गुरुग्राम, 15 अप्रैल (हरियाणा न्यूज पोस्ट)। हरियाणा में भीषण गर्मी का दौर शुरू हो चुका है और अप्रैल के मध्य में ही सूर्य देव ने आग उगलना शुरू कर दिया है। फरीदाबाद जिला इस समय प्रदेश में सबसे ज्यादा तप रहा है, जहां अधिकतम तापमान 39.2 डिग्री सेल्सियस तक जा पहुँचा है। मौसम वैज्ञानिकों के मुताबिक, वर्तमान में सक्रिय कमजोर पश्चिमी विक्षोभ और 10 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से चल रही शुष्क पश्चिमी हवाओं ने मैदानी इलाकों में उमस और तपिश बढ़ा दी है। इस बदलाव का सीधा असर आम जनजीवन पर पड़ रहा है क्योंकि दोपहर के समय लू जैसे हालात बनने लगे हैं।
इन 7 शहरों में गर्मी का रेड अलर्ट, रातें भी होने लगीं गर्म
प्रदेश के सात प्रमुख शहरों हिसार, भिवानी, गुरुग्राम, फरीदाबाद, सिरसा, सोनीपत और रोहतक में पारा 38 डिग्री सेल्सियस की सीमा लांघ चुका है। अब केवल दिन ही नहीं, बल्कि रातों के तापमान में भी बढ़ोतरी दर्ज की जा रही है। नारनौल में न्यूनतम तापमान 21.5 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया है, जो इस बात का संकेत है कि अब रात की ठंडक भी गायब होने वाली है। शुष्क हवाओं के चलने से हवा में नमी कम हो गई है, जिससे त्वचा झुलसाने वाली गर्मी का अहसास हो रहा है।
किसानों और पशुपालकों के लिए मौसम विभाग की विशेष एडवाइजरी
वर्तमान स्थिति को देखते हुए कृषि विशेषज्ञों ने गेहूं की कटाई में जुटे किसानों को खास हिदायत दी है। किसानों को सलाह दी गई है कि वे कटाई का काम सुबह जल्दी या शाम को ढलती धूप में ही करें ताकि लू की चपेट में आने से बचा जा सके। साथ ही, आने वाले दिनों में बूंदाबांदी की संभावना को देखते हुए कटी हुई फसल को ऊंचे स्थानों पर तिरपाल से ढककर सुरक्षित रखने को कहा गया है। पशुपालकों को भी अपने पशुओं को दिन में छायादार स्थान पर रखने और उन्हें पर्याप्त पानी पिलाने का सुझाव दिया गया है।
17 अप्रैल से फिर बदलेगा मौसम, बढ़ेगी बादलवाई
चौधरी चरण सिंह हरियाणा कृषि विश्वविद्यालय के मौसम विज्ञान विभाग के अनुसार, 16 अप्रैल तक मौसम मुख्य रूप से शुष्क रहेगा। हालांकि, 17 अप्रैल से एक और नया पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय होने जा रहा है। इसके प्रभाव से राज्य के उत्तरी और पश्चिमी जिलों में आंशिक बादल छा सकते हैं और कहीं-कहीं हल्की बूंदाबांदी भी हो सकती है। लेकिन इस विक्षोभ से गर्मी कम होने की उम्मीद नहीं है; बल्कि इसके बाद तापमान में और अधिक उछाल आने की संभावना जताई गई है।
किसानों के लिए बड़ी खबर: मौसम शुष्क रहने से बढ़ा खतरा, कटी फसल को लेकर जारी हुई एडवायजरी
मौसम अपडेट और भरोसेमंद पूर्वानुमान के लिए Haryana News Post पर नज़र बनाए रखें।













