Honda Africa Twin Recall: होंडा मोटरसाइकिल एंड स्कूटर इंडिया ने अपनी मशहूर एडवेंचर बाइक अफ्रीका ट्विन के लिए रिकॉल की घोषणा की है। यह रिकॉल 2019 से 2025 के बीच बनी सभी अफ्रीका ट्विन यूनिट्स के लिए है। हालांकि, अभी यह साफ नहीं हुआ है कि कितनी बाइक्स इस रिकॉल में शामिल हैं। कंपनी ने बाइक के बाएं हैंडलबार स्विच की वायरिंग में खराबी की वजह से यह कदम उठाया है। अगर आप इस बाइक के मालिक हैं, तो यह खबर आपके लिए बेहद जरूरी है।
हैंडलबार की वायरिंग में खराबी
होंडा ने पाया कि बाइक के बाएं हैंडलबार में मौजूद हार्नेस वायर में समस्या है। यह वायर स्टेयरिंग मोड़ने पर बार-बार मुड़ता है, जिसके चलते समय के साथ उस पर ऑक्सीडेशन जमा हो सकता है। इससे कनेक्शन ढीले पड़ जाते हैं, जिसके कारण हॉर्न काम करना बंद कर सकता है या हेडलाइट को लो बीम से हाई बीम पर शिफ्ट करने में दिक्कत हो सकती है। इस खराबी को ठीक करने के लिए कंपनी ने रिकॉल का फैसला लिया है।
मुफ्त में बदले जाएंगे खराब पार्ट्स
होंडा जनवरी 2026 के आखिरी सप्ताह से देशभर के बिगविंग शोरूम में प्रभावित बाइक्स के खराब हिस्सों को मुफ्त में बदलेगी, भले ही बाइक की वारंटी खत्म हो चुकी हो। कंपनी प्रभावित ग्राहकों से फोन, ईमेल या मैसेज के जरिए संपर्क करेगी और उन्हें सर्विस सेंटर पर बाइक चेक कराने के लिए बुलाएगी। यह पहली बार नहीं है जब अफ्रीका ट्विन को रिकॉल किया गया है। इससे पहले नवंबर 2024 में फरवरी से अक्टूबर 2022 के बीच बनी कुछ बाइक्स को ECU से जुड़ी समस्या के चलते रिकॉल किया गया था।
Honda Africa Twin: इंजन और कीमत
होंडा अफ्रीका ट्विन दुनिया की सबसे पसंदीदा एडवेंचर बाइक्स में से एक है। इसमें 1,048 सीसी का पैरेलल-ट्विन इंजन है, जो 100 हॉर्सपावर और 112 पीएस का टॉर्क देता है। यह इंजन 6-स्पीड मैनुअल गियरबॉक्स के साथ आता है, और इसमें डुअल-क्लच ट्रांसमिशन (DCT) का ऑप्शन भी है। इस बाइक की एक्स-शोरूम कीमत मैनुअल वेरिएंट के लिए 16.01 लाख रुपये और DCT वेरिएंट के लिए 17.55 लाख रुपये से शुरू होती है।
शानदार फीचर्स से लैस है बाइक
होंडा अफ्रीका ट्विन में कई शानदार फीचर्स हैं, जो इसे खास बनाते हैं। इसमें TFT टचस्क्रीन डिस्प्ले, क्रूज कंट्रोल, सिक्स-एक्सिस IMU, ABS, HSTC, ब्लूटूथ कनेक्टिविटी, चार राइडिंग मोड और डेटाइम रनिंग लाइट्स के साथ डुअल LED हेडलैंप शामिल हैं। ये फीचर्स इसे राइडिंग के लिए आरामदायक और सुरक्षित बनाते हैं।













