Shubman Gill Injury Update: कोलकाता। भारतीय कप्तान शुभमन गिल को रविवार को अस्पताल से छुट्टी मिल गई, जहां गर्दन में स्पैज्म की चोट के इलाज के लिए उनका भर्ती किया गया था। दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ पहले टेस्ट मैच के दौरान गिल को गर्दन में चोट लगी थी।
बंगाल क्रिकेट संघ (सीएबी) के अध्यक्ष सौरव गांगुली रविवार को वुडलैंड्स मल्टीस्पेशलिटी अस्पताल में गिल से मिलने पहुंचे। भारत को ईडन गार्डन्स की मुश्किल पिच पर 30 रन से हार झेलनी पड़ी और दो मैचों की सीरीज में दक्षिण अफ्रीका ने 1-0 की बढ़त बना ली।
गुवाहाटी में खेलने पर संशय बरकरार Shubman Gill Injury Update
दूसरे दिन बल्लेबाजी के दौरान चोटिल हुए गिल तीसरे दिन मैच शुरू होने से पहले ही पहले टेस्ट से बाहर हो चुके थे। गिल दूसरी पारी में बल्लेबाजी के लिए उपलब्ध नहीं थे, जिसमें भारतीय टीम 93 रन पर सिमट गई। हालांकि, टीम मैनेजमेंट ने 22 नवंबर से गुवाहाटी में शुरू होने वाले दूसरे मैच में उनके खेलने पर अभी कोई फैसला नहीं लिया है। टीम मंगलवार को गुवाहाटी के लिए रवाना होगी।
भारत को कर लेना चाहिए था 124 का लक्ष्य हासिल
इधर, गांगुली ने कहा कि ईडन की पिच ‘सर्वश्रेष्ठ टेस्ट विकेट’ तो नहीं थी, लेकिन भारत को 124 रन का लक्ष्य जरूर हासिल कर लेना चाहिए था। मैच के बाद पत्रकारों से बातचीत में उन्होंने कहा, ‘इसमें कोई विवाद ही नहीं है। यह सर्वश्रेष्ठ टेस्ट विकेट नहीं था, लेकिन दुर्भाग्य से भारत हार गया। उन्हें फिर भी 120 रन बनाने चाहिए थे।
यह सर्वश्रेष्ठ टेस्ट पिच नहीं थी। गंभीर ने कहा कि उन्हें ऐसी पिच चाहिए थी और उन्होंने खुद क्यूरेटर को निर्देश दिए थे। यह सच है कि निर्देश दिए गए थे और मैं वही दोहराऊंगा जो मैंने पहले कहा था। गौतम ने इंग्लैंड में वनडे और टी20 क्रिकेट में भारत के लिए अच्छा प्रदर्शन किया है। हम कुछ समय तक ऐसा ही करते रहेंगे, लेकिन हमें अच्छी पिचों पर खेलना चाहिए।’
मोहम्मद शमी का वापसी की गांगुली ने की वकालत
भारत के मुख्य कोच के रूप में गंभीर के काम की तारीफ करने के अलावा गांगुली ने टेस्ट टीम के लिए मोहम्मद शमी की मौजूदगी के महत्व पर भी जोर दिया, जो एक साफ संदेश है कि भारत को अपने अनुभवी तेज गेंदबाज को नजरअंदाज नहीं करना चाहिए।
उन्होंने कहा, ‘उन्हें बुमराह, सिराज और शमी पर भरोसा होना चाहिए। स्पिनरों पर भी, जो उनके लिए टेस्ट मैच जीतते हैं।’ गांगुली ने टेस्ट टीम को मैच की रणनीति के बारे में भी सलाह दी। उन्होंने कहा, ‘टेस्ट मैच तीन दिन में नहीं, पांच दिन में जीतो।’













