Monsoon in Himachal: हिमाचल में मॉनसून से अब तक करीब 104 करोड़ रुपए का नुकसान

Hiamchal News, शिमला। हिमाचल प्रदेश में मौसम के तेवर तीखे बने हुए हैं। लोगों को अभी भी बारिश से राहत मिलने वाली नहीं हैं। अधर, अभी तक हुई बारिश से राज्य में भारी नुकसान हो चुका है। राजस्व विभाग के मुताबिक अब तक करीब 104 करोड़ रुपए का नुकसान हो चुका है।
प्रदेश में 3 दिन से हो रही भारी बारिश के बाद 150 से ज्यादा सड़कें यातायात के लिए बंद पड़ी हैं। इससे लोगों की आवाजाही पर बुरा असर पड़ा है। इसी तरह 942 पेयजल और 190 सिंचाई योजनाएं हांफ गई है। इससे गंभीर पेयजल संकट खड़ा हो गया है। इस बीच, मंगलवार को भी राज्य में राजधानी शिमला समेत कई जिलों में झमाझम बारिश हुई। इस कारण लोगों और खासकर स्कूली बच्चों को भारी दिक्कतें झेलनी पड़ी।
उधर, राज्य में मौसम विभाग ने अगले कुछ दिन बारिश का अलर्ट जारी किया है। विभाग ने अगले 72 घंटों के दौरान किन्नौर और लाहौल स्पीति को छोड़कर अन्य करीब सभी जिलों के लिए येलो अलर्ट जारी किया है। इस बीच, पहाड़ों पर हो रही तबाही को देखते हुए ट्रैफिक टूरिस्ट एवं रेलवे पुलिस ने सैलानियों और स्थानीय लोगों को अनावश्यक यात्रा टालने की एडवाइजरी जारी की है।
एआईजी संदीप धवल ने लोगों को उफनते हुए नदी-नालों के पास और लैंड स्लाइड संभावित क्षेत्रों में नहीं जाने की सलाह दी है। साथ ही कहा कि आपात स्थिति में लोग इमरजेंसी नंबर 112 और 1077 पर संपर्क कर सकते हैं।
प्रदेश में 24 जून को मानसून ने दस्तक दी थी। तक से लेकर भारी बारिश के कारण अब तक 9 लोगों की मौत हो चुकी है, जबकि 14 घायल हुए हैं। चार घर पूरी तरह क्षतिग्रस्त जबकि 28 आंशिक रूप से क्षतिग्रस्त हुए हैं। इस बीच, प्रधान सचिव राजस्व और आपदा प्रबंधन ओंकार चंद शर्मा ने बताया कि बरसात से अभी तक अनुमानित नुकसान लगभग 104 करोड़ रुपये है।
उधर, मौसम विज्ञान केंद्र शिमला के वैज्ञानिक संदीप कुमार शर्मा ने बताया कि अगले 5 दिनों तक प्रदेश में बारिश की संभावना है। कुछ जगहों पर भारी बारिश का अलर्ट जारी है। मानसून की बारिश के बाद राज्य में तापमान में भारी गिरावट दर्ज की गई गै। प्रदेश के अधिकतम तापमान में औसत 6.8 डिग्री सेल्सियस की कमी आई है।
चंबा का तापमान सबसे ज्यादा 12 डिग्री की गिरावट के बाद 25.2 डिग्री तक लुढ़क गया। कुकुमसेरी का तापमान के में 10.1 डिग्री की गिरावट दर्ज की गई। इसी तरह प्रदेश के अन्य शहरों के तापमान में भी भारी गिरावट दर्ज की गई है।
देश दुनिया के साथ ही अपने शहर की ताजा खबरें पाने के लिए अब आप HaryanaNewsPost के Google News पेज और Twitter पेज से जुड़ें और फॉलो करें।