Drug addiction treatment Facility in Sonipat (सोनीपत) : क्षेत्र में नशे के कारण काफी परिवार हर वर्ष टूटे रहे हैं। कोई कोई गांजा का तो कोई स्मैक का नशा कर रहा। शहर की ही 10 कॉलोनी तो नशे का हाट स्पॉट बनी हुई हैं, लेकिन युवाओं को नशे से बचाने के लिए अब बेहतर काम होगा। नशा छुड़वाने के लिए नागरिक अस्पताल के अंदर एम्स से टाइप करके एडिक्शन ट्रीटमेंट फैसिलिटी सेंटर तैयार कर दिया है। यहां सितंबर से काम शुरू होगा। इस सेंटर में अब हर तरह का नशा करने वाले व्यक्ति का इलाज होगा। यहां 10 बेड की सुविधाएं मरीजों को मिलेगी।
एक सितंबर को एम्स से नशा छुड़वाने की दवाएं नागरिक अस्पताल आएंगी। एडिक्शन ट्रीटमेंट फैसिलिटी सेवा शुरू होने से मरीज व उनके परिजनों को बड़ी राहत मिलेगी। अब तक इस तरह की सुविधा के लिए अलग-अलग जगह जैसे दिल्ली, यूपी सहित अन्य स्थान पर जाना पड़ता है, लेकिन अब एटीएफ में नशे के रोगियों को इस सेवा के तहत उच्चस्तरीय उपचार और निशुल्क दवा प्रदान की जाएगी। एटीएफ
के तहत, ओपीडी और एडमिशन दोनों तरह से इलाज की सुविधाएं मिलेंगी।
गाजियाबाद से हुई डॉक्टर की इलाज देने की ट्रेनिंग
नेशलन ड्रग्स डिपेंडेंट ट्रीटमेंट सेंटर से डॉक्टर संदीप शर्मा व डॉक्टर आशीष राठी की ट्रेनिंग कराई गई है। यह सेंटर डॉक्टर योगेश गोयल के मार्गदर्शन में काम करेगा। डॉक्टर योगेश जिला मेंटल हैल्थ प्रोग्राम प्रमुख हैं। नागरिक अस्पताल के 202 नंबर कमरे में सेंटर की दवाइयां रखी जाएंगी। जबकि मेडिसन वार्ड में 10 बेड का वार्ड चलेगा। 7 नंबर कमरे में एटीएफ की ओपीडी चलेगी। इस सेंटर में जो दवाइयां दी जाएंगी, उसकी सफलता दर 70 प्रतिशत है।
स्टाफ की नियुक्ति हुई
एडिक्शन ट्रीटमेंट फैसिलिटी सेंटर पर डॉ. संदीप शर्मा को नोडल अधिकारी बनाया गया है। दूसरे डॉक्टर के तौर पर यहां डॉक्टर आशीष राठी को नियुक्त किया। इसके साथ यहां पर एक काउंसलर, स्टाफ नर्स, डाटा एंट्री ऑपरेटर की नियुक्ति की गई है।
सभी मरीजों के लिए बेड की सुविधा, सभी प्रकार की आवश्यक दवाएं, अत्याधुनिक उपचार प्रणाली निशुल्क उपलब्ध कराने के साथ ही रोगियों की काउंसलिंग भी की जाएगी। जिसमें उन्हें नशे की तलब को कंट्रोल करने की अलग-अलग तकनीक बताई जाएगी, साथ ही रोगियों की मोटिवेशनल इंटरव्यूइंग भी की जाएगी।
नशे के हॉट स्पॉट बढ़े, इसलिए जरूरत पड़ी
शहर का दिल्ली कैंप, जनता कॉलोनी, आदर्श नगर, ईदगाह कॉलोनी, कालुपूर, राजेंद्र नगर, नंदनवानी नगर, कबीरपुर, सुंदर संवारी कॉलोनी नशे के हॉट स्पॉट बन गए हैं। यहां पर सबसे ज्यादा युवा इंजेक्शन से नशा करते हैं। शहर के सेक्टर-14 की पुरानी मार्केट में तो सुबह नशेड़ियों का झुंड जगह जगह बैठा रहता है। 806 युवा इस तरह का नशा करते हैं।
डॉ. संदीप शर्मा, फिजिशियन नागरिक अस्पताल सोनीपत ने बताया की एटीएफ सेंटर में किस तरह से मरीजों का इलाज करना है, इसकी उन्हें गाजियाबाद में ट्रेनिंग दी गई है। स्टाफ की नियुक्ति भी की गई है। अस्पताल के मेडिसन वार्ड 10 बेड एटीएफ के लिए दिए हैं।
डेंगू के केसों की संख्या बढ़कर 29 हुई
बारिश के कारण लगातार जलभराव होने के कारण मच्छरजनित रोगों का खतरा बढ़ता जा रहा है। क्षेत्र में डेंगू और मलेरिया के मामलों में बढ़ोतरी देखी गई है। स्वास्थ्य विभाग द्वारा जारी आंकड़ों के अनुसार डेंगू के कुल केसों की संख्या 29 हो गई है। इनमें से 14 शहरी क्षेत्र से हैं।
इसके अलावा गन्नौर में 6, बढखालसा में 4, फिरोजपुर बांगर में 2, जुआ में 2 और गोहाना में 1 मामला दर्ज किया गया है। वहीं मलेरिया के 11 मामले भी रिपोर्ट किए गए हैं। इनमें बिस्वामील, गन्नौर, गोहाना और शहरी सोनीपत से 2-2 मामले शामिल हैं, जबकि मुडलाना, फिरोजपुर बांगर और हलालपुर से 1-1 मामला सामने आया है।
स्वास्थ्य विभाग ने इन क्षेत्रों में बचाव और जागरूकता अभियान तेज कर दिए हैं। इसके साथ ही नागरिक अस्पताल में कमरा नंबर 59 में डेंगू कंट्रोल रूम बनाया है। लोगों की मदद के लिए विभाग ने 9813665821 जारी की है।
नोडल अधिकारी डॉक्टर योगेश गोयल ने बताया लोगों से अपील की जा रही है कि वह अपने घर के पास जलभराव न होने दे। इसके साथ जहां ज्यादा जलभराव हुआ है, वहां लार्वा नष्ट करने को टीम बनाई हैं। 165 टीमें इस पर काम कर रही हैं।













