महिंद्रा XEV 9S और किआ कैरेंस क्लैविस EV के बीच इलेक्ट्रिक SUV मुकाबला तेज हो गया है। दोनों में बैटरी, फीचर्स और कीमत का फर्क बड़ा है। जानिए कौन सी इलेक्ट्रिक SUV है बेहतर विकल्प।
Mahindra XEV 9S Vs Kia Carens Clavis EV कौन बनेगी इलेक्ट्रिक SUV की असली बादशाह
भारत के इलेक्ट्रिक SUV सेगमेंट में अब मुकाबला और दिलचस्प हो गया है। महिंद्रा ने अपनी नई 7-सीटर इलेक्ट्रिक SUV XEV 9S को छह वेरिएंट में लॉन्च किया है जिसकी शुरुआती कीमत 19.95 लाख रुपये रखी गई है। इसका सीधा मुकाबला किआ कैरेंस क्लैविस EV से माना जा रहा है। दोनों कंपनियां पावर, रेंज और फीचर्स पर पूरा जोर दे रही हैं। आइए जानते हैं दोनों के बैटरी पैक, फीचर्स और कीमत में कितना अंतर है।
बैटरी और पावर आउटपुट में कितना अंतर
महिंद्रा XEV 9S तीन अलग बैटरी पैक देती है: 59 kWh, 70 kWh और 79 kWh। इनमें क्रमश 170 kW, 180 kW और 210 kW की पावर पैदा होती है। यानी पावर के मामले में यह काफी दमदार पैकेज देती है।
दूसरी ओर, किआ कैरेंस क्लैविस EV दो बैटरी विकल्प लाती है: 42 kWh और 51.4 kWh। इनसे जुड़ी मोटर 99 kW और 126 kW की पावर आउटपुट देती है और 255 Nm टॉर्क जनरेट करती है। रेंज की बात करें तो छोटा पैक 404 किमी और बड़ा पैक 490 किमी की ARAI रेंज देता है।
Mahindra XEV 9S की कीमतें
वेरिएंट बैटरी कीमत (एक्स शोरूम)
Pack One Above 59 kWh 19.95 लाख रुपये
Pack One Above 79 kWh 21.95 लाख रुपये
Pack Two Above 70 kWh 24.45 लाख रुपये
Pack Two Above 79 kWh 25.45 लाख रुपये
Pack Three 79 kWh 27.35 लाख रुपये
Pack Three Above 79 kWh 29.45 लाख रुपये
Mahindra XEV 9S फीचर्स
महिंद्रा ने इस SUV को आराम और तकनीक का शानदार कॉम्बिनेशन बनाकर पेश किया है। इसमें पावर्ड बॉस मोड, वेंटिलेटेड सेकंड रो सीटें, रिक्लाइन और स्लाइडिंग एडजस्टमेंट मिलते हैं। क्वाइट केबिन के लिए एकॉस्टिक लैमिनेटेड ग्लास दिया गया है।
इसके अलावा वायरलेस चार्जिंग, ट्रांसपेरेंट डोर इंसर्ट, तीन बड़ी स्क्रीन, 5G कनेक्टिविटी, एम्बिएंट लाइटिंग, स्मार्ट क्लाइमेट कैंप मोड और ऐप बेस्ड एंटरटेनमेंट भी मिलता है। ऑडियो के लिए 16 स्पीकर वाला हरमन कार्डन सिस्टम भी शामिल है।
Kia Carens Clavis EV फीचर्स
किआ ने अपने ICE मॉडल के डिजाइन को ही EV में आगे बढ़ाया है। इसमें 26.62 इंच का डुअल पैनोरमिक डिस्प्ले मिलता है जिसे 8 स्पीकर वाले बोस सिस्टम से जोड़ा गया है।
केबिन को और प्रीमियम बनाने के लिए 64 कलर एम्बिएंट लाइटिंग, फ्लोटिंग सेंटर कंसोल, फुटवेल लैंप और रिट्रेक्टेबल कप होल्डर्स का उपयोग किया गया है। आराम के लिए वेंटिलेटेड फ्रंट सीटें, पावर्ड ड्राइवर सीट, AQI डिस्प्ले वाला एयर प्यूरीफायर और डुअल पैन सनरूफ दिया गया है।
Kia Carens Clavis EV कीमतें
वेरिएंट कीमत (एक्स शोरूम)
HTK Plus 17.99 लाख रुपये
HTX E 19.99 लाख रुपये
HTX 20.49 लाख रुपये
HTX E ER 21.99 लाख रुपये
HTX ER 22.49 लाख रुपये
HTX Plus ER 24.49 लाख रुपये
कौन सा मॉडल बेहतर वैल्यू देता है
महिंद्रा XEV 9S के छह वेरिएंट उपलब्ध हैं जिनकी कीमत 19.95 लाख से 29.45 लाख रुपये तक जाती है। वहीं किआ कैरेंस क्लैविस EV भी छह वेरिएंट में आती है और इसकी कीमत 17.99 लाख से 24.49 लाख रुपये तक है।
किआ कीमत के मामले में ज्यादा किफायती है, लेकिन महिंद्रा पावर, तकनीक और प्रीमियम फीचर्स से बाज़ी मारने की कोशिश करती है। दोनों SUVs अपनी-अपनी कैटेगरी में बेहद मजबूत विकल्प हैं।












