नई दिल्ली, 21 मई (हरियाणा न्यूज पोस्ट)। Cockroach Janta Party Instagram Followers: देश के डिजिटल स्पेस और सियासी गलियारों में इस समय एक अजीबोगरीब नाम की धूम मची है। चीफ जस्टिस ऑफ इंडिया (CJI) सूर्यकांत के एक कथित बयान के विरोध में महज छह दिन पहले गठित हुई ‘कॉकरोच जनता पार्टी’ (CJP) ने सोशल मीडिया पर इतिहास रच दिया है। गुरुवार दोपहर 2 बजे तक इस नई नवेली वर्चुअल पार्टी के इंस्टाग्राम पर 1.34 करोड़ से ज्यादा फॉलोअर्स हो गए, जो देश की किसी भी स्थापित राजनीतिक पार्टी से कहीं ज्यादा है। इस समय इंस्टाग्राम पर कांग्रेस के 1.33 करोड़, भाजपा के 87 लाख और आम आदमी पार्टी के 87 लाख फॉलोअर्स हैं।
लेकिन इस जबरदस्त डिजिटल कामयाबी के बीच गुरुवार दोपहर करीब 12 बजे कॉकरोच जनता पार्टी (Cockroach Janta Party) को बड़ा झटका लगा। कंपनी ने CJP का ‘X’ (ट्विटर) अकाउंट भारत में ब्लॉक कर दिया है, जिस पर 1.93 लाख से ज्यादा फॉलोअर्स जुड़ चुके थे। एक्स के मुताबिक यह कार्रवाई भारत के स्थानीय नियमों, कोर्ट के आदेश या किसी कानूनी शिकायत के आधार पर की गई है। इस कार्रवाई पर प्रतिक्रिया देते हुए CJP के फाउंडर अभिजीत दीपके ने कहा कि जैसी आशंका थी, ठीक वैसा ही हुआ और उनकी आवाज को दबाने का प्रयास किया जा रहा है।
15 मई का वो बयान और ‘कॉकरोच जनता पार्टी’ का जन्म
इस पूरी सियासी हलचल की शुरुआत 15 मई को हुई थी, जब एक मामले की सुनवाई करते हुए CJI सूर्यकांत ने कथित तौर पर कुछ बेरोजगार युवाओं की तुलना कॉकरोच और परजीवियों से कर दी थी। इस बयान से आहत होकर युवाओं ने सोशल मीडिया पर गुस्सा जाहिर करना शुरू किया। अमेरिका की बॉस्टन यूनिवर्सिटी से पब्लिक रिलेशन की मास्टर डिग्री कर रहे अभिजीत दीपके ने इस बयान पर नाराजगी जताते हुए इंटरनेट पर युवाओं से एकजुट होने की अपील की।
अभिजीत दीपके, जो साल 2020 से 2023 तक आम आदमी पार्टी (AAP) की सोशल मीडिया टीम में बतौर वॉलंटियर काम कर चुके हैं, उन्होंने बीबीसी (BBC) को बताया कि जब देश के युवा सिस्टम पर राय दे रहे थे, तब उनकी तुलना परजीवियों से की गई। उन्होंने सोशल मीडिया पर पूछा कि अगर सब कॉकरोच एक साथ आ जाएं तो क्या होगा। इस पर Gen Z और 25 साल तक के युवाओं के ऐसे शानदार जवाब आए कि महज एक दिन बाद यानी 16 मई को ‘कॉकरोच जनता पार्टी’ का गठन कर दिया गया।
‘डल रहो, पड़े रहो’ जानिए CJP का मैनिफेस्टो और अनोखी शर्तें
अभिजीत ने पार्टी का एक खास लोगो और आधिकारिक नारा भी जारी किया है, जो युवाओं के बीच तेजी से वायरल हो रहा है। कॉकरोच जनता पार्टी (Cockroach Janta Party) का आधिकारिक नारा ‘सेक्युलर, सोशलिस्ट, डेमोक्रेटिक, लेजी’ है। इस पार्टी की सदस्यता लेने के लिए युवाओं के सामने 4 बेहद अनोखी योग्यताएं रखी गई हैं। पहली शर्त है बेरोजगारी, दूसरी शर्त है आलसी होना (यानी डले रहो, पड़े रहो), तीसरी शर्त ऑनलाइन रहने की लत और चौथी योग्यता प्रोफेशनली भड़ास निकालने की क्षमता है।
पार्टी ने अपना 5 सूत्रीय घोषणापत्र (मैनिफेस्टो) भी जारी किया है, जिसमें कई कड़े वादे शामिल हैं। CJP का वादा है कि सत्ता में आने पर रिटायरमेंट के बाद किसी भी मुख्य न्यायाधीश (CJI) को राज्यसभा का पद नहीं दिया जाएगा। यदि किसी नागरिक का वैध वोट डिलीट होता है, तो मुख्य चुनाव आयुक्त को यूएपीए (UAPA) के तहत गिरफ्तार किया जाएगा। इसके अलावा महिलाओं के लिए लोकसभा और कैबिनेट में सीधा 50% आरक्षण लागू होगा, बड़े कॉर्पोरेट घरानों के मीडिया घरानों के लाइसेंस रद्द होंगे और दलबदल करने वाले नेताओं पर 20 साल तक चुनाव लड़ने की पाबंदी लगाई जाएगी।
दिल्ली की सड़कों पर कॉकरोच ड्रेस और CJI की सफाई
इस Cockroach Janta Party आंदोलन का असर अब जमीन पर भी दिखने लगा है। देश की राजधानी दिल्ली में कुछ युवा कॉकरोच की अनोखी पोशाक पहनकर यमुना किनारे सफाई अभियान चलाते नजर आए। पार्टी समर्थकों का स्पष्ट कहना है कि उनका मकसद फिलहाल कोई चुनाव लड़ना नहीं है, बल्कि देश के पढ़े-लिखे बेरोजगार युवाओं के बीच राजनीतिक जागरूकता फैलाना और अपने अधिकारों के प्रति सचेत करना है। भारत में पेपर लीक, भर्ती में देरी और सरकारी नौकरियों की कमी से जूझ रहे युवाओं के गुस्से को इस मंच ने एक नई भाषा दे दी है।
हालांकि, विवाद बढ़ता देख 16 मई को खुद चीफ जस्टिस सूर्यकांत ने अपनी इस टिप्पणी पर आधिकारिक सफाई पेश की। शनिवार को बयान जारी करते हुए मुख्य न्यायाधीश ने कहा कि उनकी पैरासाइट और कॉकरोच वाली टिप्पणी देश के आम युवाओं के लिए नहीं थी। उनकी टिप्पणी विशेष रूप से उन लोगों के खिलाफ थी जो फर्जी और नकली डिग्रियों के सहारे वकालत, मीडिया, सोशल मीडिया और दूसरे सम्मानित पेशों में घुस आए हैं और व्यवस्था को नुकसान पहुंचा रहे हैं।
फोटोग्राफी लवर्स के लिए खुशखबरी, Hasselblad कैमरे और Android 16 के साथ आ गया Oppo का नया स्मार्टफोन
Motorola Razr Fold की बिक्री शुरू, 20 जून से पहले खरीदने पर स्क्रीन रिप्लेसमेंट बिल्कुल मुफ्त
ब्रेकिंग न्यूज़ और Trending News अपडेट के लिए Haryana News Post से जुड़े रहें।













