Rohit Sharma ICC T20 : भारत और श्रीलंका की सह-मेजबानी में होने वाले ICC T20 World Cup 2026 के लिए भारतीय क्रिकेट के दिग्गज रोहित शर्मा को आधिकारिक ब्रांड एंबेसडर नियुक्त किया गया है। यह अहम घोषणा मंगलवार (25 नवंबर) को मुंबई में आयोजित कार्यक्रम में आईसीसी अध्यक्ष जय शाह ने की। इसी कार्यक्रम के दौरान टूर्नामेंट का पूरा शेड्यूल भी जारी किया गया।
रोहित ने कहा—“मेरे लिए बड़ा सौभाग्य” Rohit Sharma ICC T20
ब्रांड एंबेसडर बनाए जाने के बाद रोहित शर्मा बेहद भावुक दिखे। उन्होंने कहा—
“आईसीसी इवेंट का एंबेसडर बनना मेरे लिए बहुत बड़ा सम्मान है। मुझे बताया गया कि किसी भी सक्रिय खिलाड़ी को पहले कभी यह जिम्मेदारी नहीं मिली, इसलिए यह और भी खास है। मैं दिल से आभारी हूं।”
टी20 फॉर्मेट से संन्यास ले चुके रोहित ने उम्मीद जताई कि टीम इंडिया अगले साल भी वही जादू दोहराएगी।
ICC ट्रॉफी जीतना आसान नहीं—रोहित की भावनाएं
18 साल के अंतरराष्ट्रीय करियर में कई उतार-चढ़ाव देख चुके रोहित ने कहा कि आईसीसी ट्रॉफी जीतना हमेशा बेहद चुनौतीपूर्ण रहा है।
उन्होंने याद किया—
“2013 चैंपियंस ट्रॉफी के बाद हमें 11 साल इंतजार करना पड़ा। 2024 टी20 विश्व कप ने वह सूखा खत्म किया। मैंने शुरुआत में दो और हाल ही में दो बड़े खिताब जीते, लेकिन बीच का सफर बहुत कठिन था।”
उन्होंने कहा कि यह जीतें सिर्फ खिलाड़ियों के लिए नहीं, बल्कि पूरे देश की खुशी से जुड़ी होती हैं।
दो T20 World Cup जीतने वाले इकलौते भारतीय
रोहित शर्मा 2007 में एमएस धोनी की कप्तानी में अपना पहला टी20 विश्व कप जीत चुके हैं।
2024 में, दक्षिण अफ्रीका को हराकर उन्होंने कप्तान के रूप में अपना पहला आईसीसी खिताब जीता।
वे दो टी20 विश्व कप जीतने वाले एकमात्र भारतीय खिलाड़ी और धोनी के बाद खिताब जीतने वाले दूसरे भारतीय कप्तान हैं।
अब घर बैठे देखेंगे T20 World Cup 2026
टेस्ट से संन्यास के बाद अब रोहित केवल वनडे फॉर्मेट में सक्रिय हैं।
उन्होंने कहा—
“सालों तक टी20 विश्व कप खेलने के बाद अब बाहर बैठकर टूर्नामेंट देखना अलग ही एहसास होगा। लेकिन अब मैं घर से मैच देखने का आदी हो रहा हूं।”
भारत का 2026 T20 World Cup शेड्यूल
भारत अपना अभियान 7 फरवरी को मुंबई में यूएसए के खिलाफ शुरू करेगा।
इसके बाद टीम—
12 फरवरी: नामीबिया, दिल्ली
15 फरवरी: पाकिस्तान, कोलंबो (हाई-वोल्टेज मुकाबला)
18 फरवरी: नीदरलैंड्स, अहमदाबाद
इन मैचों के बाद टीम सुपर-स्टेज में जगह बनाने की कोशिश करेगी।













