अंबाला (Ambala News): कैंट के वारहीरोज स्टेडियम स्थित ऑल वेदर स्वीमिंग पूल में एक बार फिर बाहरी लोग भी तैराकी का लुत्फ उठा सकेंगे। छह माह से टेंडर के इंतजार में आम लोगों के लिए बंद पूल को चलाने की अनुमति मिल गई है।
अंबाला के उपायुक्त अजय सिंह तोमर की तरफ से यह अनुमति दी गई है। टेंडर न होने तक खेल विभाग अपने स्तर पर ही इस पूल को चलाएगा। 31 मार्च को पूल का टेंडर खत्म होने के बाद से केवल तैराकी के खिलाड़ी व तैराकी जानने वाले ही इसका इस्तेमाल कर पा रहे थे।
तैराकी सीखने का शौक रखने वाले आम लोगों को इसमें जाने की अनुमति नहीं थी। अब वह सर्दी के मौसम में भी तैराकी सीख सकेंगे।
Ambala News: खेल विभाग ने बनाने शुरू किए मासिक पास
उपायुक्त से अनुमति मिलने के बाद खेल विभाग ने आम लोगों के मासिक पास बनाने शुरू कर दिए है। 18 साल से कम उम्र वालों का एक माह का पास 25 सौ रुपये में बनेगा। जबकि 18 साल से ऊपर वालों का एक माह का पास 3500 रुपये में बनेगा।
इनमें बच्चे, महिलाएं व युवा आदि भी पास बनवा सकते हैं। हालांकि खेल विभाग की तरफ ने पूल के लिए अस्थाई स्टाफ रखने की प्रक्रिया शुरू कर दी है ताकि लोगों को कोई परेशानी न आए।
छह माह से अनुमति के इंतजार में घुम रही थी फाइलें
गर्मी के मौसम में स्वीमिंग पूल का लुत्फ उठाने के लिए जिलाभर से लोग कैंट के वारहीरोज स्टेडियम के चक्कर काट रहे थे। 31 मार्च से टेंडर खत्म होने के बाद उसे रिन्यू करने के लिए जिला खेल अधिकारी की तरफ से मुख्यालय स्तर पर पत्राचार किया जा रहा था।
यहां तक कि उपायुक्त अंबाला के समक्ष भी फाइल भेजकर अनुमति मांगी जा रही थी। चार माह पहले विभाग ने केवल खिलाड़ियों व तैराकी जानने वालों को ही पूल में आने की अनुमति दी थी। ऐसे में अब जाकर इस पूल को अस्थाई तौर पर खेल विभाग द्वारा ही आम लोगों के लिए चलाने की अनुमति दी गई है।
जिला खेल अधिकारी अंबाला राम निवास के अनुसार आम लोगों के लिए ऑल वेदर स्वीमिंग पूल खोलने की उपायुक्त अंबाला से अनुमति मिल गई है। इच्छुक लोगों के मासिक पास बनाने शुरू कर दी गए है। टेंडर होने तक खेल विभाग अपने स्तर पर यह पूल चलाएगा।













