Jaipur News : धनखड़ की मिमिक्री से जुड़े मामले को बेनीवाल ने बताया ‘पॉलिटिकल स्टंट’

Haryana News Post (जयपुर) Jaipur Hindi Samachar : देश के उपराष्ट्रपति जगदीप धनखड़ की मिमिक्री का मामला राजीतिक रूप से गरमा गया है। राजस्थान में जाट समाज के साथ ही किसान समुदाय सड़कों पर उतर कर प्रदर्शन कर रहा है। वहीं, राष्ट्रीय लोकतांत्रिक पार्टी (आरएलपी) के सुप्रीमो और विधायक हनुमान बेनीवाल ने इस मामले में उप राष्ट्रपति के खिलाफ बयान देकर प्रदेश में मामला और भड़का दिया है।
गुरुवार को बेनीवाल ने राजस्थान विधानसभा के बाहर मीडिया से बातचीत करते हुए उसे पॉलिटिकल स्टंट बताया है। साथ ही उप राष्ट्रपति को लेकर कहा कि वे संवैधानिक पद पर हैं और संवैधानिक व्यक्ति किसी जाति या समाज में नहीं बंट सकता है। बेनीवाल ने भाजपा पर राजनीति का आरोप लगाते हुए धनखड़ को लेकर दिए बयान से जाटों में नाराजगी भर दी है।
विधायक बनने के बाद बेनीवाल ने हाल ही में लोकसभा की सदस्यता से इस्तीफा दिया है। बेनीवाल की पार्टी आरएलपी को इस बार विधानसभा चुनाव में करारी हार का सामना करना पड़ा था। पिछली बार जहां तीन विधायक जीते, तो इस बार अकेले बेनीवाल को बड़ी मुश्किल से खींवसर से जीत हासिल हुई।
उप राष्ट्रपति धनखड़ राजस्थान के झुंझुनू जिले से आते हैं। उनके खिलाफ तृणमूल कांग्रेस (टीएमसी) सांसद कल्याण बनर्जी ने जिस तरह से उनकी मिमिक्री की और राहुल गांधी ने उसका वीडियो बनाया, उससे पूरे प्रदेश में नाराजगी है।
‘निलंबन पर आरती थोड़े उतारेगा’
विधानसभा के बाहर मीडिया से रूबरू होते हुए बेनीवाल ने कहा कि यह एक पॉलिटिकल स्टंट है। सांसदों की इस तरह की कोई मंशा नहीं थी। राहुल गांधी को ध्यान भी नहीं होगा कि वीडियो बनाने से क्या फायदा या क्या नुकसान होगा। अगर उन्हें ध्यान होता तो कांग्रेस के ऐसे हालात नहीं होते। सांसदों की मंशा किसी समाज या किसानों की भावना को ठेस पहुंचाना नहीं था।
उप राष्ट्रपति इस बात को जाट पर ले गए हैं। संवैधानिक व्यक्ति जाति में बंट जाएगा तो कैसे काम होगा। उन्होंने यह भी कहा कि भाजपा और प्रधानमंत्री उनसे जाट की बात कहलवा रहा है। ताकि लोकसभा के चुनाव में भाजपा को वोट मिल सकें।
हालांकि इन चीजों से कोई वोट नहीं मिलने वाले। जहां तक बात प्रदर्शन की है तो राज्यसभा से यदि किसी का निलंबन होगा तो मजाक ही बनाएगा। उनकी आरती थोड़े उतारेगा। सांसदों की ऐसी कोई भावना नहीं थी। वह पश्चिम बंगाल के सांसद थे, जबकि वहां पर हमारे समाज के लोग ही बहुत कम हैं।
मिमिक्री करना संविधान का अपमान
संसद में उपराष्ट्रपति जगदीप धनखड़ के साथ हुए अपमान को लेकर भाजपा की राष्ट्रीय मंत्री अल्का गुर्जर ने नाराजगी व्यक्त करते हुए कहा कि जिस तरीके से उप राष्ट्रपति का मजाक बनाया गया, वह घोर निंदनीय है। कांग्रेस के सांसद राहुल गांधी का इस कृत्य का वीडियो बनाना संवैधानिक पदों के प्रति कांग्रेस की ओछी मानसिकता को दर्शाता है।
उन्होंने कहा कि यह अपमान केवल किसी एक समुदाय का नहीं है, बल्कि यह संपूर्ण किसान वर्ग और राजस्थान का अपमान है। विपक्ष को रास नहीं आ रहा है कि एक किसान का बेटा उच्च संवैधानिक पद पर कैसे बैठा है।
इनकी मानसिकता साफ है कि किसान, गरीब, युवा और महिला इन सबका अनादर करना है। भारत के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का ध्येय वाक्य है- सबका साथ, सबका विकास, सबका विश्वास। इस नीति को लेकर भाजपा कार्य कर रही है।
विरोध में पुतले जलाए, प्रदर्शन भी
उप राष्ट्रपति के अपमान के खिलाफ गुरुवार को विधानसभा के सामने तथा झुंझुनू, अलवर और केकड़ी में प्रदर्शन कर जबरर्दस्त नारेबाजी की गई। प्रदर्शनकारियों ने राष्ट्रपति के नाम जिला प्रशासन को ज्ञापन सौंपा। विधानसभा के सामने प्रदर्शनकारियों ने कांग्रेस नेता राहुल गांधी और टीएमसी सांसद कल्याण बनर्जी का पुतला लेकर प्रदर्शन किया। प्रदेश में कई जगह पुतला दहन भी किया गया।
देश दुनिया के साथ ही अपने शहर की ताजा खबरें पाने के लिए अब आप HaryanaNewsPost के Google News पेज और Twitter पेज से जुड़ें और फॉलो करें।