Hisar Hospital CSR (हिसार) : जिला नागरिक अस्पताल में सेवाएं और बढ़ेंगी। कॉर्पोरेट सोशल रिस्पॉन्सिबिलिटी (सीएसआर) के तहत नवीनतम उपकरण एवं मशीनें उपलब्ध होंगी। इनकी 10 करोड़ से खरीद होगी, जिससे लंबे समय से अटकी सेवाएं बहाल होंगी। डीजी हेल्थ के निर्देश पर हेल्थ अफसरों ने आईसीयू संचालन से लेकर सेवाएं बढ़ाने के लिए करीब 60 उपकरणों-मशीनों की मांग मुख्यालय भेजी है। ये उपकरण जल्द मिलने की संभावना है।
आईसीयू को मिलेगा नया जीवन
तीन बिस्तर के आईसीयू का संचालन होगा। इसके लिए ब्लड गैस व इलेक्ट्रोलाइट एनलाइजर मशीन चाहिए। कुछ अन्य उपकरणों की डिमांड है।
हड्डी रोग विभाग
सी-आर्म मशीन उपलब्ध होगी। अभी काफी पुरानी मशीन है। उससे रेडिएशन फैलने का खतरा है। हड्डियों के मेजर ऑपरेशन के लिए सी- आर्म मशीन वास्तविक तस्वीर दर्शाती है। इससे सर्जरी की गुणवत्ता बढ़ती है। चीर-फाड़ कम करनी पड़ती है।
नेत्र रोग विभाग : यहां 4 नेत्र रोग विशेषज्ञ हैं। बीते 2 माह से मोतियाबिंद सर्जरी सेवा बहाल होने से मरीजों की संख्या बढ़ी है। 100 सर्जरी हो चुकी हैं। एक और नवीनतम फेको मशीन की मांग है।
रेडियोलॉजी: स्तन कैंसर जांच की मैमोग्राफी मशीन कंडम घोषित है। यह मिलने पर स्तन कैंसर जांच की सुविधा शुरू होगी। अल्ट्रासाउंड मशीन पुरानी है। इससे गहन परीक्षण संभव नहीं है। गर्भवती के लेवल-टू अल्ट्रासाउंड तक नहीं हो पाते हैं। अतिरिक्त पोर्टेबल एक्सरे मशीन की जरूरत है।
ईएनटी विभाग : टॉन्सिल हटाने के लिए कॉब्लेटर मशीन, ऑपरेटिंग माइक्रोस्कोप, कम रक्तस्त्राव व सटीक उपचार के लिए ईएनटी लेजर, श्रवण जांच के लिए डिजिटल ऑडियोमीटर व अंदरूनी जांच को ब्रोंकोस्कोप की मांग है।
डीआईपीएचएल : एकीकृत लैब व अस्पताल लैब की सेवाओं का विस्तार होना है। बायोसेपटी कैबिनेट, लैमिनार एयर फ्लो ए-2, बीओडी इंक्युबेटर फॉर फंगल
कल्चर, ऑटोमेटिक वाइटेक्स, सीबीसी पार्ट-5, ग्रोसिंग स्टेशन इत्यादि की जरूरत है।
दंत विभाग : दंत प्रत्यारोपण के लिए एंडोमोटर, फिजियो डिस्पेंसर इम्प्लांट, इंप्लांट किट, ट्रॉमाकिट मिलने पर दंत रोगियों को चिकित्सा विशेषज्ञों सहित सेवाएं मिलेंगी।
ब्लड बैंक ट्रांसपोर्ट बस
ब्लड बैंक के लिए ट्रांसपोर्ट बस की मांग है। यह ब्लड कैंप व आपदा के दौरान इस्तेमाल होगी। मल्टी चैनल मॉनिटर, बाईपेप मशीन, ईसीजी व फोगिंग मशीन, आईसीयू बेड्स, इलेक्ट्रिक बेड्स, ओटी लाइट, इंफ्यूजन पंप सहित सेंसरी बबल ट्यूब फिजियोथैरेपी विभाग की जरूरत हैं।
नागरिक अस्पताल की पीएमओ डॉ. रीना जैन ने बताया कि सीएसआर के तहत नवीनतम उपकरण व मशीनें उपलब्ध होंगी जिनकी डिमांड लिस्ट मुख्यालय भिजवा दी हैं।













