्री जितिन प्रसाद ने पेरिस ओलंपिक की पुरुष टीम को सम्मानित किया, जिसमें प्रत्येक खिलाड़ी को 15 लाख और सहयोगी स्टाफ को 7.5 लाख रुपये दिए गए।
हरमनप्रीत को एफआईएच 2024 का सर्वश्रेष्ठ पुरुष खिलाड़ी और रिटायर हो चुके पीआर श्रीजेश को सर्वश्रेष्ठ गोलकीपर का पुरस्कार मिला। दीपिका को महिला एशियाई चैम्पियंस ट्रॉफी में सबसे ज्यादा गोल, प्लेयर ऑफ द टूर्नामेंट और जूनियर एशिया कप में शानदार प्रदर्शन के लिए सम्मानित किया गया। इस साल हॉकी इंडिया ने कुल पुरस्कार राशि बढ़ाकर 12 करोड़ रुपये की।
देश दुनिया के साथ ही अपने शहर की ताजा खबरें पाने के लिए अब आप HaryanaNewsPost के Google News पेज और Twitter पेज से जुड़ें और फॉलो करें।