Haryana Agniveer Government Job Reservation : हरियाणा सरकार ने 4 साल की सैन्य सेवा पूरी कर लौटने वाले अग्निवीरों को राज्य के सरकारी विभागों में पक्की नौकरी देने की कवायद तेज कर दी है। मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने वरिष्ठ अधिकारियों के साथ बैठक कर खाली पदों का ब्यौरा मांगा है, जिसके तहत पुलिस, फॉरेस्ट गार्ड और जेल वार्डर जैसी भर्तियों में अग्निवीरों को 20 प्रतिशत तक क्षैतिज आरक्षण और उम्र में छूट का सीधा लाभ मिलेगा।
Agniveer job quota in Haryana police : सेना में 4 साल की सेवा पूरी करके लौटने वाले प्रदेश के जांबाज अग्निवीरों के भविष्य को सुरक्षित करने के लिए हरियाणा सरकार ने बड़ा प्रशासनिक कदम उठाया है। मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी के पास सेवानिवृत्त होकर आए अग्निवीरों की पहली सूची पहुंच चुकी है, जिसके बाद उन्हें राज्य सरकार के विभिन्न महकमों में समायोजित करने की योजना पर काम शुरू हो गया है। मुख्यमंत्री ने आला अधिकारियों के साथ बैठक कर स्पष्ट निर्देश दिए हैं कि नियमों के तहत इन युवाओं को प्राथमिकता के आधार पर सरकारी नौकरियों में स्थान दिया जाए।
पुलिस और वर्दीधारी सेवाओं में कोटा
राज्य सरकार ने सितंबर 2026 से लागू नई व्यवस्था के तहत सुरक्षा और अनुशासन से जुड़े विभागों में अग्निवीरों के लिए बड़ा कोटा (Haryana Agniveer reservation percentage list) तय किया है। पुलिस कॉन्स्टेबल, आईआरबी, एसडीआरएफ, जेल वार्डर, फॉरेस्ट गार्ड, माइनिंग गार्ड, वाइल्ड लाइफ गार्ड और फायर ऑपरेटर-कम-ड्राइवर के पदों पर 20 प्रतिशत क्षैतिज आरक्षण की व्यवस्था की गई है।
इससे पहले जुलाई 2024 और अप्रैल 2025 में भी आरक्षण के दायरे का विस्तार किया गया था। इस कोटे के अलावा पूर्व अग्निवीरों को सीधी भर्ती प्रक्रिया में निर्धारित नियमों के तहत आयु सीमा में भी विशेष छूट दी जाएगी, जिससे उन्हें सिविलियन अभ्यर्थियों की तुलना में सीधा फायदा मिलेगा।
ग्रुप-बी और ग्रुप-सी में लाभ
वर्दीधारी सेवाओं के अलावा राज्य सरकार ने अन्य प्रशासनिक और तकनीकी विभागों में भी अग्निवीरों (Agniveer age relaxation in HSSC exams) के लिए दरवाजे खोले हैं। सामान्य ग्रुप-सी के पदों पर 5 प्रतिशत और विशेष कौशल की जरूरत वाले ग्रुप-बी पदों पर 1 प्रतिशत क्षैतिज आरक्षण सुनिश्चित किया गया है।
चार साल के सैन्य अनुशासन और तकनीकी अनुभव का उपयोग अब राज्य के नागरिक प्रशासन और तकनीकी बोर्डों में किया जाएगा। इससे एक तरफ जहां युवाओं को रोजगार की सुरक्षा मिलेगी, वहीं सरकारी दफ्तरों को भी अनुशासित और प्रशिक्षित मानव संसाधन उपलब्ध होगा।
विभागों से मांगी गई रिक्तियां
योजना को धरातल पर उतारने के लिए मुख्य सचिव अनुराग रस्तोगी ने सभी सरकारी विभागों, बोर्डों और निगमों को पत्र जारी किया है। उन्होंने पदवार और श्रेणीवार रिक्त पदों की सूची तत्काल मुख्यालय भेजने के आदेश दिए हैं।
ये भी पढ़ें: दिल्ली-पानीपत-करनाल नमो भारत पर खर्च होंगे 33 हजार करोड़, 17 स्टेशनों का रूट तय
इस सूची के संकलन के बाद यह तय होगा कि किस विभाग में अग्निवीरों के कितने पद खाली हैं। सभी नियुक्तियां हरियाणा कर्मचारी चयन आयोग और हरियाणा लोक सेवा आयोग के माध्यम से नियमानुसार विज्ञापित कर पूरी की जाएंगी।
दो साल में 47 हजार नौकरियां
मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने बताया कि सरकार युवाओं को पारदर्शी तरीके से रोजगार देने के लिए प्रतिबद्ध है और पिछले दो वर्षों में करीब 47 हजार युवाओं को सरकारी नौकरियां दी जा चुकी हैं। वर्ष 2024 में शपथ ग्रहण के समय भी 25 हजार युवाओं को नियुक्ति पत्र सौंपे गए थे।
वर्तमान में हरियाणा पुलिस में 5,500 पदों पर सीधी भर्ती प्रक्रिया चल रही है और लगभग 8,500 अन्य पदों के लिए लिखित परीक्षाएं आयोजित की जा रही हैं। सरकार के इस कदम से सेना से लौटे अग्निवीरों में भविष्य को लेकर सकारात्मक माहौल बना है। #Agniveer #HaryanaJobs #NayabSinghSaini #HaryanaPolice













