अंबाला, 24 अप्रैल (हरियाणा न्यूज पोस्ट)। हरियाणा इस वक्त भीषण गर्मी की जबरदस्त चपेट में है। सूरज के तीखे तेवरों ने जनजीवन को पूरी तरह अस्त-व्यस्त कर दिया है। मरुस्थलीय हवाओं के चलते दिन भर लू (Heatwave) का प्रकोप बना रहता है, जिससे दोपहर के समय सड़कों पर सन्नाटा पसर जाता है। मौसम विभाग ने अब राज्य के गुरुग्राम, फरीदाबाद, रेवाड़ी, पलवल, मेवात, करनाल और कुरुक्षेत्र जैसे प्रमुख जिलों में ‘वार्म नाइट’ और लू का दोहरा अलर्ट जारी किया है। यह स्थिति आम आदमी के लिए जानलेवा साबित हो सकती है क्योंकि अब रातें भी ठंडी नहीं हो रही हैं।
सरकार ने जारी की हेल्थ एडवाइजरी
न्यूनतम तापमान बढ़ने से लोगों के पसीने छूट रहे हैं। नूहं, चरखी दादरी, भिवानी, नारनौल, पानीपत, अंबाला और महेंद्रगढ़ में पारा 25 डिग्री सेल्सियस के ऊपर दर्ज किया गया है। भीषण गर्मी को देखते हुए हरियाणा सरकार ने सभी जिलों के लिए एडवाइजरी जारी की है। प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि दोपहर 12 बजे से शाम 4 बजे के बीच घरों के अंदर ही रहें। सबसे ज्यादा चिंता स्कूल जाने वाले बच्चों को लेकर है, जिनकी छुट्टी दोपहर 1 या 2 बजे होती है। इस समय लू का खतरा सबसे अधिक होता है, जिससे हीट स्ट्रोक की संभावना बढ़ जाती है।
25 अप्रैल से बदलेगा मौसम का मिजाज
मौसम विशेषज्ञ डॉ. चंद्रमोहन के अनुसार, आने वाले दिनों में गर्मी से स्थाई राहत मिलने की उम्मीद कम है। हालांकि, एक के बाद एक पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय होने से 25 अप्रैल से 30 अप्रैल के बीच मौसम परिवर्तनशील रहेगा। इस दौरान सिरसा, हिसार, फतेहाबाद और भिवानी जैसे इलाकों में धूलभरी आंधी और हल्की बारिश हो सकती है। विशेषज्ञ ने चेतावनी दी है कि बारिश के बाद जब तापमान बढ़ेगा, तो उमस (Humidity) वाली गर्मी और ज्यादा परेशान करेगी। किसानों को सलाह दी गई है कि वे अपनी कटी हुई फसल का प्रबंधन समय रहते कर लें ताकि अचानक आने वाली आंधी-बारिश से नुकसान न हो।
हरियाणा मौसम अपडेट: 26 अप्रैल से आएंगे 3 पश्चिमी विक्षोभ, अंधड़ और बारिश के आसार
मौसम अपडेट और भरोसेमंद पूर्वानुमान के लिए Haryana News Post पर नज़र बनाए रखें।













