IPL 2023 Retention: चेन्नई और मुंबई ने सबमिट की रिटेन खिलाड़ियों की लिस्ट, मुंबई ने पोलार्ड को किया रिलीज़ और चेन्नई ने जडेजा को किया रिटेन

IPL 2023 Retention: आईपीएल फ्रेन्चाइसी मुंबई इंडियंस (एमआई) ने आईपीएल 2023 से पहले कायरन पोलार्ड को अपनी टीम से रिलीज करने का फैसला किया है। दूसरी तरफ चेन्नई सुपर किंग्स की टीम ने इसी बीच स्टार आलराउंडर रवींद्र जडेजा को अपनी टीम में बरकरार रखा है।
 

IPL 2023 Retention: आईपीएल फ्रेन्चाइसी मुंबई इंडियंस (एमआई) ने आईपीएल 2023 से पहले कायरन पोलार्ड को अपनी टीम से रिलीज करने का फैसला किया है। पोलार्ड पिछले लम्बे समय से मुंबई की टीम का हिस्सा थे।

अनुभवी ऑलराउंडर आईपीएल 2010 से मुंबई के लिए खेल रहे थे। लेकिन अब मुंबई ने उन्हें रिलीज़ करने का फैसला किया है। इसके अलावा एक रिपोर्ट के अनुसार मुंबई इंडियंस की टीम ने फैबियन एलन और टाइमल मिल्स को रिलीज करने का भी फैसला किया है और सूची को बीसीसीआई के पास जमा कर दिया गया है।

दूसरी तरफ चेन्नई सुपर किंग्स की टीम ने इसी बीच स्टार आलराउंडर रवींद्र जडेजा को अपनी टीम में बरकरार रखा है। लेकिन क्रिस जॉर्डन, एडम मिल्ने और मिशेल सेंटनर को टीम से बाहर कर दिया है।

मुंबई इंडियंस और चेन्नई सुपर किंग्स ने भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (बीसीसीआई) को अपने रिटेन और रिलीज खिलाड़ियों की सूची सौंप दी है। इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) के इतिहास में एमआई और सीएसके दो सबसे सफल फ्रेंचाइजी हैं।

ये भी पढ़ें: बीसीसीआई ने लिया बड़ा फैसला, पुरुष और महिला क्रिकेटरों दोनों को मिलेगा समान वेतन

23 दिसंबर को होना है मिनी-ऑक्शन

आईपीएल के 16वें सीजन की तैयारियां जोरों पर चल रही हैं। आईपीएल 2023 के लिए मिनी-ऑक्शन 23 दिसंबर को कोच्चि में होना है। नीलामी से पहले बीसीसीआई ने प्रत्येक फ्रेंचाइजी से 15 नवंबर तक रिटेन और रिलीज किए गए खिलाड़ियों की सूची उपलब्ध कराने को कहा है।

मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, मुंबई इंडियंस और चेन्नई सुपर किंग्स ने पहले ही रिलीज और रिटेन किए गए खिलाड़ियों की लिस्ट बीसीसीआई को भेज दी है। इंडियन प्रीमियर लीग के इतिहास में सबसे सफल फ्रेंचाइजी मुंबई इंडियंस है। मुंबई ने 5 बार आईपीएल ट्रॉफी जीती है। इसके बाद इस लिस्ट में चेन्नई सुपर किंग्स का नाम आता है। चेन्नई ने 4 बार आईपीएल का खिताब जीता है। 

ये भी पढ़ें: एशिया कप के लिए पाकिस्तान का दौरा बीसीसीआई का फैसला नहीं, सरकार पर निर्भर करता है निर्णय: रोजर बिन्नी

मुंबई ने 10 तो चेन्नई ने 9 खिलाड़ियों को किया रिटेन 

सूत्रों के अनुसार मिनी-ऑक्शन से पहले मुंबई इंडियंस की टीम ने कुल 10 खिलाड़ियों को ही रिटेन किया है और 5 खिलाड़ियों को रिलीज किया है। Zee 24 की एक रिपोर्ट के अनुसार मुंबई ने रोहित शर्मा, डेवाल्ड ब्रेविस, ईशान किशन, सूर्यकुमार यादव, डेनियल सैम्स, टिम डेविड, जोफ्रा आर्चर, जसप्रीत बुमराह, ट्रिस्टन स्टब्स और तिलक वर्मा को रिटेन किया गया है।

वहीं मुंबई ने फैबियन एलन, कायरन पोलार्ड, टाइमल मिल्स, मयंक मार्कंडे और ऋतिक शौकिन को रिलीज़ कर दिया है। दूसरी तरफ चेन्नई ने 9 खिलाड़ियों को रिटेन किया है और 4 खिलाड़ियों को रिलीज किया है।

चेन्नई ने आईपीएल के 16वें सीजन के लिए महेंद्र सिंह धोनी, रवींद्र जडेजा, मोइन अली, शिवम दुबे, ऋतुराज गायकवाड़, डेवोन कॉनवे, मुकेश चौधरी, ड्वेन प्रिटोरियस और दीपक चाहर को रिटेन किया है। वहीं क्रिस जॉर्डन, एडम मिल्ने, नारायण जगदीशन और मिशेल सेंटनर को रिलीज़ किया गया है। 

ये भी पढ़ें: विराट कोहली की एक दिन की कमाई जानकर चौंक जाएंगे आप, पत्नी अनुष्का भी कमाई के मामले में पीछे नहीं