Mahindra SUV price cut, ऑटो न्यूज : महिंद्रा एंड महिंद्रा ने अपने ग्राहकों को बड़ी खुशखबरी दी है। कंपनी ने अपनी लोकप्रिय SUV और पैसेंजर वाहनों की कीमतों में भारी कटौती का ऐलान किया है। यह छूट तुरंत प्रभाव से लागू हो गई है, जिसका सीधा फायदा ग्राहकों को मिलेगा। केंद्र सरकार ने हाल ही में GST दरों में बदलाव किया है, जिसके चलते कई ऑटो कंपनियां अपने वाहनों की कीमतें कम कर रही हैं। महिंद्रा ने भी इस मौके का फायदा उठाते हुए अपनी गाड़ियों को सस्ता कर दिया है।
नई कीमतें और छूट
महिंद्रा ने बताया कि नई कीमतें 6 सितंबर 2025 से लागू हो चुकी हैं और सभी डीलरशिप्स व डिजिटल प्लेटफॉर्म पर अपडेट हैं। अलग-अलग मॉडलों पर छूट की राशि अलग है। बोलेरो/नियो पर 1.27 लाख, XUV3XO (पेट्रोल) पर 1.40 लाख और XUV3XO (डीजल) पर 1.56 लाख रुपये तक की कटौती हुई है। थार 2WD (डीजल) पर 1.35 लाख, थार 4WD (डीजल) और स्कॉर्पियो क्लासिक पर 1.01 लाख, स्कॉर्पियो N पर 1.45 लाख और थार रॉक्स पर 1.33 लाख रुपये की छूट मिल रही है। XUV700 पर सबसे ज्यादा 1.43 लाख रुपये की कटौती हुई है।
22 सितंबर का इंतजार नहीं
महिंद्रा ने ग्राहकों को और राहत देते हुए कहा कि 22 सितंबर तक इंतजार करने की जरूरत नहीं है। अगर कोई ग्राहक इस तारीख से पहले बिलिंग कराता है, तो उसे भी नई GST कटौती का पूरा फायदा मिलेगा। यानी, आधिकारिक तारीख से पहले भी आप सस्ते दाम पर गाड़ी खरीद सकते हैं।
फेस्टिव सीजन में बढ़ेगी बिक्री
कंपनी का कहना है कि यह कदम फेस्टिव सीजन से पहले ग्राहकों के लिए गाड़ी खरीदना आसान बनाएगा। इससे पहले टाटा मोटर्स और रेनॉल्ट इंडिया ने भी कीमतें घटाई थीं। महिंद्रा की इस छूट से पहली बार SUV खरीदने वाले और पुरानी गाड़ी अपग्रेड करने की सोच रहे लोग आसानी से अपनी पसंदीदा गाड़ी चुन सकते हैं।
ग्राहकों के लिए बड़ा फायदा
महिंद्रा का लक्ष्य GST कटौती का पूरा फायदा ग्राहकों तक पहुंचाना है। इससे न सिर्फ लोगों की जेब पर कम बोझ पड़ेगा, बल्कि गाड़ियों की बिक्री भी बढ़ेगी। GST काउंसिल के हालिया टैक्स बदलावों ने गाड़ियों को और सस्ता कर दिया है, जिससे ग्राहकों के लिए विकल्प बढ़ गए हैं। SUV सेगमेंट में मजबूत पकड़ रखने वाली महिंद्रा इस कदम से अपनी स्थिति को और मजबूत करेगी और नए ग्राहकों को आकर्षित करेगी।













