Karnal ICU Ward Delay (करनाल) : गंभीर मरीजों को लेकर कर्ण नगरी के अधिकारी गंभीर नहीं हैं। इसका पता इस बात से चलता है कि नागरिक अस्पताल में पिछले पांच साल से आइसीयू भवन का निर्माण कार्य चला हुआ है। अभी तक उसका कार्य पूरा नहीं हुआ है। हालांकि, स्वास्थ्य विभाग ने 15 अगस्त को सीएम से आइसीयू भवन का उद्घाटन कराने की तैयारी भी कर ली थी, लेकिन पीडब्ल्यूडी विभाग समय पर काम ही पूरा नहीं कर पाया है।
अभी भी आइसीयू वार्ड का कार्य पूरा नहीं हुआ है। तारीख पर तारीख के बाद अब विभाग के अधिकारियों ने 17 सितंबर की नई तिथि रखी है। हालांकि इस दावे में कितना दम है यह तो समय ही बताएगा। इस आइसीयू भवन का काम पूरा न होने के कारण मरीजों को भारी परेशानी झेलनी पड़ रही है। आइसीयू वार्ड के बिना सैकड़ों की संख्या में मरीज प्राइवेट अस्पताल में इलाज कराने के लिए मजबूर हैं।
प्राइवेट अस्पताल में गरीब मरीज अपनी जेब ढीली कर रहे हैं, कर्ज बंद भी हो रहे हैं। प्राइवेट अस्पतालों में आइसीयू वार्ड का एक दिन का किराया ही 5 हजार से शुरू होता है।
3.85 करोड़ रुपये किए जा रहे खर्च
आइसीयू भवन बनाने के लिए 3.85 करोड़ रुपये खर्च किए जा रहे हैं। इस भवन के निर्माण के लिए 2020 में टेंडर लगा था। इसके बाद 2021 में 3.85 करोड़ में नागरिक अस्पताल में बनाया जा रहा आइसीयू भवन 15 अगस्त को सीएम से उद्घाटन कराना था।
तभी से इस भवन का निर्माण कार्य चला हुआ है। पहले भवन बनाने का टेंडर 68.42 लाख रुपये में मोहित कांट्रेक्टर को दिया गया था। फिर कांट्रेक्टर ने कहा कि बजट बढ़ाना होगा और काम रोक दिया था। इसके बाद पीडब्ल्यूडी विभाग ने दोबारा एस्टीमेट बनाया और बजट को बढ़ाकर एक करोड़ 27 लाख किया गया।
गंभीर रूप से घायल 177 व्यक्ति गंवा चुके हैं हादसों में जान
जिले में सड़क हादसों में ही सबसे अधिक व्यक्ति घायल होते हैं और सड़क हादसे के कारण ही लोगों की सबसे ज्यादा जान जाती है। ऐसे में जनवरी से जुलाई 2024 तक जिले में 375 सड़क हादसे हुए थे। इनमें हादसों में 156 लोगों की जान गई थी और 148 लोग घायल हुए थे। वहीं, इस वर्ष जुलाई तक 414 सड़क हादसे हुए हैं और 177 लोगों की जान गई है। 167 व्यक्ति घायल हुए हैं।
पीडब्ल्यूडी विभाग के जेई प्रवीन कुमार ने बताया कि जिला नागरिक अस्पताल में बन रहे आइसीयू भवन का काम 17 सितंबर तक पूरा हो जाएगा और सीएम द्वारा ही भवन का उद्घाटन किया जाएगा।
वहीं सीएमओ डा. पूनम चौधरी ने कहा कि जिला नागरिक अस्पताल में 12 बेड का आइसीयू वार्ड बना हुआ है। नया भवन जल्द ही बनकर तैयार हो जाएगा। पीडब्ल्यूडी विभाग ने अगले महीने का समय दिया हुआ है। इसके बाद नए भवन में आइसीयू व एचडीयू की सेवाएं दी जाएंगी।













