Laxmi Nivas Tere Ishq Mein : भारतीय टेलीविजन के दर्शकों के बीच ज़ी टीवी का धारावाहिक ‘लक्ष्मी निवास’ इन दिनों अपनी भावुक कहानी और पारिवारिक संघर्ष के चलते लगातार सुर्खियां बटोर रहा है। एक आम मध्यमवर्गीय परिवार के सपनों और रिश्तों की ताने-बाने पर बुना यह शो अब अपने नए रोमांटिक ट्रैक के कारण चर्चा में है। शो के मुख्य किरदार वीर और राधिका के बीच पनपते प्यार पर फिल्माया गया गाना ‘तेरे इश्क़ में’ दर्शकों की पहली पसंद बन गया है। सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म्स पर इस गाने को लेकर फैंस के बीच जबरदस्त दीवानगी देखी जा रही है।
इस गाने की सफलता के पीछे एक बेहतरीन म्यूजिक टीम का हाथ है। गायक चेतन भारंगा ने इस ट्रैक को अपनी जादुई आवाज से सजाया है, जबकि संगीत निर्देशक अंकित चेतन ने इसका कर्णप्रिय म्यूजिक तैयार किया है। गीतकार संदीप शरारे के लिखे जज्बाती बोल सीधे दर्शकों के दिलों को छू रहे हैं। यही वजह है कि इंस्टाग्राम रील्स से लेकर यूट्यूब तक, हर जगह इस गाने के फैन-मेड एडिट्स और वीडियो जमकर वायरल हो रहे हैं, जिससे इस ट्रैक की लोकप्रियता हर दिन नया रिकॉर्ड बना रही है।
राघव तिवारी और अक्षिता मुद्गल ने फैंस के लिए लिखा भावुक संदेश
गाने को मिल रही इस शानदार प्रतिक्रिया से शो के लीड एक्टर राघव तिवारी बेहद उत्साहित हैं। अपनी खुशी जाहिर करते हुए राघव तिवारी ने कहा, “सच कहूं तो ‘तेरे इश्क़ में’ को जिस तरह का प्यार मिला है, वह हम सभी के लिए बेहद खास और दिल छू लेने वाला है। जब यह गाना तैयार हुआ था, तब हमें महसूस हुआ था कि इसमें कुछ खास बात है, क्योंकि यह वीर और राधिका के जज़्बात, मासूमियत और उनकी बढ़ती प्रेम कहानी को बेहद खूबसूरती से दिखाता है। लेकिन दर्शकों को इससे इतनी गहराई से जुड़ते देखना और इसे ट्रेंडिंग रोमांटिक ट्रैक्स में शामिल होते देखना सच में बहुत खास लगता है।” उन्होंने आगे कहा कि फैंस के हर मैसेज और रील से उन्हें हर दिन अपना सर्वश्रेष्ठ काम करने की प्रेरणा मिलती है।
शो की मुख्य अभिनेत्री अक्षिता मुद्गल ने भी दर्शकों के प्रति गहरा आभार व्यक्त किया है। अक्षिता मुद्गल ने कहा, “मेरे लिए ‘तेरे इश्क़ में’ को मिला रिस्पॉन्स बेहद खूबसूरत और जज़्बाती रहा है। एक्टर के तौर पर जब कोई गाना और प्रेम कहानी दर्शकों के दिलों से इतनी मजबूती से जुड़ जाए, तो वह एहसास बेहद सुकून देने वाला होता है। दर्शकों ने राधिका और वीर को जिस अपनापन और प्यार के साथ अपनाया है, उसके लिए मैं दिल से आभारी हूं।” अक्षिता को इस बात की सबसे ज्यादा खुशी है कि लोग इस किरदार की सच्चाई और दोनों की ऑन-स्क्रीन केमिस्ट्री से खुद को जुड़ा हुआ महसूस कर रहे हैं।
शो के आगामी एपिसोड में दिखेगा हाई-वोल्टेज ड्रामा
इस बीच ‘लक्ष्मी निवास’ की मुख्य कहानी में एक ऐसा मोड़ आ गया है जिसने दर्शकों को टीवी स्क्रीन से बांध कर रख दिया है। कहानी के हालिया घटनाक्रम के मुताबिक, वीर ने समाज और परिवार से छिपकर मंदिर में राधिका से शादी तो कर ली है, लेकिन अपनी पहचान को गुप्त रखा है। राधिका को भी अभी तक यह नहीं पता है कि उसका पति असल में वीर ही है। इस बीच जसवाल परिवार भी इस शादी से पूरी तरह अनजान है और दूसरी तरफ वीर की शादी माही के साथ कराने की तैयारियां भी जोरों पर चल रही हैं, जिससे पूरा मामला उलझ गया है।
राधिका से बेइंतहा मोहब्बत करने वाला वीर इस समय अपने इस बड़े फैसले के बाद पैदा हुए हालातों से अकेले ही जूझ रहा है। वहीं दूसरी ओर, राधिका उस रहस्यमयी मांग भरने वाले शख्स का सच जानने के लिए बेचैन है। कहानी में सबसे बड़ा और मजेदार मोड़ तब आता है, जब लक्ष्मी खुद वीर के पास जाती है और उसे राधिका की शादी का सच पता लगाने की बड़ी जिम्मेदारी सौंप देती है। लक्ष्मी इस बात से बिल्कुल अनजान है कि वह जिस अनजान शख्स की तलाश वीर से करवा रही है, वह दूल्हा खुद वीर ही है। आने वाले एपिसोड्स में यह देखना दिलचस्प होगा कि जब यह सच सबके सामने आएगा तो क्या भूचाल आएगा।
Samuk: अक्षय कुमार की नई फिल्म ‘सामुक’ का एलान, एलियंस के खौफ से कांपेगा बॉक्स ऑफिस
ग्लैमर वर्ल्ड की हर बड़ी अपडेट के लिए Haryana News Post पर नज़र बनाए रखें।












