Rohit Sharma Sixes most odi world record: दिल्ली: टीम इंडिया के हिटमैन रोहित शर्मा, जिन्हें हाल ही में वनडे कप्तानी से हटाया गया, ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ तीन मैचों की वनडे सीरीज के साथ इंटरनेशनल क्रिकेट में जोरदार वापसी करने को तैयार हैं। रोहित ने आखिरी बार आईसीसी चैंपियंस ट्रॉफी में भारत के लिए खेला था, जहां उन्होंने टीम को खिताब दिलाया।
इंग्लैंड दौरे से पहले उन्होंने टेस्ट क्रिकेट से संन्यास ले लिया था। कुछ खबरों की मानें तो ऑस्ट्रेलिया दौरा उनका आखिरी दौरा हो सकता है।
विश्व रिकॉर्ड की दहलीज पर रोहित Rohit Sharma Sixes
रोहित शर्मा ऑस्ट्रेलिया दौरे पर शानदार प्रदर्शन के लिए बेकरार हैं। वह 2027 वनडे विश्व कप में अपनी जगह पक्की करने के लिए मजबूत दावा पेश करना चाहते हैं। इसके साथ ही रोहित एक बड़े विश्व रिकॉर्ड को तोड़ने के भी करीब हैं।
उन्होंने वनडे क्रिकेट में अब तक 344 छक्के लगाए हैं, जो पाकिस्तान के पूर्व क्रिकेटर शाहिद अफरीदी (351 छक्के) के बाद दूसरे नंबर पर हैं।
क्या रोहित बनाएंगे नया कीर्तिमान?
अगर रोहित ऑस्ट्रेलिया में 8 छक्के और जड़ देते हैं, तो वह वनडे क्रिकेट में सबसे ज्यादा छक्के लगाने का विश्व रिकॉर्ड अपने नाम कर लेंगे।
इतना ही नहीं, वह सबसे तेज 350 वनडे छक्के लगाने वाले बल्लेबाज भी बन जाएंगे। अफरीदी ने 350 छक्के 398 मैचों में लगाए थे, जबकि रोहित ने अब तक सिर्फ 273 वनडे खेले हैं। सभी फॉर्मेट में 637 छक्कों के साथ रोहित पहले ही इंटरनेशनल क्रिकेट में सबसे ज्यादा छक्के लगाने वाले बल्लेबाज हैं।
भारत-ऑस्ट्रेलिया सीरीज का शेड्यूल
भारत और ऑस्ट्रेलिया के बीच वनडे सीरीज 19 अक्टूबर से पर्थ में शुरू होगी। दूसरा वनडे 23 अक्टूबर को एडिलेड और तीसरा 25 अक्टूबर को सिडनी में खेला जाएगा। इसके बाद 29 अक्टूबर से 5 नवंबर तक दोनों देशों के बीच पांच टी20 मैचों की सीरीज होगी।













