मुंबई के वानखेड़े स्टेडियम में रविवार, 29 मार्च को आईपीएल 2026 के उद्घाटन मैच में कोलकाता नाइट राइडर्स (KKR) के खिलाफ मैदान पर उतरते ही रोहित शर्मा ने एक ऐसी उपलब्धि हासिल कर ली है, जो बड़े-बड़े दिग्गजों के लिए सपना है। रोहित शर्मा अब इंडियन प्रीमियर लीग के इतिहास के पहले और एकमात्र खिलाड़ी बन गए हैं, जिन्होंने टूर्नामेंट के सभी 19 सीजन (2008-2026) एक ‘कैप्ड’ खिलाड़ी के रूप में खेले हैं। इसका सीधा मतलब यह है कि 2008 में जब आईपीएल का पहला सीजन शुरू हुआ था, तब से लेकर आज तक रोहित हर बार टीम इंडिया के लिए अंतरराष्ट्रीय मैच खेल चुके खिलाड़ी के तौर पर नीलामी या रिटेंशन का हिस्सा रहे हैं।
विराट कोहली से यहां आगे निकल गए ‘हिटमैन’
रिकॉर्ड्स के पन्नों को पलटें तो रोहित शर्मा और विराट कोहली ही ऐसे दो खिलाड़ी हैं जिन्होंने आईपीएल के पहले सीजन से लेकर अब तक एक भी सीजन मिस नहीं किया है। हालांकि, रोहित और विराट के बीच का अंतर उनके अंतरराष्ट्रीय डेब्यू की तारीख तय करती है। रोहित शर्मा ने आईपीएल शुरू होने से काफी पहले जून 2007 में आयरलैंड के खिलाफ बेलफास्ट में अपना वनडे डेब्यू किया था और उसी साल टी20 वर्ल्ड कप में भी जलवा बिखेरा था। इसके विपरीत, विराट कोहली ने 2008 में आरसीबी के साथ एक ‘अनकैप्ड’ (जिसने अंतरराष्ट्रीय मैच न खेला हो) खिलाड़ी के तौर पर शुरुआत की थी और उस साल अगस्त में श्रीलंका के खिलाफ अपना पहला अंतरराष्ट्रीय मैच खेला था। यही कारण है कि विराट 19 सीजन खेलने के बावजूद रोहित के इस विशेष ‘कैप्ड’ रिकॉर्ड की बराबरी नहीं कर पाए।
डेक्कन चार्जर्स से शुरू हुआ सफर और मुंबई में रचा इतिहास
रोहित शर्मा ने अपने आईपीएल सफर की शुरुआत अब भंग हो चुकी फ्रेंचाइजी डेक्कन चार्जर्स के साथ की थी। उन्होंने पहले तीन सीजन में इस टीम का प्रतिनिधित्व किया और 45 मैचों में 1170 रन बनाए। साल 2009 रोहित के लिए बेहद खास रहा, जहां उन्होंने न केवल टीम को खिताब जिताने में मदद की, बल्कि ‘इमर्जिंग प्लेयर ऑफ द सीजन’ का खिताब भी जीता। दिलचस्प तथ्य यह है कि रोहित ने उसी सीजन में अपनी वर्तमान टीम मुंबई इंडियंस के खिलाफ एक हैट्रिक भी चटकाई थी। 2011 में मुंबई इंडियंस से जुड़ने के बाद रोहित ने पीछे मुड़कर नहीं देखा और अपनी कप्तानी में टीम को पांच बार चैंपियन बनाया। आज वह 2026 के सीजन में भी उसी आक्रामकता के साथ बल्लेबाजी कर रहे हैं, जो उनकी फिटनेस और निरंतरता का प्रमाण है।
धोनी की चोट ने बढ़ाई सीएसके की टेंशन: शुरुआती 2 हफ्ते मैदान से दूर रहेंगे ‘थाला’
IPL 2026 की भरोसेमंद कवरेज और हर बड़े अपडेट के लिए Haryana News Post पर बने रहें।












