Delhi Red Fort Blast: दिल्ली : दिल्ली के लाल किले के पास कार में जोरदार धमाका होने से अफरा-तफरी मच गई। अब तक की जानकारी के मुताबिक, 8 लोगों की मौत हो चुकी है। कम से कम 24 लोग घायल बताए जा रहे हैं। घटना स्थल से आई तस्वीरें इस हादसे की भयावहता को साफ बयां कर रही हैं…
घटना के बाद चांदनी चौक मार्केट को तुरंत बंद कर दिया गया। मंगलवार को भी चांदनी चौक मार्केट बंद रहेगा। दिल्ली में लाल किले के पास कार में हुए धमाके में कम से कम आठ लोगों की मौत के तुरंत बाद दिल्ली पुलिस आयुक्त सतीश गोलचा ने सोमवार को कहा कि धमाका लाल किले के यातायात सिग्नल के पास धीमी गति से चल रहे एक वाहन में हुआ।
गोलचा ने इस घटना में कई लोगों की मौत और घायल होने की पुष्टि की। उन्होंने कहा कि केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह को घटना की लगातार जानकारी दी जा रही है। गोलचा ने बताया, ‘धमाका शाम करीब 6:52 बजे लाल किले के पास धीमी गति से चल रहे एक वाहन में हुआ। वाहन में यात्री सवार थे।’ उन्होंने ये भी कहा कि इस हादसे में आसपास के दूसरे वाहन भी बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गए। इससे पहले, अधिकारियों ने बताया था कि धमाका एक खड़ी कार के अंदर हुआ था।
Delhi Red Fort Blast
पुलिस आयुक्त ने कहा कि दिल्ली पुलिस, फोरेंसिक टीम, राष्ट्रीय अन्वेषण अभिकरण (NIA), राष्ट्रीय सुरक्षा गार्ड (NSG) समेत सभी एजेंसियां मौके पर पहुंचकर स्थिति का जायजा ले रही हैं। उन्होंने कहा, ‘कुछ व्यक्तियों की मौत हो गई है, कुछ घायल हुए हैं। हम स्थिति पर लगातार नजर रखे हुए हैं।
गृह मंत्री को नियमित अपडेट दिया जा रहा है।’ अधिकारियों ने बताया कि सोमवार शाम लाल किला मेट्रो स्टेशन के पास एक तेज धमाका हुआ, जिसमें कई वाहन जलकर राख हो गए और कम से कम आठ लोगों की जान चली गई। ये धमाका उस वक्त हुआ जब इलाके में भारी भीड़ थी। घायलों को नजदीकी लोकनायक अस्पताल ले जाया गया।
चांदनी चौक मार्केट को बंद कर दिया गया है। मंगलवार को भी चांदनी चौक मार्केट बंद रहेगा। दिल्ली में धमाके के बाद मुंबई और यूपी में अलर्ट जारी कर दिया गया है। दिल्ली में लाल किला के पास बम विस्फोट के बाद पीएम मोदी ने कहा- ‘आज शाम दिल्ली में हुए विस्फोट में अपनों को खोने वालों के प्रति संवेदना।
घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना करता हूं। प्रभावित लोगों की सहायता अधिकारी कर रहे हैं। गृह मंत्री अमित शाह जी और अन्य अधिकारियों के साथ स्थिति की समीक्षा की।’
विस्फोट के दृश्यों में जलती हुई कारों से आग की लपटें और धुआं उठता दिखाई दिया
प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि विस्फोट इतना जोरदार था कि कई मीटर दूर खड़े वाहनों की खिड़कियों के शीशे भी टूट गए। उन्होंने कहा कि धमाके की आवाज आईटीओ तक सुनाई दी। विस्फोट के दृश्यों में जलती हुई कारों से आग की लपटें और धुआं उठता दिखाई दिया।
