Kal Ka Mausam 22 September: नई दिल्ली: देश के कई हिस्सों में बारिश का दौर शुरू होने वाला है! मौसम विभाग (IMD) ने अगले 5 दिनों के लिए भारी बारिश का अलर्ट जारी किया है।
बंगाल की खाड़ी में 25 सितंबर के आसपास म्यांमार-बांग्लादेश तटों पर एक नया कम दबाव का क्षेत्र बन सकता है, जिससे पूर्वोत्तर भारत, ओडिशा, बिहार और अन्य राज्यों में मूसलाधार बारिश की संभावना है। दिल्ली में मानसून कमजोर पड़ गया है, जिससे गर्मी और उमस बढ़ रही है। आइए जानते हैं, आपके शहर में मौसम का हाल कैसा रहेगा।
ओडिशा, छत्तीसगढ़ और आंध्र में भारी बारिश Kal Ka Mausam
IMD के मुताबिक, 23 से 26 सितंबर तक ओडिशा में कई जगहों पर भारी बारिश होगी। छत्तीसगढ़, तटीय आंध्र प्रदेश और यनम में 24 से 26 सितंबर तक मूसलाधार बारिश की संभावना है।
अंडमान-निकोबार में 21, 23 और 24 सितंबर को, जबकि गंगा किनारे पश्चिम बंगाल में 22-23 सितंबर को भारी बारिश हो सकती है। इस दौरान 30-40 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं और तूफान भी देखने को मिल सकते हैं।
झारखंड और बिहार में येलो अलर्ट
झारखंड में 21 से 24 सितंबर तक बारिश की संभावना है, और इसके लिए चार दिन का येलो अलर्ट जारी किया गया है। कुछ जगहों पर तेज आंधी और बिजली गिरने का भी खतरा है।
पटना मौसम विज्ञान केंद्र के अनुसार, पूर्णिया, कटिहार समेत सीमांचल के जिलों में 23 सितंबर तक भारी बारिश होगी। 24 सितंबर को बिहार के दक्षिणी जिलों और 25 सितंबर को पूरे राज्य में जोरदार बारिश हो सकती है। इससे तापमान में कमी आएगी और उमस से राहत मिलेगी।
दिल्ली में गर्मी और उमस
दिल्ली में मानसून कमजोर पड़ने से गर्मी और उमस बढ़ गई है। IMD का कहना है कि अगले 5-6 दिनों तक दिल्ली में बारिश की संभावना बहुत कम है। हवा की गुणवत्ता ‘मध्यम’ स्तर पर रहेगी। दिल्लीवासियों को गर्मी और उमस से जूझना पड़ सकता है, इसलिए खूब पानी पिएं और सावधानी बरतें।
आंध्र, तेलंगाना और पूर्वोत्तर में बारिश
तेलंगाना में 21 और 22 सितंबर को, जबकि दक्षिणी आंध्र प्रदेश, यनम और रायलसीमा में 24 से 26 सितंबर तक भारी बारिश हो सकती है। इस दौरान 30-40 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चलेंगी। असम और मेघालय में 21 से 24 सितंबर तक, और नागालैंड, मणिपुर, मिजोरम, त्रिपुरा में 21 से 23 सितंबर तक हल्की से मध्यम बारिश के साथ कुछ जगहों पर भारी बारिश की संभावना है।
उत्तराखंड और राजस्थान में तूफान
उत्तराखंड और पूर्वी राजस्थान में अगले 4-5 दिनों तक गरज-तूफान और बिजली गिरने की आशंका है। कोंकण, गोवा और मध्य महाराष्ट्र में 25 और 26 सितंबर को भारी बारिश हो सकती है। इन इलाकों में रहने वाले लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी गई है।













