Haryana Weather Today 27 september: चंडीगढ़: हरियाणा में पिछले कुछ दिनों से पड़ रही तेज गर्मी से जल्द ही छुटकारा मिलने वाला है। मौसम विभाग के मुताबिक, 28 सितंबर से हवाओं का रुख बदलने वाला है। अभी तक पश्चिमी हवाएं चल रही थीं, लेकिन अब उत्तर-पश्चिमी हवाएं पहाड़ों से आएंगी।
इन ठंडी हवाओं के कारण तापमान में कमी आएगी और दिन की गर्मी से राहत मिलेगी। साथ ही, रात का तापमान भी अब 22 डिग्री तक पहुंच गया है। शुक्रवार को सोनीपत में सबसे कम रात का तापमान 22.6 डिग्री दर्ज किया गया, जिससे रात में ठंड का अहसास होने लगा है।
तापमान में आएगी गिरावट Haryana Weather Today
हिसार एग्रीकल्चर यूनिवर्सिटी के मौसम विभाग अध्यक्ष डॉ. मदनलाल खीचड़ ने बताया कि 28 सितंबर की रात से बंगाल की खाड़ी और राजस्थान के ऊपर एक एंटी-साइक्लोनिक सर्कुलेशन बनने की संभावना है। इसके चलते दिन का तापमान, जो अभी 32 से 35 डिग्री के बीच है, 30 से 32 डिग्री तक आ जाएगा। रात के तापमान में भी कमी देखने को मिलेगी, जिससे ठंड और बढ़ेगी।
बारिश ने तोड़ा रिकॉर्ड
डॉ. खीचड़ ने बताया कि इस साल हरियाणा में सामान्य से 38% ज्यादा बारिश हुई है। 1 जून से 24 सितंबर तक जहां 413.7 मिमी बारिश होनी चाहिए थी, वहां 568.4 मिमी बारिश दर्ज की गई।
यमुनानगर में सबसे ज्यादा 1116.9 मिमी बारिश हुई, जबकि सिरसा में सबसे कम 346.6 मिमी बारिश रिकॉर्ड की गई। ये आंकड़े दिखाते हैं कि इस बार मानसून ने हरियाणा में खूब बरसात की है।













