यमुनानगर, 16 मई (हरियाणा न्यूज पोस्ट)। हरियाणा की राजनीति और विकास मॉडल को नई दिशा देने के लिए मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने आज यमुनानगर जिले में दो दिवसीय ‘प्रशिक्षण महाअभियान-2026’ की शुरुआत की। इस अहम कार्यक्रम से ठीक पहले मुख्यमंत्री ने आदिबद्री नारायण मंदिर पहुंचकर मां सरस्वती के उद्गम स्थल पर माथा टेका और प्रदेशवासियों की खुशहाली के लिए प्रार्थना की। इसके बाद उन्होंने राज्य सरकार के पिछले 11 वर्षों के ऐतिहासिक विकास कार्यों और जनहितैषी नीतियों पर आधारित एक भव्य राज्य स्तरीय विकास प्रदर्शनी का उद्घाटन भी किया। मुख्यमंत्री ने स्पष्ट शब्दों में कहा कि उनकी सरकार की हर नीति के केंद्र में गरीब, किसान, युवा और महिलाएं शामिल हैं।
₹500 में सिलेंडर से गरीब परिवारों को संबल
यमुनानगर के मंच से सरकार की बड़ी सामाजिक सुरक्षा नीतियों का ब्योरा देते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य की बेटियों को सशक्त बनाने के लिए ‘दीनदयाल लाडो लक्ष्मी योजना’ के तहत ₹2100 की मासिक वित्तीय सहायता दी जा रही है। इस फ्लैगशिप योजना के माध्यम से अब तक सूबे की 9 लाख 76 हजार लाभार्थियों के बैंक खातों में ₹1 हजार 415 करोड़ की भारी-भरकम राशि ट्रांसफर की जा चुकी है। इसके अतिरिक्त गरीब महिलाओं की रसोई का बोझ कम करने के लिए केवल ₹500 में गैस सिलेंडर मुहैया कराया जा रहा है, जिससे प्रदेश की करीब 14 लाख 38 हजार पात्र बहनों को सीधे तौर पर ₹243 करोड़ की बड़ी राहत मिली है।
अंग्रेजों के जमाने का ‘आबियाना’ टैक्स खत्म
किसानों के मुद्दे पर मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने हुंकार भरते हुए कहा कि हमारी सरकार की नीतियां पूरी तरह अन्नदाता के हितों को समर्पित हैं। देश में सबसे आगे रहते हुए हरियाणा सरकार किसानों की सभी 24 फसलों को न्यूनतम समर्थन मूल्य (MSP) पर खरीद रही है और अब तक सीधे 12 लाख किसानों के खातों में ₹1 लाख 80 हजार करोड़ रुपये भेजे जा चुके हैं। किसानों को बाजार के उतार-चढ़ाव से बचाने के लिए भावांतर भरपाई योजना लागू की गई है, साथ ही अंग्रेजों के जमाने से चले आ रहे पुराने ‘आबियाना’ (नहर पानी टैक्स) को जड़ से खत्म कर दिया गया है। फसल खराबे के एवज में पिछले 11 सालों में किसानों को ₹16 हजार 160 करोड़ का मुआवजा दिया गया है।
बिना पर्ची-खर्ची 1.80 लाख नौकरियां
मुख्यमंत्री ने युवाओं और गरीब परिवारों के लिए किए गए क्रांतिकारी सुधारों का जिक्र करते हुए बताया कि ‘हैप्पी हरियाणा’ योजना के तहत 18 लाख 20 हजार गरीब लोगों के हैप्पी कार्ड बनाए गए हैं, जिससे वे रोडवेज बसों में हर साल 1000 किलोमीटर तक बिल्कुल मुफ्त सफर कर सकते हैं। नौकरियों में पारदर्शिता का दावा करते हुए सीएम ने बताया कि पिछले महज एक साल में 36 हजार युवाओं को बिना किसी ‘पर्ची-खर्ची’ के योग्यता के दम पर सरकारी नौकरियां दी गई हैं, जिससे कुल सरकारी नौकरियों का आंकड़ा 11 सालों में 1 लाख 80 हजार पार कर गया है। इसके अलावा हरियाणा कौशल रोजगार निगम (HKRN) के माध्यम से 1 लाख 18 हजार युवाओं को सुरक्षित रोजगार दिया गया है।
भिवानी बोर्ड का बड़ा फैसला: Haryana D.El.Ed एग्जाम के लिए इस तारीख तक बिना लेट फीस भरें फॉर्म
ज़मीनी हकीकत, ब्रेकिंग न्यूज़ और जिलेवार अपडेट के लिए Haryana News Post से जुड़े रहें।












