Vipraj Nigam FIR blackmail threat: बाराबंकी: आईपीएल सीजन 2024-25 में अपने शानदार खेल से सुर्खियां बटोरने वाले होनहार क्रिकेटर विप्रज निगम ब्लैकमेलिंग और इंटरनेशनल कॉल से आ रही धमकियों के चलते परेशान हैं। विप्रज ने शहर के कोतवाली थाने में मामले की रिपोर्ट दर्ज कराई है।
मूल रूप से बाराबंकी जिले के हैदरगढ़ कोतवाली क्षेत्र के भटखेड़ा वार्ड निवासी और दिल्ली कैपिटल्स के ऑलराउंडर विप्रज निगम ने नगर कोतवाली में तहरीर देकर एक युवती पर ब्लैकमेल और बदनाम करने का आरोप लगाया है।
युवती कर रही है फोन पर ब्लैकमेल Vipraj Nigam FIR
विप्रज ने पुलिस को बताया कि युवती द्वारा फोन पर अनुचित डिमांड की जा रही थी, और डिमांड पूरी न होने पर वीडियो वायरल करने की धमकी दी जा रही थी।
विप्रज के अनुसार युवती का नंबर ब्लॉक करने के बाद उन्हें लगातार इंटरनेशनल कॉल्स के जरिए धमकियां मिल रही हैं और उन्हें और उनके परिवार को सार्वजनिक रूप से बदनाम करने की चेतावनी दी जा रही है।
करियर को नुकसान पहुंचाने की है ये साजिश
खिलाड़ी ने कहा कि ये सब उनके करियर को नुकसान पहुंचाने और मानसिक रूप से प्रताड़ित करने की कोशिश है। रविवार की दोपहर क्रिकेटर विप्रज निगम कोतवाली पहुंचे और पूरी घटना की जानकारी देते हुए लिखित तहरीर दी।
पुलिस ने तत्काल मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। नगर कोतवाल सुधीर कुमार सिंह ने बताया कि शिकायत दर्ज कर ली गई है और कॉल डिटेल्स तथा डिजिटल साक्ष्यों की जांच कराई जा रही है।
दिल्ली कैपिटल्स के हैं आईपीएल में सदस्य
विप्रज निगम एक बेहतरीन ऑलराउंडर हैं। दिल्ली कैपिटल्स के लिए उनका प्रदर्शन आईपीएल 2025 में शानदार रहा था। 14 मैचों में 142 रन बनाने के अलावा विप्रज ने 11 विकेट भी लिए थे।
निगम की निचले क्रम में आकर खेली गई विस्फोटक पारियों ने फैंस को रोमांचित किया था। क्रिकेट की दुनिया में तेजी से उभरता यह सितारा अब एक नए विवाद में फंस गया है।













