Haryana weather forecast aaj ka mausam: हरियाणा में मानसून की विदाई के बाद मौसम ने नया रंग दिखाना शुरू कर दिया है। मंगलवार को छह जिलों में तेज बारिश हुई, जबकि कई जगहों पर हल्की बूंदाबांदी ने मौसम को सुहावना बना दिया। हालांकि, कुछ जिलों में तापमान अभी भी 36 डिग्री सेल्सियस के आसपास है, जिससे दिन में उमस परेशान कर रही है। भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने अगले कुछ दिनों में और बारिश की संभावना जताई है और येलो अलर्ट जारी किया है। रात में ठंडक बढ़ने की भी उम्मीद है।
Haryana Weather: तेज बारिश और ठंडक का असर
प्रदेश के रोहतक, सोनीपत, फरीदाबाद, गुरुग्राम, झज्जर के बहादुरगढ़ में तेज बारिश हुई, जबकि चरखी दादरी, भिवानी और हिसार के बरवाला में हल्की बूंदाबांदी दर्ज की गई। मौसम वैज्ञानिकों का कहना है कि अरब सागर और गुजरात के ऊपर बना गहरा निम्न दबाव का क्षेत्र और बंगाल की खाड़ी में बन रहा नया दबाव इसका कारण है। इसका असर हरियाणा के साथ-साथ राजस्थान, मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़, ओडिशा और दक्षिण भारत में भी दिखेगा। 1 अक्टूबर को झज्जर, रेवाड़ी, मेवात, चरखी दादरी, फरीदाबाद, गुरुग्राम, पलवल और महेंद्रगढ़ में बारिश हो सकती है। 5 अक्टूबर के बाद फिर बारिश की संभावना है।
तापमान में गिरावट, राहत की उम्मीद
IMD के अनुसार, 30 सितंबर से तापमान में कमी शुरू हो गई है। अभी 35-36 डिग्री सेल्सियस पर चल रहा पारा अगले दो दिनों में 32 डिग्री तक पहुंच सकता है। फरीदाबाद और दिल्ली-NCR में मौसम सुहावना हो गया है। मंगलवार को कई जगहों पर 2-3 घंटे की तेज बारिश से जलभराव तो हुआ, लेकिन गर्मी से राहत मिली। घने बादल और ठंडी हवाओं ने मौसम को खुशनुमा बना दिया। हिसार के कृषि मौसम विज्ञान विभाग के अध्यक्ष डॉ. मदन खीचड़ ने बताया कि 2 अक्टूबर तक 6-8 जिलों में हल्की बारिश होगी, जबकि 3 अक्टूबर को 12 जिलों में बारिश के आसार हैं।













