Kal Ka Mausam 27 October: मौसम विभाग (IMD) ने चेतावनी जारी की है कि बंगाल की खाड़ी में बना अति निम्न दबाव का क्षेत्र अब और ताकतवर हो गया है। इससे चक्रवाती तूफान की आशंका बढ़ गई है, जिसका असर देश के कई राज्यों में देखने को मिलेगा।
ओडिशा, पश्चिम बंगाल, झारखंड, छत्तीसगढ़, राजस्थान और तमिलनाडु में भारी बारिश की संभावना है। आइए जानते हैं कि मौसम विभाग ने बारिश और चक्रवात को लेकर क्या जानकारी दी है।
ओडिशा में भारी से अति भारी बारिश का अलर्ट Kal Ka Mausam
बंगाल की खाड़ी में बने निम्न दबाव का क्षेत्र रविवार को और शक्तिशाली हो गया और अब यह पूर्वी तट की ओर बढ़ रहा है। मौसम विभाग के मुताबिक, यह चक्रवाती तूफान 28 अक्टूबर की शाम या रात को आंध्र प्रदेश के मछलीपट्टनम और कलिंगपट्टनम के बीच, काकीनाडा के पास से गुजर सकता है।
इस दौरान हवाएं 110 किमी/घंटा तक की रफ्तार से चल सकती हैं। ओडिशा में 28 और 29 अक्टूबर को भारी से अति भारी बारिश की चेतावनी है। कई दक्षिणी और तटीय जिलों में रेड, ऑरेंज और येलो अलर्ट जारी किए गए हैं। कुछ इलाकों में 20 सेंटीमीटर से ज्यादा बारिश हो सकती है।
पश्चिम बंगाल में हल्की से मध्यम बारिश
बंगाल की खाड़ी के दबाव का असर पश्चिम बंगाल पर भी होगा। दक्षिण 24 परगना, झाड़ग्राम, पूर्व और पश्चिम मिदनापुर में सोमवार से हल्की बारिश और बौछारें शुरू हो सकती हैं।
28 अक्टूबर को दक्षिण 24 परगना और पूर्व मिदनापुर में हल्की से मध्यम बारिश के साथ गरज-चमक की संभावना है। कुछ जगहों पर 7-11 सेंटीमीटर तक भारी बारिश हो सकती है। 29, 30 और 31 अक्टूबर को भी कई इलाकों में हल्की से मध्यम बारिश की संभावना है।
राजस्थान में बारिश के आसार
जयपुर मौसम केंद्र ने बताया कि दक्षिण-पूर्वी राजस्थान के उदयपुर और कोटा संभाग में 26 से 28 अक्टूबर तक बारिश हो सकती है। खासकर 27 और 28 अक्टूबर को कुछ जगहों पर मध्यम बारिश के साथ आकाशीय बिजली और बादल गरजने की संभावना है।
झारखंड में 29-30 अक्टूबर को भारी बारिश
मौसम विभाग ने झारखंड के लिए 29 और 30 अक्टूबर को भारी बारिश का येलो अलर्ट जारी किया है। सिमडेगा, सरायकेला-खरसावां, पूर्वी और पश्चिमी सिंहभूम, जामताड़ा, देवघर, दुमका, पाकुड़, गोड्डा और सिंहभूम जैसे जिलों में भारी बारिश की चेतावनी है। पूरे राज्य में इन दो दिनों में व्यापक बारिश हो सकती है।
छत्तीसगढ़ में भी बारिश का अनुमान
छत्तीसगढ़ में 27 अक्टूबर से बारिश की तीव्रता बढ़ने की संभावना है। दंतेवाड़ा, बीजापुर, सुकमा, बस्तर, नारायणपुर और कांकेर जैसे दक्षिणी जिलों में अगले चार दिनों तक हल्की से मध्यम बारिश के साथ मेघगर्जन हो सकता है। 28 अक्टूबर को कुछ जगहों पर भारी बारिश और 29 अक्टूबर को भारी से अति भारी बारिश की संभावना है।
तमिलनाडु और पुडुचेरी में भारी बारिश
तमिलनाडु और पुडुचेरी के तटों पर अगले 24 घंटों में भारी बारिश की संभावना है। बंगाल की खाड़ी में बना दबाव का क्षेत्र रविवार को गहरे दबाव में बदल गया है और यह 10 किमी/घंटा की रफ्तार से आगे बढ़ रहा है।













