हिसार, 08 अप्रैल (हरियाणा न्यूज पोस्ट)। हरियाणा के आसमान पर मंडरा रहे काले बादलों ने किसानों और आम जनता की मुसीबत बढ़ा दी है। भारतीय मौसम विभाग (IMD) के ताजा बुलेटिन के मुताबिक, पश्चिमी विक्षोभ के सक्रिय होने से आज राज्य के कई हिस्सों में 40 से 50 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से धूल भरी आंधी चलने और ओलावृष्टि होने की प्रबल आशंका है। 7 अप्रैल को हुई तेज बारिश के बाद अब 8 अप्रैल को भी मौसम का मिजाज बिगड़ा रहेगा। हालांकि, विभाग का कहना है कि आज बारिश का दायरा थोड़ा सिमटेगा, लेकिन बिजली गिरने की घटनाएं जान-माल के लिए बड़ा खतरा बन सकती हैं।
गर्मी से मिली राहत पर फसलों को चोट
मौसम के इस बदले रुख ने तापमान का गणित बिगाड़ दिया है। पिछले 24 घंटों में अधिकतम तापमान में 5.7°C की बड़ी गिरावट दर्ज की गई है, जिससे दिन में लोगों को चिलचिलाती गर्मी से राहत मिली है। राज्य में सबसे ज्यादा तापमान पलवल में 29.3°C रहा, जबकि अधिकांश जिलों में पारा 25 से 28 डिग्री के बीच सिमट गया है। वहीं बादलों की आवाजाही के कारण रात का तापमान 2.6°C बढ़ गया है, जिससे सिरसा में सबसे कम 16.9°C न्यूनतम तापमान रिकॉर्ड किया गया। गुरुग्राम, हिसार और करनाल जैसे जिलों में भी रातें सामान्य से थोड़ी गर्म महसूस की जा रही हैं।
झज्जर और नूंह में भीगा सरकारी गेहूं
खेतों में गेहूं की कटाई का काम जोरों पर है, लेकिन बेमौसम की इस मार ने कटाई की रफ्तार रोक दी है। कृषि विशेषज्ञों ने किसानों को अगले दो दिनों तक सिंचाई और कीटनाशकों के छिड़काव से बचने की सख्त हिदायत दी है। सबसे बुरा हाल मंडियों का है, जहाँ सरकारी इंतजामों की पोल खुल गई है। झज्जर और नूंह की अनाज मंडियों में पर्याप्त तिरपाल न होने की वजह से खुले में पड़ा सैकड़ों क्विंटल गेहूं भीग गया है। उधर रेवाड़ी की मंडियों में किसान अपनी ट्रॉलियों को खुद के तिरपाल से ढंककर फसल बचाने की जद्दोजहद करते नजर आए।
9 अप्रैल से फिर तपेगा हरियाणा
राहत की बात यह है कि यह मौसमी सिस्टम अब विदाई की ओर है। विशेषज्ञों के अनुसार, 9 अप्रैल से प्रदेश का मौसम पूरी तरह शुष्क होने लगेगा और आसमान साफ हो जाएगा। इसके बाद सूरज के तेवर फिर से तल्ख होंगे और तापमान में तेजी से बढ़ोतरी दर्ज की जाएगी। फिलहाल किसानों को सलाह दी गई है कि वे कटी हुई फसल को ऊंचे और सुरक्षित स्थानों पर रखें। मंडियों में फसल लाने वाले किसान मौसम की पल-पल की जानकारी लेकर ही घर से निकलें ताकि मेहनत की कमाई को भीगने से बचाया जा सके।
किसान सावधान! हरियाणा में भारी बारिश और ओलों की चेतावनी, गेहूं की फसल को लेकर एडवायजरी
मौसम अपडेट और भरोसेमंद पूर्वानुमान के लिए Haryana News Post पर नज़र बनाए रखें।












