Kal Ka Mausam: Heavy rain alert for next 7 days: Clouds will rain in these states, IMD warns!: देश के कई हिस्सों में बारिश का सिलसिला थमने का नाम नहीं ले रहा। मौसम विभाग (IMD) ने अगले सात दिनों के लिए कई राज्यों में भारी बारिश का अलर्ट जारी किया है। उत्तर-पश्चिम मध्य प्रदेश और पूर्वी राजस्थान में बने कम दबाव के क्षेत्र के कारण मौसम में बड़ा बदलाव देखने को मिल सकता है।
यह सिस्टम जल्द ही गहरे दबाव में बदल सकता है, जिससे सौराष्ट्र, कच्छ, राजस्थान और कई अन्य राज्यों में जोरदार बारिश की संभावना है। आइए जानते हैं, किन राज्यों में होगी भारी बारिश और अगले सात दिनों का मौसम अपडेट!
7 सितंबर को भारी बारिश का अलर्ट Kal Ka Mausam
मौसम विभाग के मुताबिक, 7 सितंबर को सौराष्ट्र और कच्छ में असामान्य रूप से भारी बारिश (30 सेमी या उससे ज्यादा) हो सकती है। दक्षिण-पश्चिम राजस्थान में भी इसी दिन अत्यधिक बारिश की चेतावनी दी गई है।
इसके अलावा, 7 सितंबर को उत्तराखंड, 8-9 सितंबर को हिमाचल प्रदेश, 8 से 10 सितंबर तक हरियाणा, चंडीगढ़ और दिल्ली, 10 सितंबर को पंजाब और 10-11 सितंबर को पूर्वी उत्तर प्रदेश में भारी बारिश की संभावना है। इन इलाकों में रहने वाले लोग बारिश के लिए तैयार रहें और जरूरी सावधानी बरतें।
इन राज्यों में भी बरसेंगे बादल
मौसम विभाग ने बताया कि 8 सितंबर को पूर्वी राजस्थान, कोंकण, गोवा और मध्य महाराष्ट्र में भारी बारिश हो सकती है। अगले सात दिनों तक पश्चिमी मध्य प्रदेश में कई जगहों पर हल्की से मध्यम बारिश के साथ गरज और बिजली की संभावना है।
इसके अलावा, 8 से 10 सितंबर तक बिहार, 9 और 10 सितंबर को अंडमान और निकोबार द्वीप समूह, और 10-11 सितंबर को छत्तीसगढ़ में भी बारिश के आसार हैं। इन क्षेत्रों में मौसम का मिजाज बदल सकता है, इसलिए सतर्क रहें।
पूर्वोत्तर और दक्षिण में बारिश का अनुमान
मौसम विभाग के अनुसार, 7, 10 और 11 सितंबर को असम और मेघालय में भारी बारिश की संभावना है। 7 सितंबर को नागालैंड, मणिपुर, मिजोरम और त्रिपुरा में भी जोरदार बारिश हो सकती है। इसके अलावा, 7 से 9 सितंबर तक अरुणाचल प्रदेश में हल्की से मध्यम बारिश के साथ गरज और बिजली की आशंका है।
दक्षिण भारत में 8 से 10 सितंबर के बीच केरल में भारी बारिश हो सकती है। तटीय आंध्र प्रदेश, यनम और रायलसीमा में अगले पांच दिनों तक 30-40 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की संभावना है।













