चंडीगढ़. हरियाणा में मौसम ने एक बार फिर करवट ले ली है। मार्च के महीने में तपिश झेल रहे लोगों को पश्चिमी विक्षोभ (Western Disturbance) की वजह से गर्मी से राहत तो मिली है, लेकिन अब यह राहत आफत में बदलती दिख रही है। मौसम विभाग के ताजा अनुमान के मुताबिक, आज 25 मार्च की रात से हिमालयी क्षेत्रों में एक सक्रिय विक्षोभ दस्तक दे रहा है। इसके प्रभाव से कल यानी 26 मार्च को हिसार, सिरसा, फतेहाबाद, भिवानी और जींद जैसे जिलों में 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से धूल भरी हवाएं चलेंगी और गरज-चमक के साथ ओलावृष्टि हो सकती है।
दो बैक-टू-बैक पश्चिमी विक्षोभ करेंगे प्रदेश को सराबोर
मौसम विशेषज्ञ डॉ. चंद्रमोहन ने बताया कि इस सप्ताह राज्य में एक नहीं बल्कि दो पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय होने जा रहे हैं। पहला विक्षोभ 26 और 27 मार्च को अपना असर दिखाएगा, जिससे तापमान में भारी गिरावट दर्ज की जाएगी। इसके तुरंत बाद 29 मार्च की रात को दूसरा शक्तिशाली विक्षोभ सक्रिय होगा। इस दूसरे सिस्टम के कारण 30 और 31 मार्च को हरियाणा के लगभग सभी हिस्सों में मध्यम से भारी बारिश की संभावना है। फिलहाल प्रदेश में दिन का पारा 29 डिग्री और रात का तापमान 18 डिग्री सेल्सियस के आसपास बना हुआ है, जो अगले तीन दिनों में और नीचे गिर सकता है।
सरसों और गेहूं की फसल पर खतरा
मौसम के इस बदलते रुख ने किसानों के माथे पर बल डाल दिए हैं। कृषि उपनिदेशक डॉ. राजेश सिहाग ने कुरुक्षेत्र, करनाल और पानीपत समेत पूरे प्रदेश के किसानों को विशेष सावधानी बरतने की सलाह दी है। उन्होंने कहा कि किसान अपनी सरसों की फसल को काटकर खुला न छोड़ें, क्योंकि तेज हवाओं के कारण फसल बिखर सकती है। कटी हुई सरसों को एक जगह ढेर बनाकर रखें और उसमें हल्का गैप छोड़ें ताकि हवा पास होती रहे और बारिश होने पर फसल गलने से बच सके।
गेहूं की कटाई पर लगी रोक, गीली जमीन बढ़ाएगी मुश्किल
कृषि विशेषज्ञों ने गेहूं उत्पादक किसानों को सख्त हिदायत दी है कि वे अभी कटाई के काम में जल्दबाजी बिल्कुल न दिखाएं। आने वाले 4-5 दिनों में बारिश और ओलावृष्टि की प्रबल संभावना है, ऐसे में कटी हुई फसल खेतों में खराब हो सकती है। इसके अलावा, बारिश के बाद जमीन गीली होने से कम्बाइन मशीनें चलाने में भी दिक्कत आएगी। मौसम विभाग की मानें तो सोनीपत, पानीपत और जींद के बेल्ट में ओलावृष्टि का सबसे ज्यादा खतरा है, जिससे पकी हुई गेहूं की बालियों को नुकसान पहुंच सकता है।
Haryana Weather Alert: हरियाणा में 28 मार्च तक बारिश और आंधी का दौर, किसानों के लिए चेतावनी जारी
मौसम अपडेट और भरोसेमंद पूर्वानुमान के लिए Haryana News Post पर नज़र बनाए रखें।













