Sonipat Roadways Katra buses suspended (सोनीपत) : मानसून सीजन में हुई बरसात से कईप्रदेशों में जान माल का नुकसान हुआ है। इसका असर परिवहन सेवाओं पर पड़ा है। जम्मू एवं कश्मीर व पंजाब में भारी बरसात के बाद रेलवे ने पहले ही ट्रेनों को शॉर्ट टर्म कर श्रद्धालुओं को निकालने के लिए स्पेशल ट्रेन चलाई हुई है। वहीं, माता वैष्णो देवी धाम कटरा में बाढ़ का रौद्र रूप सामने आने के बाद सोनीपत रोडवेज ने बसों का परिचालन जालंधर तक कर दिया गया है।
बसें जालंधर तक ही, नुकसान भी
रोडवेज अधिकारी श्रद्धालुओं से इस समय कटरा जाने से बचने की अपील की है। रोडवेज की बसों का परिचालन स्थिति सामान्य होने के बाद ही चलाया जाएगा। सोनीपत डिपो से चलने वाली पठानकोट, अमृतसर और कटरा रूट की बस सेवाएं बंद कर दी गई हैं। इससे न सिर्फ यात्रियों को परेशानी झेलनी पड़ रही है, बल्कि सोनीपत रोडवेज विभाग को भी लाखों का राजस्व नुकसान हो रहा है।
जालंधर के आगे रास्ता बंद होने से बसों को वहीं से लौटना पड़ रहा है। सोनीपत और दिल्ली से चलने वाली हरियाणा रोडवेज की सवारियों को टिकट के समय ही बता दिया जाता है कि बस कटरा नहीं जाएगी।
कटरा के लिए चलती थी तीन बसें
सोनीपत बस अड्डा से रोजाना श्री माता वैष्णो देवी धाम कटरा के लिए तीन बसों का परिचालन किया जाता था। यह बसें सोनीपत वाया दिल्ली पंजाब होकर कटरा पहुंचती थी। जबकि पांच बसें अलग से चंडीगढ़ सहित पंचकूला और पंजाब के अन्य शहरों के लिए चलती थी। बरसात के बाद कटरा की सभी बसों को तत्काल प्रभाव से बंद कर दिया गया है। हालांकि इससे प्रतिदिन रोडवेज को आर्थिक नुकसान भी हो रहा है। क्योंकि बसें बीच रास्ते से लौट रही हैं, जिसके कारण सवारियां कम होती है।
श्रद्धालुओं के लिए मुसीबत बनी बरसात
बरसात की वजह से रेलवे ने ट्रेन का परिचालन पहले की सस्पेंड और शॉर्ट कर दिया है। ऐसे में कटरा के श्रद्धालुओं के लिए हरियाणा रोडवेज ही एक बड़ा माध्यम थी, लेकिन अब यह भी सस्पेंड हो गई है। जिससे माता वैष्णो देवी के श्रद्धालुओं के लिए मुसीबत खड़ी हो गई है। क्योंकि बस से यात्रा के बाद जालंधर के आगे से दूसरा विकल्प तलाशना पड़ेगा, इसलिए श्रद्धालु भी अब स्थिति सामान्य होने तक यात्रा करने से बच रहे हैं। वहीं रोडवेज के ड्राइवर और कंडक्टर भी यात्रियों से अपील करते हैं कि फिलहाल उन्हें वैष्णो देवी नहीं जाना चाहिए।
सुरक्षा के लिहाज से परिचालन बंद है
जीएम रोडवेज सोनीपत संजय कुमार ने बताया कि यात्रियों की सुरक्षा सबसे पहली प्राथमिकता है। जिसके लिए फिलहाल कटरा जाने वाली बसों का परिचालन जालंधर तक किया जा रहा है। रोडवेज की बसें आगे भी चलती रहेंगी, जिससे नुकसान की भरपाई कर ली जाएगी। स्थिति नियंत्रण होते ही बसें दोबारा से चला दी जाएंगी।












