दिल्ली, India vs Pakistan T20 World Cup 2026: क्रिकेट जगत जिस ऐतिहासिक घड़ी का इंतजार कर रहा था, वह आ गई है। आईसीसी टी20 वर्ल्ड कप 2026 का सबसे बड़ा ‘ब्लॉकबस्टर’ मैच रविवार को भारत और पाकिस्तान के बीच खेला जाएगा। ग्रुप-ए की ये दोनों दिग्गज टीमें श्रीलंका की राजधानी कोलंबो स्थित आर प्रेमदासा स्टेडियम में टकराने के लिए तैयार हैं। यह मैच सिर्फ खेल नहीं, बल्कि भावनाओं का ज्वार है। दिल्ली से लेकर कोलंबो तक फैंस की धड़कनें तेज हो चुकी हैं और खिलाड़ी भी इस ‘महाजंग’ के लिए अपनी कमर कस चुके हैं। आइए जानते हैं उन 5 ‘प्लेयर बैटल्स’ के बारे में जो इस मैच का रोमांच बढ़ाएंगे।
अभिषेक शर्मा v/s शाहीन अफरीदी
टीम इंडिया के युवा ओपनर अभिषेक शर्मा पिछले मैच से बाहर थे, लेकिन अब वे पूरी तरह फिट होकर वापसी कर रहे हैं। ‘शर्मा जी का बेटा’ जिस आक्रामक अंदाज में बल्लेबाजी करता है, उससे पाकिस्तान के खेमे में खलबली मचना तय है। यहां सबसे दिलचस्प मुकाबला अभिषेक और पाकिस्तानी पेसर शाहीन शाह अफरीदी के बीच होगा। एशिया कप में अभिषेक ने शाहीन की गति का मुंहतोड़ जवाब दिया था। आंकड़ों की बात करें तो टी20 इंटरनेशनल में अभिषेक ने शाहीन की 19 गेंदों पर 36 रन कूटे हैं, जो इस जंग को और रोमांचक बनाता है।
साहिबजादा फरहान बनाम जसप्रीत बुमराह
जब पिछली बार एशिया कप में भारत-पाक आमने-सामने थे, तो साहिबजादा फरहान और जसप्रीत बुमराह की भिड़ंत ने सबको चौंकाया था। फैंस इस जोड़ी को दोबारा मैदान पर देखने के लिए बेताब हैं। साहिबजादा ने बुमराह की सटीक लाइन-लेंथ का जिस तरह सामना किया था, वह काबिले तारीफ था। इन दोनों के बीच अब तक 34 गेंदों का मुकाबला हुआ है, जिसमें साहिबजादा ने बिना डरे 51 रन बटोरे हैं। रविवार को बुमराह अपना हिसाब बराबर करने उतरेंगे।
कप्तान सूर्या बनाम अबरार अहमद
भारतीय टी20 कप्तान सूर्यकुमार यादव (SKY) अपने करियर की सर्वश्रेष्ठ फॉर्म में चल रहे हैं। वर्ल्ड कप के इस अहम मोड़ पर सूर्या के सामने पाकिस्तान के फिरकी गेंदबाज अबरार अहमद की चुनौती होगी। यह मुकाबला तकनीकी रूप से बहुत अहम है। टी20 में अब तक इनका आमना-सामना सिर्फ 9 गेंदों के लिए हुआ है, जिसमें सूर्या ने 12 रन बनाए हैं और अबरार उन्हें एक बार भी आउट नहीं कर पाए हैं।
सैम अयूब बनाम अर्शदीप सिंह
पाकिस्तान के युवा टैलेंट सैम अयूब ने अपनी बल्लेबाजी से प्रभावित किया है, भले ही एशिया कप में उनका बल्ला शांत रहा हो। वर्ल्ड कप के इस मंच पर उन पर सभी की नजरें टिकी होंगी। अयूब के सामने होंगे भारत के बाएं हाथ के तेज गेंदबाज अर्शदीप सिंह। खास बात यह है कि टी20 इंटरनेशनल में आज तक इन दोनों का कभी सामना नहीं हुआ है। यह ‘अनदेखी जंग’ मैच का रोमांच बढ़ाएगी।
हार्दिक पांड्या बनाम उस्मान तारिक
भारतीय टीम के धाकड़ ऑलराउंडर हार्दिक पांड्या इस समय जबरदस्त लय पकड़ चुके हैं। मिडिल ओवर्स में आकर वे बड़े शॉट्स लगाने में माहिर हैं और फैंस का भरपूर मनोरंजन कर रहे हैं। पाकिस्तान के खिलाफ उनसे मैच फिनिश करने की उम्मीदें हैं। लेकिन यहां उनके सामने होंगे पाकिस्तान के ‘मिस्ट्री स्पिनर’ उस्मान तारिक, जो अपनी अजीबोगरीब एक्शन के कारण बल्लेबाजों के लिए पहेली बने हुए हैं। हार्दिक और उस्मान की यह पहली टक्कर देखने लायक होगी।
T20 World Cup 2026: कोलकाता के ईडन गार्डन्स में इंग्लैंड का डरावना रिकॉर्ड, सिर्फ 1 जीत
T20 वर्ल्ड कप की भरोसेमंद कवरेज और हर बड़े अपडेट के लिए Haryana News Post पर बने रहें।













