1. Home
  2. haryana

Sakshi Malik : ओलिंपिक मेडलिस्ट साक्षी मलिक ने कुश्ती छोड़ी, जूते निकालकर टेबल पर रखे

Sakshi Malik : ओलिंपिक मेडलिस्ट साक्षी मलिक ने कुश्ती छोड़ी, जूते निकालकर टेबल पर रखे
Haryana News : साक्षी मलिक ने 2020 टोक्यो ओलिंपिक्स में ब्रॉन्ज मेडल जीता था। यह उनका पहला ओलिंपिक मेडल था। इसके अलावा साक्षी के पास कॉमनवेल्थ गेम्स में तीन मेडल (गोल्ड, सिल्वर, ब्रॉन्ज) और एशियन चैंपियनशिप्स में 4 मेडल ( 3 ब्रॉन्ज और एक सिल्वर) हैं।

Haryana News Post, (रेवाड़ी) Sakshi Malik News : भारतीय कुश्ती संघ के चुनाव में बृजभूषण सिंह के करीबी संजय सिंह के अध्यक्ष चुने जाने से बृजभूषण के खिलाफ धरना देने वाले रेसलर नाखुश हैं। दिल्ली में गुरुवार शाम को रेसलर बजरंग पूनिया, साक्षी मलिक और विनेश फोगाट ने प्रेस कॉन्फ्रेंस बुलाई।

इस दौरान साक्षी मलिक भावुक हो गईं और कुश्ती त्यागने का ऐलान कर दिया। उन्होंने अपने जूते उतारकर टेबल पर रख दिए और वहां से उठकर चली गई। इससे पहले साक्षी ने कहा कि हम लड़ाई नहीं जीत पाए, कोई बात नहीं।

हमारा समर्थन करने देशभर से दूर-दूर से आए लोगों का आभार। हमारी लड़ाई आगे भी जारी रहेगी। भरी हुई आवाज में साक्षी ने कहा कि पहलवानों ने भारतीय कुश्ती संघ में महिला प्रेसिडेंट की मांग की थी, लेकिन सब जानते हैं कि बृजभूषण का तंत्र कितना मजबूत है।

मैं और बजरंग पूनिया गृहमंत्री से मिले थे। हमने बाकायदा लड़कियों के नाम लेकर उन्हें बताया था कि रेसलिंग को बचा लें, लेकिन कुछ नहीं हुआ। साक्षी ने कहा कि चुने गए नए अध्यक्ष संजय सिंह बृजभूषण सिंह के पार्टनर हैं।

जब तक बृजभूषण सिंह और उनके जैसे लोग कुश्ती संघ से जुड़े हैं, न्याय की उम्मीद नहीं है। ऐसे में मैं आज से ही अपनी कुश्ती त्यागती हूं। आज से आप मुझे मैट पर नहीं देखेंगे। कुश्ती त्यागने का ऐलान करते ही साक्षी मलिक ने अपने जूते उतारे और उन्हें टेबल पर रखकर चली गई।

साक्षी मलिक के पास ओलिंपिक मेडल

साक्षी मलिक ने 2020 टोक्यो ओलिंपिक्स में ब्रॉन्ज मेडल जीता था। यह उनका पहला ओलिंपिक मेडल था। इसके अलावा साक्षी के पास कॉमनवेल्थ गेम्स में तीन मेडल (गोल्ड, सिल्वर, ब्रॉन्ज) और एशियन चैंपियनशिप्स में 4 मेडल ( 3 ब्रॉन्ज और एक सिल्वर) हैं। हांलाकि कुछ सालों से साक्षी मलिक लगातार नेशनल ट्रायल्स में हार रही थीं। 2021 में साक्षी को 19 साल की सोनम ने हराया था। वहीं, इस साल साक्षी ने एशियन गेम्स के लिए ट्रायल में हिस्सा लेने से भी मना कर दिया था।

संजय सिंह भारतीय कुश्ती संघ के नए अध्यक्ष

इससे पहले गुरुवार को भारतीय कुश्ती संघ के चुनाव में संजय सिंह नए अध्यक्ष चुने गए। उन्होंने चुनाव में कॉमनवेल्थ गेम्स की गोल्ड मेडलिस्ट रही हरियाणा की पहलवान अनीता श्योराण को हराया। संजय सिंह भारतीय कुश्ती संघ के पूर्व अध्यक्ष और सांसद बृजभूषण शरण सिंह के करीबी हैं। बृजभूषण सिंह की अध्यक्षता वाली भारतीय कुश्ती संघ की पिछली बॉडी में संजय सिंह जॉइंट सेक्रेटरी थे। चुनाव में टोटल 47 वोट पड़े। इनमें से संजय सिंह को 40 और अनीता श्योराण को सिर्फ 7 वोट मिले।

बृजभूषण के घर के बाहर पोस्टर

अध्यक्ष पद पर संजय सिंह की जीत के बाद बृजभूषण शरण सिंह खेमा ‘दबदबा है, दबदबा रहेगा’ के पोस्टर लहराता नजर आया। नई दिल्ली में बृजभूषण सिंह के आवास, 21 अशोका रोड के बाहर भी पोस्टर लगे थे। जिन पर लिखा- दबदबा है, दबदबा रहेगा। यह तो भगवान ने दे रखा है।

Haryana Ration Scam : हरियाणा में गरीबों का हक डकार रहे राशन डिपो धारक, पांच साल में 310 राशन डिपो पर मिली अनियमितताएं


देश दुनिया के साथ ही अपने शहर की ताजा खबरें पाने के लिए अब आप HaryanaNewsPost के Google News पेज और Twitter पेज से जुड़ें और फॉलो करें।