UP Weather Today 11 October: उत्तर प्रदेश में मौसम ने करवट ले ली है और बारिश का दौर अब थम चुका है। 11 अक्टूबर 2025 को प्रदेश में मौसम शुष्क बना हुआ है। दिन में तेज धूप खिल रही है, लेकिन सुबह और रात के समय हल्की ठंड का एहसास होने लगा है।
मानसून भी धीरे-धीरे यूपी को अलविदा कह रहा है। 10 अक्टूबर तक दक्षिण-पश्चिम मानसून पूर्वांचल के बलिया, चंदौली, सोनभद्र, मिर्जापुर और गाजीपुर को छोड़कर ज्यादातर हिस्सों से विदा हो चुका है। मौसम विभाग का कहना है कि अगले 48 घंटों में बाकी जिलों से भी मानसून के लौटने की पूरी संभावना है। आइए जानते हैं, आज यूपी का मौसम कैसा रहेगा और आने वाले दिनों का क्या है हाल?
यूपी में आज का मौसम UP Weather Today
मौसम विभाग के ताजा अपडेट के मुताबिक, आज 11 अक्टूबर को यूपी के पूर्वी और पश्चिमी दोनों हिस्सों में मौसम पूरी तरह शुष्क रहेगा। नोएडा, लखनऊ, गाजियाबाद और आगरा समेत पूरे प्रदेश में बारिश की कोई संभावना नहीं है।
मौसम विभाग ने किसी भी तरह का कोई अलर्ट जारी नहीं किया है। अगले कुछ दिन, यानी 16 अक्टूबर तक मौसम साफ और शुष्क रहने की उम्मीद है। दिन में तेज धूप निकलेगी, लेकिन सुबह और रात में हल्की ठंड का एहसास होगा।
इस मानसून में कितनी हुई बारिश?
भारतीय मौसम विज्ञान विभाग (IMD) के अनुसार, इस साल यूपी में मानसून सीजन (1 जून से 30 सितंबर) के दौरान सामान्य से 6 फीसदी कम बारिश दर्ज की गई।
पूरे प्रदेश में 746.2 मिमी बारिश की उम्मीद थी, लेकिन केवल 701.6 मिमी बारिश हुई। पूर्वी यूपी में औसत से 17 फीसदी कम यानी 666 मिमी बारिश हुई, जबकि पश्चिमी यूपी में सामान्य से 12 फीसदी ज्यादा 752.5 मिमी बारिश रिकॉर्ड की गई। अब बारिश की संभावना लगभग खत्म हो चुकी है और अगले एक हफ्ते तक बारिश का कोई अनुमान नहीं है। तापमान में भी अगले 5 दिनों तक कोई बड़ा बदलाव नहीं होगा।













