Kapil Sharma Kaps Cafe Firing: कपिल शर्मा ने कैप्स कैफे पर तीन बार हुई फायरिंग पर खुलकर बात की। कहा कनाडा पुलिस कमजोर है, लेकिन हर बार फायरिंग के बाद बिजनेस और बढ़ गया।
कॉमेडियन कपिल शर्मा इन दिनों अपनी आने वाली फिल्म किस किस को प्यार करूं 2 को लेकर सुर्खियों में हैं। करीब दस साल बाद फिल्म का दूसरा भाग 12 दिसंबर 2025 को रिलीज हो रहा है।
कैफे पर 3 बार गोली चली फिर भी बिजनेस बढ़ा
फिल्म में फिर एक बार कपिल की तीन शादियां दिखेंगी लेकिन अलग अलग धर्म की लड़कियों से और असली प्यार सिख लड़की से जिससे वो चौथी शादी करना चाहते हैं। कल फिल्म के ट्रेलर लॉन्च के दौरान कपिल से उनके कनाडा वाले कैप्स कैफे पर हुई फायरिंग के बारे में पूछा गया।
ट्रेलर लॉन्च पर कपिल ने खुलकर बात की। उन्होंने कहा कि कैप्स कैफे पर तीन बार फायरिंग हो चुकी है और मुझे लगता है कि वहां के नियम और पुलिस के पास इतनी ताकत नहीं है कि वो इसे रोक सकें। जैसे ही ये घटना हुई हमारा मामला कनाडा की संसद तक पहुंच गया। मुझे लगता है ऊपर वाला जो करता है उसके पीछे कोई न कोई वजह होती है जो हम नहीं समझ पाते।
फायरिंग की खबर आने के बाद बहुत सारे लोगों के फोन आए। न्यूज बनने के बाद वहां की पुलिस और कोर्ट अब इसे ठीक करने में लग गए हैं। मैं मुंबई और अपने देश में कभी असुरक्षित नहीं महसूस करता।
कपिल शर्मा ने कहा बेस्ट है मुंबई पुलिस
हमारी मुंबई पुलिस जैसी दुनिया में कोई नहीं। वहां जब भी गोली चली अगले दिन हमारी और बड़ी ओपनिंग हो गई। अगर ऊपर वाला साथ दे रहा है तो सब ठीक रहता है। ये कहते ही कपिल जोर से हंस पड़े।
इस साल की शुरुआत में कपिल ने कनाडा में अपना कैप्स कैफे खोला था। 10 जुलाई, 7 अगस्त और 16 अक्टूबर इन तीन तारीखों को अज्ञात लोगों ने कैफे पर ताबड़तोड़ गोलियां चलाई थीं।
अच्छी बात ये रही कि तीनों बार कोई घायल नहीं हुआ। हमले की जिम्मेदारी लॉरेंस बिश्नोई गैंग ने ली थी। खबरें थीं कि सलमान खान से कपिल की अच्छी दोस्ती की वजह से ये हमले हुए।










