Ravindra Jadeja Record Break Dhoni: दिल्ली : वेस्टइंडीज के खिलाफ पहले टेस्ट मैच में रवींद्र जडेजा ने एक बार फिर अपनी बल्लेबाजी का जलवा दिखाया। उन्होंने शानदार अर्धशतकीय पारी खेलकर भारत के पूर्व कप्तान और विकेटकीपर बल्लेबाज एमएस धोनी का बड़ा रिकॉर्ड तोड़ दिया।
जडेजा अब टेस्ट क्रिकेट में सबसे ज्यादा छक्के लगाने वाले भारतीय खिलाड़ियों की लिस्ट में चौथे नंबर पर पहुंच गए हैं। दूसरे दिन के दूसरे सेशन के अंत तक जडेजा ने 81 गेंदों में तीन चौकों और चार छक्कों की मदद से नाबाद 50 रन बनाए। इन चार छक्कों के साथ उनके टेस्ट करियर में छक्कों की संख्या 79 हो गई, जिससे उन्होंने धोनी के 78 छक्कों का रिकॉर्ड पीछे छोड़ दिया।
धोनी को पछाड़ा, टॉप-3 में ये दिग्गज Ravindra Jadeja
जडेजा ने 86 टेस्ट मैचों में 79 छक्के लगाकर धोनी (90 टेस्ट में 78 छक्के) को पीछे छोड़ दिया। उनसे ऊपर अब केवल रोहित शर्मा (67 टेस्ट में 88 छक्के), वीरेंद्र सहवाग (103 टेस्ट में 90 छक्के) और ऋषभ पंत (47 टेस्ट में 90 छक्के) हैं। जडेजा की इस उपलब्धि ने फैंस को उत्साहित कर दिया है, और उनकी बल्लेबाजी का यह रंग हर किसी को प्रभावित कर रहा है।
2025 में जडेजा का जलवा
इस साल जडेजा टेस्ट क्रिकेट में शानदार फॉर्म में हैं। उन्होंने 2025 में सात टेस्ट मैचों की 13 पारियों में 75.62 की औसत से 605 रन बनाए हैं। इसमें एक शतक और छह अर्धशतक शामिल हैं, और उनका सर्वश्रेष्ठ स्कोर नाबाद 107 रहा है। खास बात यह है कि इस साल टेस्ट में सात अर्धशतक बनाने वाले वह दुनिया के इकलौते बल्लेबाज हैं। जडेजा की यह फॉर्म भारतीय टीम के लिए किसी तोहफे से कम नहीं है।
4,000 टेस्ट रन से बस एक कदम दूर
जडेजा अपने टेस्ट करियर में 4,000 रन के आंकड़े से अब सिर्फ 64 रन दूर हैं। उनके नाम 86 टेस्ट मैचों की 129 पारियों में 38.21 की औसत से 3,936 रन हैं, जिसमें पांच शतक और 28 अर्धशतक शामिल हैं।
उनका सर्वश्रेष्ठ स्कोर नाबाद 175 रन है। हाल ही में इंग्लैंड के खिलाफ एंडरसन-तेंदुलकर ट्रॉफी में भी जडेजा ने कमाल दिखाया था। उन्होंने 10 पारियों में 86.00 की औसत से 516 रन बनाए, जिसमें एक शतक और पांच अर्धशतक शामिल थे। इस प्रदर्शन के साथ वह भारत के चौथे सबसे सफल बल्लेबाज रहे।