एक घायल प्रत्यक्षदर्शी ने बताया कि विस्फोट एक कार, संभवतः स्विफ्ट कार, में हुआ। उसने कहा, ‘मेरे ऑटो के सामने एक स्विफ्ट कार थी। उस कार में कुछ ऐसा था, जिसमें अचानक विस्फोट हो गया।’ एक अन्य प्रत्यक्षदर्शी ने कहा, ‘मैं गुरुद्वारे में था, तभी मैंने एक तेज आवाज सुनी। आवाज इतनी तेज थी कि हम समझ ही नहीं पाए कि ये किस चीज की है।’ उसने बताया, ‘विस्फोट के कारण आसपास खड़े कई वाहनों के परखच्चे उड़ गए।’
विस्फोट के कारण पूरी इमारत हिल गई : संजय भार्गव
चांदनी चौक व्यापारी संघ के अध्यक्ष संजय भार्गव, जिनकी दुकान घटनास्थल से लगभग 800 मीटर दूर है, ने बताया कि विस्फोट के कारण पूरी इमारत हिल गई, बाजार में अफरा-तफरी मच गई और लोग भागने लगे। विस्फोट के दृश्यों में जलती हुई कारों से आग की लपटें और धुआं उठता दिखाई दिया।
ये विस्फोट फरीदाबाद के पास एक कश्मीरी डॉक्टर के किराये के मकान से लगभग 360 किलोग्राम संदिग्ध अमोनियम नाइट्रेट और हथियारों एवं गोलाबारूद का जखीरा बरामद होने के कुछ घंटों बाद हुआ। हरियाणा पुलिस ने जम्मू-कश्मीर पुलिस के साथ मिलकर फरीदाबाद के धौज इलाके से डॉ. मुजम्मिल गनई को गिरफ्तार किया और उसके किराये के मकान से विस्फोटक सामग्री, हथियार और टाइमर बरामद किए।
अधिकारियों ने बताया कि जैश-ए-मोहम्मद और अंसार गजवत-उल-हिंद से जुड़े एक ‘सफेदपोश’ आतंकवादी मॉड्यूल का पर्दाफाश करते हुए तीन डॉक्टर सहित आठ लोगों को गिरफ्तार किया गया और 2,900 किलोग्राम विस्फोटक जब्त किया गया। उन्होंने बताया कि इस मॉड्यूल के तार कश्मीर, हरियाणा और उत्तर प्रदेश तक फैले हुए हैं।
अधिकारियों के अनुसार, 15 दिनों के अभियान के बाद गिरफ्तार किए गए लोगों में फरीदाबाद में रहने वाला डॉ. गनई और लखनऊ की महिला चिकित्सक डॉ. शाहीन शामिल हैं, जिन्हें हिरासत में पूछताछ के लिए हवाई मार्ग से श्रीनगर ले जाया गया। उन्होंने बताया कि डॉ. शाहीन की कार से एक एके-47 राइफल बरामद हुई थी।
केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने कहा, ‘आज शाम करीब 7 बजे दिल्ली में लाल किले के पास सुभाष मार्ग ट्रैफिक सिग्नल पर एक हुंडई i20 कार में विस्फोट हुआ। इस विस्फोट में कुछ पैदल यात्री घायल हुए और कुछ वाहन क्षतिग्रस्त हुए। प्रारंभिक रिपोर्टों से संकेत मिलता है कि कुछ लोगों की जान चली गई है।
जाँच शुरू
विस्फोट की सूचना मिलने के 10 मिनट के भीतर ही दिल्ली क्राइम ब्रांच और दिल्ली स्पेशल ब्रांच की टीमें मौके पर पहुंच गईं। एनएसजी और एनआईए की टीमों ने एफएसएल के साथ मिलकर अब गहन जाँच शुरू कर दी है। आसपास के सभी सीसीटीवी कैमरों की जांच के आदेश दे दिए गए हैं।
मैंने दिल्ली के पुलिस आयुक्त और स्पेशल ब्रांच प्रभारी से भी बात की है। दिल्ली के पुलिस आयुक्त और स्पेशल ब्रांच प्रभारी मौके पर मौजूद हैं। हम सभी संभावनाओं पर विचार कर रहे हैं और सभी संभावनाओं को ध्यान में रखते हुए गहन जाँच करेंगे। सभी विकल्पों की तुरंत जाँच की जाएगी और हम परिणाम जनता के सामने पेश करेंगे।’












