IPL 2026: दुनिया की सबसे अमीर और रोमांचक क्रिकेट लीग, आईपीएल 2026 का नया सीजन एक बार फिर दर्शकों के दिलों की धड़कनें बढ़ाने के लिए तैयार है। 28 मार्च से शुरू हो चुका है। इस टूर्नामेंट में 10 टीमें 13 अलग-अलग वेन्यू पर अपनी श्रेष्ठता साबित करने उतरेंगी। उद्घाटन मुकाबले में डिफेंडिंग चैंपियन रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु का सामना सनराइजर्स हैदराबाद से होगा। इस बार का सीजन न केवल खिताबी जंग के लिए जाना जाएगा, बल्कि क्रिकेट इतिहास के कुछ सबसे बड़े व्यक्तिगत कीर्तिमानों के टूटने का गवाह भी बनेगा। खेल प्रेमियों की नजरें विशेष रूप से विराट कोहली और एमएस धोनी जैसे दिग्गजों पर टिकी हैं, जो अपने करियर के सबसे महत्वपूर्ण मुकाम पर हैं।
विराट कोहली रचेंगे इतिहास
रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु के स्टार बल्लेबाज विराट कोहली इस सीजन में एक ऐसा कीर्तिमान स्थापित कर सकते हैं जिसे छूना किसी भी बल्लेबाज के लिए सपना होगा। कोहली को आईपीएल इतिहास में 9000 रन पूरे करने वाले पहले खिलाड़ी बनने के लिए केवल 339 रनों की आवश्यकता है। इतना ही नहीं, छक्कों के मामले में भी वह क्रिस गेल और रोहित शर्मा के विशिष्ट क्लब में शामिल होने के करीब हैं। उन्हें लीग में अपने 300 छक्के पूरे करने के लिए सिर्फ 9 और हिट्स की जरूरत है। उनकी मौजूदा फॉर्म को देखते हुए फैंस उम्मीद कर रहे हैं कि सीजन के आधे सफर तक ही वह इन दोनों मील के पत्थरों को पार कर लेंगे।
भुवनेश्वर कुमार और गेंदबाजों का दबदबा
गेंदबाजी के मोर्चे पर सनराइजर्स हैदराबाद के अनुभवी स्विंग गेंदबाज भुवनेश्वर कुमार इतिहास रचने के बेहद करीब हैं। उन्हें आईपीएल में 200 विकेट पूरे करने के लिए मात्र 2 विकेटों की दरकार है। यदि वह ऐसा कर लेते हैं, तो वह इस आंकड़े तक पहुंचने वाले टूर्नामेंट के पहले विशुद्ध तेज गेंदबाज बन जाएंगे। उनके साथ ही स्पिन जादूगर सुनील नरेन भी 200 विकेटों की कतार में हैं, जिन्हें यह उपलब्धि हासिल करने के लिए 8 विकेट चाहिए। वहीं अर्शदीप सिंह अपने 100 विकेट पूरे करने से सिर्फ 3 विकेट दूर हैं, जो उनकी कम उम्र में एक बड़ी उपलब्धि होगी।
धोनी का ‘विंटेज’ जलवा और युवा सितारों की रेस
चेन्नई सुपर किंग्स के थाला, महेंद्र सिंह धोनी इस सीजन में सबसे उम्रदराज खिलाड़ी के रूप में मैदान पर उतरेंगे। वह ऑस्ट्रेलिया के ब्रैड हॉज (45 साल 92 दिन) का रिकॉर्ड तोड़कर आईपीएल इतिहास के सबसे बुजुर्ग सक्रिय खिलाड़ी बन सकते हैं। दूसरी ओर, युवा ब्रिगेड में भी रनों की होड़ मची है। संजू सैमसन को 5000 रनों के लिए 296 रन, सूर्यकुमार यादव को मुंबई इंडियंस के लिए 4000 रन पूरे करने हेतु 293 रन और शुभमन गिल को 4000 रनों के आंकड़े के लिए महज 134 रनों की जरूरत है। जोस बटलर भी वैश्विक टी20 क्रिकेट में 600 छक्कों का रिकॉर्ड बनाने के लिए बेताब होंगे, जिसके लिए उन्हें केवल 7 छक्के और चाहिए।
चिन्नास्वामी में अनिकेत वर्मा का ‘पावर शो’, पोलार्ड और पांड्या का रिकॉर्ड ध्वस्त
IPL 2026 की भरोसेमंद कवरेज और हर बड़े अपडेट के लिए Haryana News Post पर बने रहें।













