अंबाला, (Ujjwala Yojana): प्रधानमंत्री उज्ज्वला योजना 3.0 के तहत जिले में महिलाओं को नि:शुल्क गैस कनेक्शन दिए जाएंगे। गैस कनेक्शन को लेने के लिए 13 शर्तों को पूरा करना होगा। यह कनेक्शन बिल्कुल नि:शुल्क मिलेगा। इन कनेक्शन को पहले आओ पहले पाओ के आधार पर दिया जाएगा। इस गैस कनेक्शन में क्या-क्या दिया जाएगा, इसको लेकर मंगलवार को जिला उज्ज्वला कमेटी की बैठक उपायुक्त कार्यालय में होगी।
इस बैठक में इस योजना को लेकर अंतिम रूप दिया जाएगा। वहीं, इससे पहले प्रधानमंत्री उज्ज्वला योजना के प्रथम चरण में 18204 और दूसरे चरण में 11923 कनेक्शन दिए गए थे। यह लाभार्थी योजना का लाभ लेते हुए लगातार सिलिंडर ले रहे हैं। अब तीसरे चरण में यह कनेक्शन दिए जाएंगे।
फ्री गैस कनेक्शन की नई पारी
इस योजना के तहत गैस एजेंसियों में आवेदन की प्रक्रिया शुरू हो गई है। आवेदक अपने कागजात पूरे कर एजेंसी में आवेदन कर सकता है, हालांकि यह जिला स्तरीय बैठक में ही प्रस्तावित होगा कि जिले में कितने कनेक्शन दिए जाने हैं। खास बात यह है कि इन गैस कनेक्शन पर सरकार प्रति सिलिंडर पर करीब 300 रुपये तक सब्सिडी देती है। पहले भी जिले में यह 30 हजार कनेक्शन चल रहे हैं।
13 शर्तों को करना होगा पूरा
इस योजना के तहत निशुल्क गैस कनेक्शन लेने के लिए 13 शर्तों को पूरा करना होगा। साथ ही मौके पर ही तीन घोषणा-पत्र भी भरने होंगे और मौके पर ही ई-केवाईसी की जाएगी। अगर किसी के पास पहले से ही कोई गैस कनेक्शन है, उनको यह कनेक्शन नहीं मिलेगा। इन शर्तों में 10 हजार से ऊपर वेतन नहीं होना चाहिए, परिवार में कोई सरकारी कर्मचारी नहीं होना चाहिए, 2.0 एकड़ से ज्यादा जमीन नहीं होनी चाहिए, तीन या चौपहिया वाहन नहीं होना चाहिए सहित कुल 13 शर्तें पूरी करनी होंगी। सरकार की ओर से इन कनेक्शन को देने के लिए धरातल पर सत्यापन भी किया जाएगा।
प्रधानमंत्री उज्ज्वला योजना के जिला नोडल अधिकारी वरुण कुश ने कहा कि प्रधानमंत्री उज्ज्वला योजना 3.0 के तहत आवेदन शुरू हो गए हैं। यह आवेदन नजदीकी गैस एजेंसी में किए जा सकते हैं। यह गैस कनेक्शन नि:शुल्क मिलेगा, इसको लेकर मंगलवार को उपायुक्त कार्यालय में जिला उज्ज्वला योजना कमेटी की बैठक होगी। उसमें आगामी योजना प्रस्तावित की जाएगी।
अपार तिवारी, जिला खाद्य एवं आपूर्ति नियंत्रक, अंबाला ने बताया कि प्रधानमंत्री उज्ज्वला योजना 3.0 के तहत आवेदन की प्रक्रिया चल रही है। जल्द ही इस योजना में कनेक्शन देने शुरू हो जाएंगे। पहले भी जिले में 30 हजार कनेक्शन दिए गए हैं।
पुराने कनेक्शन वालों अलर्ट
सरकार की ओर से पहले भी कनेक्शन दिए गए हैं। उन सभी के लिए ई-केवाईसी करवाना जरूरी है। जिन लोगों के पास प्रधानमंत्री उज्ज्वला योजना के तहत गैस कनेक्शन हैं, उनकी हर वर्ष ई-केवाईसी होनी है। योजना में गैस कनेक्शन पर प्रतिवर्ष 9 सिलिंडर पर 300 रुपये सब्सिडी मिलती है।
अगर कनेक्शन धारक ने ई-केवाईसी नहीं कराई तो उनको सातवें व आठवें सिलिंडर पर सब्सिडी की राशि नहीं मिलेगी। यह राशि सीधे बैंक खाता में आती है, इसके अलावा जिनके पास सामान्य गैस कनेक्शन हैं, उनको एक बार ही ई-केवाईसी करानी है। यह ई-केवाईसी मोबाइल एप से भी की जा सकती है।











