Haryana news: दुष्यंत चौटाला बोले आचार संहिता से पहले मिले किसानों को मुआवजा

चंडीगढ़। पूर्व उपमुख्यमंत्री एवं जजपा के वरिष्ठ राष्ट्रीय उपाध्यक्ष दुष्यंत चौटाला ने मांग की कि राज्य सरकार लोकसभा चुनाव के मद्देनजर लगने वाली आचार संहिता से पहले बारिश और ओलावृष्टि से हुए फसल खराबे का मुआवजा किसानों को देकर राहत पहुंचाने का काम करे। उन्होंने कहा कि शुक्रवार शाम तक सभी जिलों से गिरदावरी संबंधी रिपोर्ट आ जाएगी। इसलिए नए मुख्यमंत्री को 20 घंटे में सभी पीड़ित किसानों को मुआवजा राशि वितरित करानी चाहिए।
किसानों को जल्द राहत मिले
उन्होंने कहा, अगर इसमें देरी होती है तो चुनाव प्रक्रिया के चलते किसानों को ढाई महीने का इंतजार करना पड़ेगा। उन्होंने पूर्व गठबंधन सरकार की बड़ी विकास परियोजनाओं को भी गति के साथ पूरा करवाने का आग्रह हरियाणा सरकार से किया है। चंडीगढ़ स्थित जजपा मुख्यालय में गठबंधन टूटने के बाद पहली बार मीडिया से रूबरू हुए दुष्यंत ने कहा कि पार्टी पूरी मजबूती के साथ लोकसभा व विधानसभा चुनाव लड़ेगी।
इससे पहले उन्होंने लोकसभा चुनाव को लेकर अंबाला और कुरुक्षेत्र लोकसभा के पदाधिकारियों के साथ बैठक करके उनकी राय जानी। दुष्यंत ने कहा कि लोकसभा चुनाव को लेकर जजपा लोकसभा क्षेत्र अनुसार कार्यकर्ताओं से मंथन कर रही है। दुष्यंत ने कहा कि कार्यकर्ताओं में पहला जैसा ही जोश और उत्साह है, इसलिए पहले से ज्यादा की ताकत के साथ जजपा लोकसभा और विधानसभा चुनाव लड़ेगी।
उन्होंने कहा कि जजपा ने निरंतर अपना वोट बैंक मजबूत किया है इसलिए लोकसभा चुनाव में भी सभी 90 विधानसभा क्षेत्रों पर पार्टी फोकस कर रही है। उन्होंने कहा, गठबंधन सरकार में बतौर उपमुख्यमंत्री उनका अनुभव बहुत अच्छा रहा है और प्रदेश के हित में हमने काम किया है।
रविदास मंदिर के भूमि पूजन पर सवाल
जजपा के राष्ट्रीय सचिव अशोक शेरवाल व जजपा एससी सेल के प्रदेश प्रभारी डॉ प्रीतम कोलेखां ने कुरुक्षेत्र में बनने वाले संत गुरु रविदास मंदिर के भूमि पूजन कार्यक्रम को लेकर हरियाणा सरकार पर सवाल खड़े किए। उन्होंने कहा कि चुनाव के मद्देनजर हरियाणा सरकार आनन-फानन में भूमि पूजन कर रही है। अशोक शेरवाल ने कहा कि 9 मार्च को ही रविदास समाज के लोगों ने मंदिर की भूमि का पूजन कर दिया था, अब सरकार द्वारा भूमि पूजन करना गलत है और इससे समाज के लोगों में रोष है।
देश दुनिया के साथ ही अपने शहर की ताजा खबरें पाने के लिए अब आप HaryanaNewsPost के Google News पेज और Twitter पेज से जुड़ें और फॉलो करें।