Haryana Weather Update 23 September: हरियाणा में इन दिनों तीखी धूप और गर्मी लोगों को परेशान कर रही है। मौसम विभाग के मुताबिक, दिन में तेज धूप की वजह से तापमान बढ़ रहा है, जबकि रात में तापमान में हल्की गिरावट से ठंड का अहसास हो रहा है।
मौसम विभाग ने बताया कि 28 सितंबर तक गर्मी और खुश्क हवाओं का दौर जारी रहेगा। लेकिन इसके बाद मौसम में बदलाव आएगा, और तापमान में कमी के साथ गर्मी से राहत मिलने की उम्मीद है।
मानसून की विदाई और मौसम का हाल Haryana Weather Update
मौसम विभाग का कहना है कि अगले तीन दिनों में हरियाणा से मानसून पूरी तरह विदा हो जाएगा। मंगलवार यानी 23 सितंबर को भी कई इलाकों में मानसून की विदाई हो सकती है।
हिसार एग्रीकल्चर यूनिवर्सिटी के कृषि मौसम विभाग के अध्यक्ष डॉ. मदनलाल खीचड़ ने बताया कि उत्तर-पश्चिमी हवाओं के चलने से हवा में नमी कम होगी। अभी बारिश की कोई संभावना नहीं है।
हवाओं और तापमान का अनुमान
उत्तर-पश्चिम दिशा से चलने वाली हवाएं 15-25 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से चल सकती हैं। शाम को हवाओं की रफ्तार कम हो जाएगी।
इस दौरान दिन का तापमान 33-37 डिग्री सेल्सियस और रात का तापमान 23-25 डिग्री सेल्सियस के बीच रह सकता है। पलवल में तापमान 37 डिग्री तक पहुंच गया है, जबकि चरखी दादरी में 36.5 और सिरसा में 36.2 डिग्री दर्ज किया गया।
28 सितंबर तक साफ रहेगा आसमान
मौसम विभाग के अनुसार, 22 से 28 सितंबर तक हरियाणा और दिल्ली-एनसीआर में आसमान ज्यादातर साफ रहेगा। गर्मी का असर बना रहेगा, लेकिन 28 सितंबर के बाद तापमान में गिरावट शुरू होगी, जिससे मौसम सुहावना हो सकता है।












