करनाल, 16 मई (हरियाणा न्यूज पोस्ट)। हरियाणा में पिछले दिनों हुई आंधी और बारिश के बाद अब मौसम पूरी तरह शुष्क हो गया है। शुष्क मौसम के बीच अब सूरज के तेवर तीखे होने वाले हैं, जिससे आने वाले दिनों में लू के थपेड़े जनजीवन को अस्त-व्यस्त करेंगे। भारतीय मौसम विभाग (IMD) के मुताबिक 17 मई से राज्य के एक बड़े हिस्से में तीव्र हीटवेव का असर देखने को मिलेगा। मौसम वैज्ञानिकों ने साफ किया है कि अब गर्मी से राहत मिलने के आसार नहीं हैं।
इन जिलों में मौसम विभाग ने जारी किया अलर्ट
मौसम विभाग ने कल यानी 17 मई से हिसार, सिरसा, फतेहाबाद, भिवानी, चरखी दादरी और महेंद्रगढ़ समेत पश्चिमी जिलों में हीटवेव की स्थिति बनने की आशंका जताई है। इसके बाद 18 और 19 मई को लू का दायरा और ज्यादा बढ़ जाएगा। इस दौरान रोहतक, झज्जर, रेवाड़ी, गुरुग्राम, नूंह और पलवल के इलाकों में भी तेज लू चलेगी। प्रशासन ने लोगों को दोपहर 12 बजे से 3 बजे तक बेहद जरूरी काम होने पर ही धूप में निकलने की सलाह दी है।
नूंह में पारा 41 डिग्री पार
राज्य में दिन का तापमान लगातार रिकॉर्ड तोड़ रहा है। मौजूदा समय में नूंह जिला सबसे गर्म रहा है, जहां अधिकतम तापमान 41 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया है। वहीं रोहतक और सिरसा में भी पारा 40 डिग्री तक पहुंच चुका है। आने वाले 4 से 5 दिनों में अधिकतम तापमान में 3 से 4 डिग्री तक की और बढ़ोतरी होगी। दिन के साथ-साथ अब रात का न्यूनतम तापमान भी सामान्य से ऊपर रहेगा, जिससे रात की उमस बेचैनी बढ़ाएगी।
25 मई से नौतपा ढाएगा कहर
मौसम विशेषज्ञ डॉ. चंद्रमोहन ने बताया कि राज्य में पश्चिमी विक्षोभ का असर अब पूरी तरह खत्म हो गया है। इस वजह से 16 मई से 20 मई तक लगातार 5 दिन तक तापमान में भारी उछाल देखने को मिलेगा। मैदानी इलाकों में पाकिस्तान की तरफ से आने वाली गर्म पश्चिमी खुश्क हवाएं चलेंगी, जो सीधे तौर पर भीषण लू का कारण बनेंगी। इसके ठीक बाद 25 मई से 2 जून तक नौतपा शुरू हो रहा है, जिसमें साल की सबसे भीषण गर्मी पड़ने का अनुमान है।
हरियाणा के 8 जिलों में आंधी और बारिश का येलो अलर्ट, 60 किमी की रफ्तार से चलेंगी हवाएं
हरियाणा वेदर अपडेट: अगले 3 दिन 10 जिलों में भारी बारिश और आंधी का अलर्ट, जानें आपके शहर की स्थिति
मौसम अपडेट और भरोसेमंद पूर्वानुमान के लिए Haryana News Post पर नज़र बनाए रखें।












